
रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर 'रामायण' का ट्रेलर रिलीज होने के बाद लगातार चर्चा में बना हुआ है। फिल्म के शानदार वीएफएक्स और भव्य विजुअल्स की हर तरफ तारीफ हो रही है। इसी बीच 1987 की आइकॉनिक 'रामायण' बनाने वाले दिवंगत निर्देशक रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने भी ट्रेलर को लेकर अपनी राय दी है। उन्होंने फिल्म के कई पहलुओं की सराहना की, लेकिन भगवान राम के किरदार में रणबीर कपूर की कास्टिंग पर सवाल भी उठाए।
एक वायरल वीडियो में शिव सागर ने कहा कि ट्रेलर, पहले आए टीजर से कहीं ज्यादा बेहतर है। इसमें दर्शकों को किरदारों और वीएफएक्स की बेहतर झलक देखने को मिली। उन्होंने खास तौर पर यश के रावण और साई पल्लवी के सीता वाले किरदार की तारीफ की। शिव सागर का मानना है कि दक्षिण भारतीय कलाकार भारतीय पौराणिक कथाओं से बचपन से जुड़े रहते हैं। उनके अनुसार, 'यश और साई पल्लवी इन किरदारों के हाव-भाव और भावनाओं को अच्छी तरह समझते हैं, इसलिए दोनों अपनी भूमिकाओं में काफी प्रभावशाली लगे।'
और पढ़ें - 'रामायण रिलीज से पहले हमें दिखाओ' - हिंदू संगठन का विरोध, क्या है नया विवाद?
हालांकि, शिव सागर ने भगवान राम के रोल में रणबीर कपूर को लेकर अपनी असहमति जाहिर की। उन्होंने कहा कि भगवान राम जैसे किरदार के लिए आमतौर पर नया चेहरा चुना जाता है, ताकि दर्शक बिना किसी पूर्व छवि के उस किरदार को स्वीकार कर सकें। उन्होंने कहा कि 'Animal' जैसी फिल्म के बाद रणबीर कपूर की एक अलग इमेज बन चुकी है और इसी वजह से उन्हें भगवान राम के रूप में स्वीकार करना दर्शकों के लिए आसान नहीं होगा।
और पढ़ें - शहनाज गिल का 3BHK मुंबई हाउस, मिनिमलिस्ट तरीके से किया होम डेकोर, देखें इनसाइड फोटोज
रणबीर की कास्टिंग पर सवाल उठाने के बावजूद शिव सागर ने निर्देशक नितेश तिवारी की सोच और फिल्म के विजुअल्स की खुलकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि फिल्म का वीएफएक्स बेहद शानदार है और रावण के पुष्पक विमान व शूर्पणखा के शेर वाले रथ जैसे कॉन्सेप्ट काफी प्रभावशाली लगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह फिल्म सफल होगी और नई पीढ़ी को भारतीय पौराणिक कथाओं और रामायण के प्रति आकर्षित करेगी।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में से एक मानी जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इसका कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण और सनी देओल हनुमान के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 पर रिलीज होगा, जबकि दूसरा भाग 2027 में सिनेमाघरों में आएगा। फिल्म के संगीत की जिम्मेदारी ए.आर. रहमान और हांस जिमर ने संभाली है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।