
नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म 'रामायणम्' लगातार सुर्खियों में बनी हुई है। हाल ही में ट्रेलर की रिलीज टलने के बाद अब सबसे ज्यादा चर्चा साई पल्लवी के सीता वाले किरदार की हो रही है। इसी बीच रामानंद सागर के ऐतिहासिक टीवी शो 'रामायण' में माता सीता का किरदार निभाकर अमर पहचान बना चुकीं दीपिका चिखलिया ने पहली बार साई पल्लवी की कास्टिंग पर अपनी रिएक्शन दिया है। उन्होंने साई पल्लवी की एक्टिंग कैपेसिटी की तारीफ की, लेकिन साथ ही कहा कि स्क्रीन पर उनका सीता वाला रूप देखने के बाद ही अंतिम राय बन पाएगी। उन्होंने अपनी पहचान और पुरानी 'रामायण' की विरासत पर भी खुलकर बात की।
वैरायटी इंडिया से बातचीत में दीपिका चिखलिया ने कहा कि उन्होंने साई पल्लवी का काम देखा है और वह बेहद शानदार एक्ट्रेस हैं। हालांकि, उन्होंने साफ कहा कि फिलहाल यह कहना मुश्किल है कि वह सीता के रूप में कैसी दिखेंगी। उनके मुताबिक, "मैंने उनका काम देखा है। वह बेहतरीन एक्ट्रेस हैं। लेकिन वह सीता के रूप में कैसी लगेंगी, यह उन्हें स्क्रीन पर देखने के बाद ही पता चलेगा। अभी मैं कुछ नहीं कह सकती। तुलसीदास की रामायण में सीता का वर्णन बादाम जैसी आंखों, खास कद, बालों और रंग-रूप वाली महिला के रूप में किया गया है। रामानंद सागर इसी रूप की तलाश में थे और उन्हें वह मुझमें दिखाई दिया। अगर कलाकार किरदार पर फिट बैठते हैं, तो यह अच्छी बात है।"
यह भी पढ़ें : रणबीर कपूर की 'रामायणम् ' का ट्रेलर पोस्टपोन, रिलीज से कुछ घंटे पहले मेकर्स ने किया बड़ा ऐलान!
दीपिका चिखलिया का मानना है कि रामानंद सागर की 'रामायण' आज भी लोगों के दिलों में बसी हुई है। उन्होंने कहा, "लोग मुझे आज भी सीता के नाम से पहचानते हैं। कई बार लोग मेरा नाम भूल जाते हैं, लेकिन उन्हें याद रहता है कि मैंने सीता का किरदार निभाया था। यही मेरी पहचान है। एक कलाकार अलग-अलग भूमिकाएं निभाना चाहता है, लेकिन हमारी 'रामायण' का प्रभाव नई 'रामायण' पर बहुत भारी रहेगा। महामारी के दौरान नई पीढ़ी ने भी इसे दोबारा देखा था। इसलिए उसे भुला पाना आसान नहीं होगा। रामायण में कहीं भी घुंघराले बालों वाली सीता का उल्लेख नहीं मिलता।"
फिल्म का ट्रेलर सैन डिएगो कॉमिक कॉन के बाद रिलीज होना था, लेकिन ऐन वक्त पर इसे टाल दिया गया। निर्माता नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर लिखा, "आज हमारी 'रामायण' के लिए बेहद खास दिन है। पूरी दुनिया तक रामायण पहुंचाने का मेरा सपना अब सोनी पिक्चर्स एंटरटेनमेंट के साथ साझेदारी के जरिए सच हो गया है। इसी वजह से अब हम फिल्म का ट्रेलर बाद में वैश्विक स्तर पर रिलीज करेंगे।" फिलहाल नई रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें : 4000 करोड़ की 'रामायणम्' में दिखेंगी ये 7 खूबसूरत एक्ट्रेस, तस्वीरों में जानें किसका क्या रोल?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायणम्' का बजट करीब 4000 करोड़ रुपये है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इनके अलावा सनी देओल, रवि दुबे, अरुण गोविल, रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर समेत कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। संगीत की जिम्मेदारी ऑस्कर विजेता हांस जिमर और ए.आर. रहमान ने संभाली है। फिल्म का पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 को रिलीज होगा।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।