
2000 के दशक की शुरुआत में बॉलीवुड और म्यूजिक वीडियोज की दुनिया में एक ऐसा चेहरा था, जिसे दर्शकों ने कम समय में ही पहचान लिया था। बात हो रही है अभिनेत्री और मॉडल मालिनी शर्मा की, जो फिल्म ‘राज’ और इसके चर्चित गाने ‘आपके प्यार में’ से घर-घर में पहचानी जाने लगी थीं। लेकिन जिस वक्त उनका करियर रफ्तार पकड़ रहा था, उसी वक्त उन्होंने धीरे-धीरे ग्लैमर की दुनिया से दूरी बना ली। आज 23 साल बाद मालिनी शर्मा की जिंदगी पूरी तरह बदल चुकी है। मुंबई की फिल्मी पार्टियों और कैमरों से दूर वह सह्याद्रि की पहाड़ियों में फार्मस्टे चला रही हैं, अपने खेत में सब्जियां उगाती हैं, उन्हीं से मेहमानों के लिए खाना तैयार करती हैं और प्रकृति के बीच एक बेहद शांत जिंदगी जी रही हैं।
फिल्मों में आने से पहले मालिनी शर्मा मॉडलिंग और म्यूजिक वीडियोज की दुनिया में काफी लोकप्रिय थीं। बॉम्बे वाइकिंग्स के सुपरहिट गाने ‘क्या सूरत है’ में उनका अंदाज दर्शकों को खूब पसंद आया था। इसके बाद वह ‘सावन में लग गई आग’ जैसे म्यूजिक वीडियो में भी नजर आईं। इसके साथ ही मालिनी ने टेलीविजन का रुख किया और शुरुआती 2000 के दशक के चर्चित शो ‘कैट्स’ का हिस्सा बनीं। इस शो में उनके साथ नफीसा जोसेफ और कुलजीत रंधावा भी नजर आए थे।
और पढ़ें - गोविंदा के बेटे की जॉनी लीवर की बेटी से हो रही शादी? क्या है इस खबर की सच्चाई
साल 2002 में मालिनी शर्मा को विक्रम भट्ट की हॉरर फिल्म ‘राज’ में काम करने का मौका मिला। फिल्म में बिपाशा बसु और डीनो मोरिया लीड रोल में थे। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बड़ी कामयाबी बनी और आज भी 2000 के दशक की यादगार हॉरर फिल्मों में गिनी जाती है। हालांकि मालिनी का रोल लीड नहीं था, लेकिन फिल्म के गाने ‘आपके प्यार में’ में उनकी मौजूदगी ने उन्हें खास पहचान दिलाई। उनका ग्लैमरस अंदाज और स्क्रीन प्रेजेंस उस दौर के दर्शकों को काफी पसंद आया। यही वजह है कि जब मालिनी अचानक फिल्मों से दूर हो गईं तो उनके फैंस के मन में एक सवाल रह गया—आखिर ‘राज’ के बाद मालिनी शर्मा कहां चली गईं?
मालिनी शर्मा की पर्सनल लाइफ भी इस दौरान चर्चा में रही। उन्होंने अभिनेता प्रियंशु चटर्जी से शादी की थी। प्रियंशु ने 2001 में फिल्म ‘तुम बिन’ से बॉलीवुड डेब्यू किया था। हालांकि दोनों की शादी ज्यादा लंबे समय तक नहीं चल सकी और कुछ साल बाद दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद मालिनी की मौजूदगी धीरे-धीरे बॉलीवुड की लाइमलाइट में कम होती चली गई। दिलचस्प बात यह है कि मालिनी ने कभी कोई बड़ा ऐलान करके यह नहीं कहा कि वह बॉलीवुड छोड़ रही हैं। वह बस धीरे-धीरे कैमरों और फिल्मी दुनिया से दूर होती चली गईं।
मालिनी के करियर को लेकर एक और दिलचस्प बात सामने आती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2002 में वह फिल्म ‘एनकाउंटर’ का हिस्सा बनने वाली थीं, लेकिन शूटिंग शुरू होने से महज 48 घंटे पहले उन्होंने फिल्म से हटने का फैसला कर लिया। बताया गया कि मॉडलिंग और एक्टिंग में काम करने के बाद वह कैमरे के सामने रहने के बजाय कैमरे के पीछे काम करने के बारे में भी सोचने लगी थीं। फिल्म में बाद में नसीरुद्दीन शाह, दिलीप प्रभावलकर और तारा देशपांडे जैसे कलाकार नजर आए।
और पढ़ें - गोविंदा और सुनीता आहूजा ने Instagram पर किया एक-दूसरे को अनफॉलो? अनबन के बीच फिर बढ़ी हलचल
मालिनी ने ग्लैमर से दूरी बनाई, लेकिन काम करना नहीं छोड़ा। उन्होंने करीब एक दशक पहले ‘द स्लो लोकल’ नाम से अपना प्रोजेक्ट शुरू किया। शुरुआत में इसका फोकस लोकल फूड, हैंडीक्राफ्ट, वर्कशॉप्स और कम्युनिटी इवेंट्स पर था। मुंबई के वर्सोवा में उन्होंने पॉप-अप इवेंट्स और बच्चों के लिए स्टोरीटेलिंग वर्कशॉप्स तक आयोजित कीं। इस प्रोजेक्ट के तहत घर की बनी ब्रेड, ग्रेनोला, जैम, पीनट बटर, साउथ इंडियन कॉफी और अलग-अलग तरह के तेल जैसे प्रोडक्ट्स से भी वह जुड़ी रहीं। प्लांट एग्जिबिशन, हैंडमेड सेरामिक्स, क्रोशिया, डिकूपाज और होममेड केक जैसे काम भी इसका हिस्सा रहे। यानी जिस जिंदगी को लोग बॉलीवुड से जोड़कर देखते थे, मालिनी ने उससे बिल्कुल अलग रास्ता चुन लिया।
‘द स्लो लोकल’ के साथ मालिनी की जिंदगी धीरे-धीरे शहर से निकलकर प्रकृति के और करीब पहुंच गई। अब वह सह्याद्रि की पहाड़ियों में एक फार्मस्टे चलाती हैं, जो पुणे से करीब दो घंटे की दूरी पर बताया जाता है। यहां मालिनी खुद सब्जियां उगाती हैं और खेत की पैदावार से मेहमानों के लिए खाना तैयार करती हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर यह भी बताया कि फार्म पर पर्याप्त मात्रा में सब्जियां उगाना उनके लिए एक चुनौती है, क्योंकि मेहमानों के लिए लगातार भोजन तैयार करना होता है। उनकी प्रॉपर्टी की सबसे खास बात इसका प्राकृतिक माहौल है। मालिनी ने बताया है कि जमीन खरीदते वक्त वहां पहले से ही कई पेड़ मौजूद थे। इनमें अर्जुन, हरड़, कोकम, पलाश और शिकाकाई जैसे पेड़-पौधे शामिल हैं। फार्म का एक हिस्सा पहाड़ी और जंगल से घिरा है, जिसे मालिनी ने जानबूझकर प्राकृतिक स्थिति में ही रहने दिया है। उनका कहना है कि वह वहां के नेचुरल हैबिटैट को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहतीं।
मालिनी के सोशल मीडिया पोस्ट्स से अंदाजा लगाया गया है कि वह करीब 2020 के आसपास फार्म पर रहने चली गई थीं। 2025 में कास पठार की यात्रा से जुड़े एक पोस्ट में उन्होंने बताया था कि फार्म पर शिफ्ट होने के करीब चार साल बाद उन्हें कास के बारे में पता चला था। इस पोस्ट की एक खास बात यह भी थी कि बैकग्राउंड में ‘राज’ का वही यादगार गाना ‘आपके प्यार में’ सुनाई दे रहा था, जिसने कभी मालिनी को दर्शकों के बीच पहचान दिलाई थी। यानी उन्होंने अपने पुराने दौर को मिटाया नहीं, बल्कि उसे अपनी नई जिंदगी का हिस्सा बना लिया है।
लंबे समय तक कैमरे से दूर रहने के बाद मालिनी ने हाल ही में ‘द स्लो लोकल डायरीज’ नाम से वीडियो डायरी शुरू की है। यही उनके लिए 23 साल बाद कैमरे के सामने लौटने का मौका बना।अपने पहले वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने बताया कि इस बार वह बिना मेकअप, बिना डायलॉग और बिल्कुल अपने असली अंदाज में कैमरे के सामने आई हैं। वीडियो में उन्होंने उन लोगों को भी जवाब दिया, जो सालों से जानना चाहते थे कि आखिर वह कहां गायब हो गई थीं। मालिनी ने साफ अंदाज में कहा कि वह जिंदा हैं और यहीं हैं, और अब वह अपनी जिंदगी की कहानी ‘द स्लो लोकल डायरीज’ के जरिए दिखा रही हैं। इस वीडियो में बैकग्राउंड में ‘आपके प्यार में’ बजना उनके पुराने और नए जीवन के बीच एक खूबसूरत कनेक्शन बना देता है।
मालिनी ने खुद भी इस बात को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया कि उन्होंने बॉलीवुड छोड़ दिया है। सोशल मीडिया पर एक फैन ने जब उनसे पूछा कि क्या उन्हें बॉलीवुड छोड़ने का अफसोस है, तो मालिनी ने जवाब दिया कि उन्होंने पूरी तरह छोड़ा नहीं, बल्कि सिर्फ अपनी दिशा बदली है और जरूरत पड़ने पर वापस भी आ सकती हैं। यानी उनकी कहानी को सिर्फ ‘बॉलीवुड छोड़ने वाली अभिनेत्री’ कहना शायद पूरी तस्वीर नहीं है। उन्होंने अपने करियर और जिंदगी को अपनी पसंद के मुताबिक एक अलग दिशा दी है।
सह्याद्रि के बीच शांत जिंदगी जीने का मतलब यह नहीं है कि मालिनी ने कामकाज पूरी तरह छोड़ दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह एक कॉफी कंपनी में वर्क-फ्रॉम-होम रिलेशनशिप मैनेजर के तौर पर भी काम कर रही हैं। इसके अलावा वह कस्टमाइज्ड ऑयल्स भी बेचती हैं। उनका फार्मस्टे सिर्फ घूमने-फिरने की जगह नहीं है। यहां उनका 3BHK विला मंथली रेंटल के लिए भी उपलब्ध है। मेहमानों के लिए रहने और खाने के साथ नेचर वॉक, बातचीत और मेंटल हेल्थ प्रोफेशनल्स के सहयोग से साइकोलॉजिकल सेशंस जैसे विकल्प भी रखे गए हैं। फार्म पर एक लाइब्रेरी भी है।
मालिनी शर्मा की कहानी इसलिए खास है क्योंकि उन्होंने सिर्फ बॉलीवुड से दूरी नहीं बनाई, बल्कि अपनी जिंदगी का पूरा तरीका बदल लिया। कभी कैमरे के सामने ग्लैमरस अंदाज में नजर आने वाली मालिनी आज खेत में सब्जियां उगाती हैं, अपने मेहमानों के लिए खाना बनाती हैं, पेड़-पौधों के बीच रहती हैं और लोगों को कुछ समय के लिए शहर की तेज रफ्तार जिंदगी से दूर रहने का मौका देती हैं। 23 साल बाद कैमरे के सामने उनकी वापसी भी किसी फिल्मी कमबैक जैसी नहीं है। न कोई बड़ा प्रोजेक्ट, न ग्लैमरस प्रमोशन—बस प्रकृति, खेती, खाना और उनकी असली जिंदगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।