
बॉलीवुड एक्टर राजेश शर्मा प्रभास की आगामी फिल्म की शूटिंग के दौरान हुए एक हादसे के बाद अस्पताल में भर्ती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, रामोजी फिल्म सिटी में शूटिंग खत्म होने के बाद उन्हें किसी कीड़े या जहरीली मकड़ी ने काट लिया था। शुरुआत में इसे मामूली समझकर उन्होंने इलाज नहीं कराया, लेकिन कुछ घंटों बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। कोलकाता पहुंचने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। परिवार की ओर से जारी हेल्थ अपडेट में बताया गया है कि संक्रमण पैर में तेजी से फैला है और फिलहाल उनकी स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है।
अक्षय कुमार के साथ 'भूत बंगला' जैसी फिल्मों में काम कर चुके 55 साल के राजेश शर्मा के परिवार की ओर से उनका हेल्थ अपडेट जारी किया गया है। इस प्रेस नोट के मुताबिक, राजेश शर्मा प्रभास की एक फिल्म की शूटिंग के लिए रामोजी फिल्म सिटी में मौजूद थे। शूटिंग खत्म होने के बाद वह घनी झाड़ियों वाले इलाके में लोकल टेक्निशियंस से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें किसी कीड़े या संभवतः जहरीली मकड़ी ने काट लिया। प्रेस नोट में कहा गया, "एक्टर राजेश शर्मा को शूटिंग के दौरान किसी कीड़े, संभवतः किसी जहरीले कीड़े या मकड़ी ने काट लिया। उस समय यह गंभीर नहीं लगा, इसलिए उन्होंने तुरंत इलाज नहीं कराया।"
यह भी पढ़ें : अक्षय कुमार की 'वेलकम 4' कन्फर्म! डायरेक्टर अहमद खान ने किया बड़ा खुलासा
परिवार के मुताबिक, घटना के करीब छह घंटे बाद राजेश शर्मा के दाहिने पैर में तेज दर्द शुरू हुआ और उनकी तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बावजूद उन्होंने कोलकाता की फ्लाइट ली। प्रेस नोट में कहा गया, "यात्रा के दौरान उन्हें तेज बुखार आ गया, बेचैनी बढ़ गई और उनकी हालत लगातार खराब होती गई। अगले दिन उन्हें ढाकुरिया स्थित मणिपाल अस्पताल में भर्ती कराया गया।" बताया गया है कि भर्ती होने के बाद भी उन्हें तेज बुखार, सांस लेने में तकलीफ और दाहिने पैर में बढ़ते संक्रमण की शिकायत बनी हुई है।
प्रेस नोट के अनुसार, संक्रमण पैर की उंगलियों से घुटने तक फैल चुका है और प्रभावित हिस्से में बड़े-बड़े छाले पड़ गए हैं। डॉ. अविजीत भट्टाचार्य के हवाले से कहा गया, "अभी किसी निश्चित निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। राजेश शर्मा फिलहाल डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं और अभी खतरे से पूरी तरह बाहर नहीं हैं। डॉक्टर लगातार निगरानी कर रहे हैं, क्योंकि आशंका है कि जटिलता बढ़ने पर खून का थक्का बन सकता है, जो फेफड़ों तक पहुंचने पर जानलेवा साबित हो सकता है।"
परिवार ने बताया कि अस्पताल की मेडिकल टीम लगातार जांच और इलाज कर रही है तथा विस्तृत स्वास्थ्य अपडेट आधिकारिक मेडिकल मूल्यांकन के बाद जारी किया जाएगा। प्रेस नोट के अंत में कहा गया, "हम सभी के प्यार, दुआओं और समर्थन के लिए दिल से धन्यवाद देते हैं। खास तौर पर मीडिया, बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम, राजेश शर्मा के दोस्तों और शुभचिंतकों तथा सबसे बढ़कर श्री प्रसेनजीत चटर्जी, जिन्होंने इस कठिन समय में लगातार हमारा मार्गदर्शन और सहयोग किया। राजेश शर्मा की मां और पूरे परिवार की ओर से हम सभी का हार्दिक आभार व्यक्त करते हैं।"
यह भी पढ़ें : तलाक की ख़बरों के बीच 'लॉक अप' में पहुंचे गौरव खन्ना, देखते ही पत्नी आकांक्षा का हुआ ऐसा हाल!
फिलहाल यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि यह घटना प्रभास की किस फिल्म के सेट पर हुई। प्रभास इन दिनों 'फौजी' और 'स्पिरिट' की शूटिंग में व्यस्त हैं। वहीं, राजेश शर्मा हाल ही में 'भूत बंगला' और 'कृष्णावतारम पार्ट 1: द हार्ट (हृदयम)' में नजर आए थे।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।