
मुंबई के जुहू इलाके से शनिवार देर रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई। दिग्गज फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के घर के बाहर अज्ञात हमलावरों ने कथित तौर पर अंधाधुंध फायरिंग की। शुरुआती जानकारी के मुताबिक इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। शुरुआती जांच में पता चला है कि कम से कम चार राउंड फायरिंग की गई। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें सबूत जुटाने में लगी हैं।
मुंबई पुलिस इस घटना को गंभीरता से लेते हुए हर एंगल से जांच कर रही है। हमलावरों की पहचान और घटना के पीछे की मंशा का अभी तक खुलासा नहीं हो सका है। मुंबई पुलिस कमिश्नर ने बयान जारी करते हुए कहा, "बिल्डिंग के बाहर फायरिंग की घटना हुई है। हम आरोपियों की पहचान के लिए सभी संभावित एंगल से जांच कर रहे हैं।"
पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि यह घटना किसी धमकी, आपराधिक रंजिश या किसी अन्य कारण से जुड़ी है।घटना के बाद से रोहित शेट्टी या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही और जानकारी साझा की जाएगी। फिलहाल इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जांच एजेंसियां हमलावरों की तलाश में जुटी हैं।
यह पहली बार नहीं है जब मुंबई में किसी फिल्मी सेलेब्रिटी के घर के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई हो। साल 2024 में सलमान खान के बांद्रा स्थित घर के बाहर भी दो हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं। उस घटना की जिम्मेदारी बाद में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया के जरिए ली थी। हालांकि, रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई इस ताजा घटना को लेकर फिलहाल किसी गैंग या संगठन का नाम सामने नहीं आया है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।