
कथित NEET पेपर लीक को लेकर देशभर में जारी छात्र आंदोलन को अब बॉलीवुड से लगातार समर्थन मिल रहा है। सलमान खान के बाद करीना कपूर खान, आलिया भट्ट और वरुण धवन ने भी छात्रों के पक्ष में अपनी आवाज बुलंद की है। तीनों सितारों ने सोशल मीडिया पर अलग-अलग पोस्ट शेयर कर निष्पक्ष और भरोसेमंद शिक्षा व्यवस्था की जरूरत बताई। उन्होंने कहा कि छात्रों की मेहनत, ईमानदारी और सपनों की रक्षा करना पूरे समाज की जिम्मेदारी है। इन बयानों के बाद सोशल मीडिया पर नई बहस शुरू हो गई है और कई यूजर्स इन सितारों के समर्थन की सराहना कर रहे हैं।
करीना कपूर खान ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "मैं कई दिनों से इस पर चुप थी, लेकिन अब और चुप नहीं रह सकती। छात्रों की अनसुनी आवाजों को नजरअंदाज करना संभव नहीं है। हम सभी जानते हैं कि एक बच्चे के लिए शिक्षा का क्या मतलब होता है। यह उसे आत्मविश्वास देती है। लेकिन शिक्षा तभी काम करती है, जब बच्चों को उस पर भरोसा हो। और यह भरोसा उसी पल टूट जाता है, जब उन्हें लगता है कि ईमानदारी, मेहनत और योग्यता की कोई कीमत नहीं रह गई है।" करीना ने कहा कि हर छात्र ऐसी शिक्षा व्यवस्था का हकदार है, जिस पर वह भरोसा कर सके और जहां उसकी मेहनत का सही सम्मान हो। उन्होंने छात्रों की मांग को "न्यूनतम और जायज मांग" बताया।
यह भी पढ़ें : 'धुरंधर' की एक्ट्रेस पहले अरेस्ट हुई, फिर मिली करियर ख़त्म करने की धमकी, अब दिया करारा जवाब
करीना ने अपनी पोस्ट में लिखा, "जब पूरी एक पीढ़ी एक आवाज में बोल रही हो, तो उन्हें सुनना कोई एहसान नहीं, बल्कि हमारी जिम्मेदारी है। हमारे बच्चे हमें उतनी ही बारीकी से देख रहे हैं, जितनी बारीकी से हम उन्हें देखते हैं। आज हम जैसा जवाब देंगे, वही उन्हें बताएगा कि निष्पक्षता और भरोसा सच में मौजूद हैं या सिर्फ बड़े लोगों के कहने भर की बातें हैं।" उन्होंने अपनी पोस्ट का अंत इन शब्दों से किया, "वे सिर्फ कल की तैयारी नहीं कर रहे... वे ही हमारा कल हैं।"
वरुण धवन ने लिखा, "छात्र हमारे देश का भविष्य हैं। जब किसी छात्र का सपना टूटता है, तो सिर्फ उसका नहीं बल्कि पूरे परिवार का सपना टूटता है।अगर छात्रों को लगता है कि व्यवस्था ने उन्हें निराश किया है, तो सवाल पूछना उनका पूरा अधिकार है। उनकी आवाज सुनी जानी चाहिए, उनकी सुरक्षा होनी चाहिए और उनकी चिंताओं का ईमानदारी से समाधान होना चाहिए।"
वरुण ने आगे लिखा, "मैं संबंधित अधिकारियों से अपील करता हूं कि वे छात्रों की चिंताओं पर गंभीरता से बात करें और ऐसा निष्पक्ष, पारदर्शी और सार्थक समाधान निकालें, जिससे छात्रों को न्याय मिल सके। छात्र आंदोलन के दौरान पूरा ध्यान सिर्फ छात्रों के मुद्दों और उनके समाधान पर होना चाहिए।" उन्होंने अपनी पोस्ट का समापन "जय हिंद" लिखकर किया।
यह भी पढ़ें : लीक पेपर के सहारे पास होते थे सलमान खान! NEET मामले में सपोर्ट करते ही वायरल हुआ पुराना वीडियो
करीना कपूर की भाभी रणबीर कपूर की पत्नी और एक्ट्रेस आलिया भट्ट ने इंस्टाग्राम पर लिखा, "पिछले कुछ दिनों ने मेरा दिल कई बार तोड़ा और फिर उम्मीद भी दी। हर उस छात्र के पीछे, जो अपने अधिकार के लिए डटा हुआ है, एक सपना, एक परिवार की उम्मीद और अनगिनत त्याग की कहानी है। वे सिर्फ अपने लिए नहीं, बल्कि उन सभी लोगों के लिए खड़े हैं जिन्होंने उनका साथ दिया और आने वाली पीढ़ियों के लिए बेहतर रास्ता बना रहे हैं। उनकी हिम्मत मुझे विनम्र बना देती है। उनका संकल्प हम सभी के सामने एक आईना है, जो पूछता है कि क्या हम सच में उन लोगों की आवाज सुन रहे हैं, जो इस देश का भविष्य संभालेंगे और उसे नई दिशा देंगे। छात्रों के लिए... छात्रों द्वारा... भविष्य उन्हीं का है।"
अब तक सलमान खान, करीना कपूर खान, आलिया भट्ट, वरुण धवन, सोनाक्षी सिन्हा, आर. माधवन, कमल हासन, सोनू सूद, दिया मिर्जा, वीर दास, सोहा अली खान, अदिति राव हैदरी, रितेश देशमुख, जेनेलिया देशमुख, प्रकाश राज, आयुष शर्मा, रोहित सराफ, प्रीति जिंटा, दिलजीत दोसांझ, भूमि पेडनेकर, जीनत अमान, इमरान खान, फातिमा सना शेख, स्वरा भास्कर और टोविनो थॉमस समेत कई कलाकार छात्रों के समर्थन में अपनी बात रख चुके हैं। वहीं शबाना आजमी, नसीरुद्दीन शाह, उर्फी जावेद और आयशा खान जैसे कलाकार प्रदर्शन स्थलों पर पहुंचकर भी छात्रों के साथ एकजुटता जता चुके हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।