अक्षय कुमार का आठ घंटे काम करने का नियम उनके लिए मुसीबत बन रहा है? करण जौहर के शो में एक्टर ने बड़े प्रोड्यूसर्स को लेकर ऐसा खुलासा किया, जिसके बाद बॉलीवुड की वर्किंग कल्चर पर नई बहस छिड़ गई।

बॉलीवुड में शूटिंग के लंबे घंटों को लेकर अक्सर बहस होती रही है, लेकिन अब इस मुद्दे पर एक ऐसे सुपरस्टार ने खुलकर बात की है, जिसकी साल में कई फिल्में रिलीज होती हैं। दिलचस्प बात यह है कि उनकी काम करने की एक खास आदत ही उनके लिए परेशानी बनती नजर आ रही है। करण जौहर के चैट शो में अक्षय कुमार ने अपने करियर और काम करने के तरीके को लेकर कुछ ऐसे खुलासे किए, जिनकी चर्चा शुरू हो गई है। रवि किशन भी इस बातचीत का हिस्सा बने और उन्होंने अक्षय के काम करने के अंदाज पर दिलचस्प बातें कहीं।

इस नियम की वजह से बड़ी फिल्में गंवा रहे अक्षय कुमार

करण जौहर के शो 'कॉफी विद करण सीजन 9' के सातवें एपिसोड में अक्षय कुमार और रवि किशन साथ पहुंचे थे। बातचीत के दौरान करण ने अक्षय की तारीफ करते हुए कहा कि वह नए डायरेक्टर्स को मौका देते हैं और प्रोड्यूसर्स का भी ध्यान रखते हैं। इस पर अक्षय ने चौंकाने वाला खुलासा किया। उन्होंने कहा, "बहुत से बड़े लोग मुझे अपनी फिल्मों में कास्ट नहीं करना चाहते। कई तरह की बातें होती हैं कि मैं सिर्फ 8 घंटे काम करता हूं। लेकिन लोग यह नहीं देखते कि उन 8 घंटों में मैं एक बार भी अपनी वैनिटी वैन में नहीं जाता।" अक्षय ने बताया कि उनका मानना है कि दर्शक पर्दे पर कलाकार को फ्रेश और अच्छा देखना चाहते हैं, थका हुआ नहीं। इसलिए उन्होंने अपने दिन का रूटीन इस तरह बनाया है कि 8 घंटे काम, 8 घंटे नींद, 2 घंटे फिटनेस और बाकी समय परिवार को दे सकें।

रवि किशन ने किया अक्षय कुमार का बचाव

इस बातचीत में रवि किशन ने भी अक्षय के काम करने के तरीके की तारीफ की। उन्होंने बताया कि दोनों करीब चार फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं और अक्षय सेट पर बेहद तेजी से काम करते हैं। रवि के मुताबिक, अक्षय आमतौर पर एक फिल्म करीब 55 दिनों में पूरी कर लेते हैं। इससे प्रोड्यूसर्स का समय और पैसा बचता है। उन्होंने यह भी कहा कि एक फिल्म यूनिट में करीब 300-400 लोग काम करते हैं। ऐसे में शूटिंग जल्दी पूरी होने से प्रोडक्शन का खर्च नियंत्रित रहता है और लोगों को लगातार काम मिलता है।

अक्षय कुमार ने दिया क्रिस्टोफर नोलन-टॉप क्रूज का उदाहरण

अक्षय ने आगे बताया कि कुछ लोग उनसे पूछते हैं कि वह 60-65 दिनों में फिल्म कैसे पूरी कर लेते हैं। इस पर उन्होंने हॉलीवुड का उदाहरण दिया। एक्टर ने कहा, "मैंने हाल ही में क्रिस्टोफर नोलन का एक इंटरव्यू पढ़ा। उसमें बताया गया था कि वह अपनी फिल्म पूरी करने में 90 दिनों से ज्यादा नहीं लेते। वहीं टॉम क्रूज ने मिशन: इम्पॉसिबल की शूटिंग 55 दिनों में पूरी की थी।" अक्षय ने यह भी कहा कि उन्हें समझ नहीं आता कि ज्यादा फिल्में करने पर उनसे बार-बार सवाल क्यों पूछे जाते हैं। उनका जवाब था, "काम नहीं करूंगा तो क्या करूंगा?"

पहले भी उठ चुका है 8 घंटे शिफ्ट का मुद्दा

गौर करने वाली बात है कि 8 घंटे की शिफ्ट को लेकर दीपिका पादुकोण भी 2025 में चर्चा में रही थीं। 'स्पिरिट' से उनके अलग होने की खबरों के बाद यह बहस तेज हुई थी। बाद में अक्टूबर 2025 में CNBC-TV18 को दिए इंटरव्यू में दीपिका ने कहा था कि इंडस्ट्री में कई पुरुष सुपरस्टार सालों से 8 घंटे काम करते आए हैं, लेकिन उनके मामले में इस मांग को अलग नजरिए से देखा गया।

अब 'गोलमाल 5' में दिखेंगे अक्षय कुमार

वर्कफ्रंट की बात करें तो अक्षय कुमार अब रोहित शेट्टी की 'गोलमाल 5' में नजर आएंगे। फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, कुणाल खेमू, शरमन जोशी, श्रेयस तलपड़े और तुषार कपूर भी शामिल हैं। फिल्म की थिएट्रिकल रिलीज 8 जनवरी 2027 तय की गई है।