रणबीर कपूर की 'रामायणम् ' का ट्रेलर फिलहाल टाल दिया गया है। मेकर्स ने बताया कि Sony Pictures के साथ ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन डील के बाद ट्रेलर अब दुनियाभर में एक साथ रिलीज होगा।
नितेश तिवारी की मेगा बजट फिल्म 'रामायणम् ' का ट्रेलर 24 जुलाई को रिलीज होने वाला था, लेकिन रिलीज से कुछ घंटे पहले मेकर्स ने इसे टाल दिया। इस फैसले के पीछे कोई तकनीकी या सेंसर समस्या नहीं, बल्कि एक बड़ी इंटरनेशनल डील है। निर्माता नमित मल्होत्रा ने बताया कि फिल्म के ग्लोबल डिस्ट्रीब्यूशन के लिए Sony Pictures Entertainment के साथ साझेदारी हो गई है। इसी वजह से ट्रेलर अब पूरी दुनिया में एक साथ लॉन्च किया जाएगा। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश स्टारर इस फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में गिना जा रहा है।
रामायणम् का ट्रेलर क्यों पोस्टपोन हुआ?
'रामायणम् ' का चार मिनट का ट्रेलर 24 जुलाई की सुबह रिलीज होने वाला था। इससे पहले सैन डिएगो कॉमिक कॉन में रणबीर कपूर, यश, डायरेक्टर नितेश तिवारी और निर्माता नमित मल्होत्रा ने फिल्म का स्पेशल पैनल भी किया। हालांकि, ट्रेलर रिलीज से कुछ घंटे पहले नमित मल्होत्रा ने सोशल मीडिया पर इसकी रिलीज टालने की घोषणा कर दी। उन्होंने लिखा, "आज हमारी 'रामायणम् ' के लिए बेहद खास पल है। 'रामायणम् ' को पूरी दुनिया तक पहुंचाने का मेरा सपना अब Sony Pictures Entertainment के साथ हमारी साझेदारी से सच हो गया है। इसी वजह से अब हम अपने ट्रेलर को बाद की तारीख पर दुनियाभर में एक साथ लॉन्च करेंगे।"
यह भी पढ़ें : 4000 करोड़ की 'रामायणम्' में दिखेंगी ये 7 खूबसूरत एक्ट्रेस, तस्वीरों में जानें किसका क्या रोल?
'रामायणम् ' की रिलीज के लिए मेकर्स की प्लानिंग क्या है?
नमित मल्होत्रा ने आगे लिखा, "100 साल से ज्यादा के भारतीय सिनेमा के इतिहास में यह गर्व का क्षण होगा, जब 'रामायणम् ' पूरी दुनिया में किसी बड़ी हॉलीवुड फिल्म की तरह रिलीज की जाएगी। इससे दुनिया के लोगों को हमारी संस्कृति और हमारी कहानियों को नए गर्व और उत्साह के साथ जानने का मौका मिलेगा। पोस्ट के अंत में नमित ने लिखा, "मैं 'रामायणम् ' के सभी प्रशंसकों और विश्वास रखने वालों का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने इसे संभव बनाया। हमारे देश के युवा ही हमारा भविष्य हैं। आइए, हम सब मिलकर उनके भविष्य की रक्षा के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ प्रयास करें।"
अब 'रामायणम् ' का ट्रेलर कब रिलीज होगा?
फिलहाल मेकर्स ने ट्रेलर की नई रिलीज डेट का ऐलान नहीं किया है। नमित मल्होत्रा ने केवल इतना स्पष्ट किया है कि ट्रेलर अब ग्लोबल लॉन्च के तौर पर दुनिया भर में एक साथ रिलीज किया जाएगा। यानी अब भारतीय और अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को एक ही समय पर ट्रेलर देखने का मौका मिलेगा। नई तारीख का ऐलान जल्द किए जाने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें : Ramayana Trailer First Review: कैसा है 'रामायण' का ट्रेलर? पहले रिव्यू में किसकी हुई तारीफ़
'रामायणम् ' का बजट कितना है और स्टार कास्ट में कौन-कौन हैं?
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायणम् ' भारतीय सिनेमा की सबसे महंगी फिल्मों में गिनी जा रही है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो भागों में बन रही इस फिल्म का कुल बजट करीब 4000 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। इनके अलावा रवि दुबे, सनी देओल, रकुल प्रीत सिंह, लारा दत्ता, अरुण गोविल, विवेक ओबेरॉय, कुणाल कपूर समेत कई बड़े कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
'रामायणम् ' कब रिलीज होगी?
'रामायणम् ' को दो भागों में रिलीज किया जाएगा। मेकर्स के अनुसार, इसका पहला पार्ट नवंबर में सिनेमाघरों में रिलीज होगा। फिल्म को भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी माइथोलॉजिकल फ्रेंचाइजी के तौर पर तैयार किया जा रहा है और इसे दुनियाभर में बड़े स्तर पर रिलीज करने की योजना है। दूसरा पार्ट दिवाली 2027 पर थिएटर्स में आएगा।
