Govinda son Yashvardhan Ahuja Wedding News: कॉमेडियन जॉनी लीवर की बेटी और एक्ट्रेस जेमी लीवर को लेकर दावा किया जा रहा था कि वह गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा से शादी करने वाली हैं। जानें क्या है इस खबर की सच्चाई।
सोशल मीडिया पर इन दिनों AI से बनाए गए फेक वीडियो किस तरह किसी की निजी जिंदगी को लेकर अफवाहें फैला सकते हैं, इसका ताजा उदाहरण जेमी लीवर और यशवर्धन आहूजा से जुड़ा मामला है। कॉमेडियन और एक्ट्रेस जेमी लीवर को लेकर दावा किया जा रहा था कि वह गोविंदा के बेटे यशवर्धन आहूजा से शादी करने वाली हैं। देखते ही देखते शादी के फेक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए और लोगों ने इस खबर को सच मानना शुरू कर दिया। अब जेमी लीवर ने खुद सामने आकर इन खबरों की सच्चाई बता दी है। उन्होंने साफ कहा कि यशवर्धन आहूजा के साथ उनकी शादी की खबर पूरी तरह फेक है।
AI वीडियो देखकर लोग देने लगे शादी की बधाई
जेमी लीवर ने बताया कि शुरुआत में जब उन्होंने इन AI वीडियो को देखा तो उन्हें यह काफी मजेदार लगा। वह और उनके कजिन्स भी इन वीडियो को आपस में शेयर करके हंस रहे थे। लेकिन मामला तब गंभीर हो गया, जब लोगों ने उन्हें फोन करके शादी की बधाइयां देना शुरू कर दिया। जेमी के मुताबिक, वायरल हो रहे वीडियो में उन्हें दुल्हन के कपड़ों और शादी के लिबास में दिखाया गया था। वीडियो इतने रियलिस्टिक तरीके से बनाए गए कि कई लोग इन्हें असली समझ बैठे।
जेमी ने कहा- 'ये सारी जानकारी फेक है'
जेमी ने अपने सोशल मीडिया वीडियो के जरिए साफ कर दिया कि उनके और यशवर्धन के बीच शादी जैसी कोई बात नहीं है। उन्होंने वायरल हो रहे वीडियो और उनसे जुड़ी जानकारी को पूरी तरह फेक बताया। उन्होंने यह भी कहा कि इन अफवाहों की वजह से उन्हें लगातार लोगों के फोन आ रहे हैं। इतना ही नहीं, जेमी ने मजाकिया अंदाज में बताया कि जो असली शादी के प्रपोजल उन्हें मिल रहे थे, वे भी इन अफवाहों की वजह से रुक गए हैं।
यशवर्धन को अपना छोटा भाई मानती हैं जेमी
जेमी लीवर ने इस अफवाह पर सबसे बड़ा क्लैरिफिकेशन देते हुए बताया कि वह यशवर्धन आहूजा को अपने छोटे भाई जैसा मानती हैं। ऐसे में दोनों की शादी की खबरों में कोई सच्चाई नहीं है। दिलचस्प बात यह है कि जेमी और यशवर्धन जल्द ही फिल्म 'हीरो की हॉरराइन' में साथ नजर आने वाले हैं। इसी फिल्म से यशवर्धन बॉलीवुड में अपना एक्टिंग डेब्यू करने जा रहे हैं। फिल्म में नितांशी गोयल, सुनीता आहूजा, चंकी पांडे और बृजेंद्र काला जैसे कलाकार भी नजर आएंगे।
जेमी ने AI क्रिएटर्स से की वीडियो हटाने की अपील
जेमी ने फेक वीडियो बनाने वालों की क्रिएटिविटी को स्वीकार करते हुए उनसे अब इन वीडियो को हटाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि वीडियो में उन्हें ब्राइडल आउटफिट में दिखाना काफी क्रिएटिव था, लेकिन अब जब इन वीडियो को पर्याप्त व्यूज मिल चुके हैं, तो इन्हें हटा देना चाहिए। इस पूरे मामले ने एक बार फिर AI-generated fake content को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सेलिब्रिटीज की तस्वीरों और वीडियो को AI की मदद से बदलकर ऐसी खबरें बनाई जा रही हैं, जिन्हें देखकर आम सोशल मीडिया यूजर आसानी से भ्रमित हो सकता है।
