
स्टैंड-अप कॉमेडी की सीमाओं को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। कॉमेडियन मधुर विरली का एक पुराना वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह रेप जैसे गंभीर और संवेदनशील विषय पर मजाक करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। इसी बीच रियलिटी शो स्टार और सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर उर्फी जावेद ने भी इस मामले पर खुलकर नाराजगी जताई है। उन्होंने ना केवल मधुर विरली को फटकार लगाई, बल्कि स्टैंड-अप कॉमेडी के उस माहौल पर भी सवाल खड़े किए, जहां ऐसे मजाकों को सामान्य मान लिया जाता है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में मधुर विरली एक बेहद संवेदनशील अपराध को लेकर मजाक करते नजर आए। वीडियो में मौजूद कुछ कमेंट्स को लेकर यूजर्स ने कड़ी आपत्ति जताई और इसे असंवेदनशील करार दिया। वीडियो के वायरल होते ही कई लोगों ने कॉमेडियन की आलोचना शुरू कर दी।
यह भी पढ़ें : कौन हैं सेजल पवार, जो डेड बॉडी के प्राइवेट पार्ट का मजाक उड़ाकर फंसी, लिया गया यह एक्शन!
विवाद बढ़ने के बाद उर्फी जावेद ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए रिएक्शन दिया। उन्होंने लिखा, ""क्या अब हम रेप जैसी घटनाओं पर भी मजाक कर रहे हैं? ठीक है। पुरुष कॉमेडियंस से मेरी एक गुजारिश है कि कृपया अपनी टीम में कुछ महिलाओं को भी शामिल करें, ताकि आप लोगों में थोड़ी संवेदनशीलता आ सके।" उर्फी का यह रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और कई लोगों ने उनके बयान का समर्थन किया है।
उर्फी जावेद ने सिर्फ एक कॉमेडियन को निशाना नहीं बनाया, बल्कि उस माहौल की भी आलोचना की जिसमें संवेदनशील विषयों पर किए गए मजाक को मनोरंजन के तौर पर स्वीकार किया जाता है। उनका मानना है कि सार्वजनिक मंचों पर पेश किए जाने वाले कंटेंट में सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता भी जरूरी है।
यह भी पढ़ें : 'बिग बॉस 19' के प्रणीत मोरे ने '370 रुपए की बिरयानी' विवाद में मांगी माफ़ी, बोले- मैं बहक गया था
विवाद के बीच मधुर विरली का इंस्टाग्राम अकाउंट अब दिखाई नहीं दे रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक अकाउंट हटाए जाने या डिलीट होने के बाद सोशल मीडिया पर चर्चाएं और तेज हो गई हैं। हालांकि इस मामले पर मधुर विरली की ओर से कोई बयान सामने नहीं आया है। लेकिन इसे लेकर सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंटा नजर आ रहा है। एक वर्ग का कहना है कि कॉमेडी के नाम पर किसी भी संवेदनशील विषय को मजाक का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए। वहीं कुछ लोग अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और कॉमेडी की सीमाओं को लेकर अलग राय रखते हैं।
मधुर विरली एक भारतीय कॉमेडियन, लेखक और यूट्यूबर स्टैंड-अप कॉमेडियन हैं, जिन्होंने IIT दिल्ली में रहते हुए कॉलेज के ओपन-माइक इवेंट्स से अपनी परफॉर्मेंस की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे, उन्होंने एक इंजीनियर के तौर पर काम करते हुए कॉमेडी की दुनिया में कदम रखा।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।