
पटौदी परिवार की सदस्य और सैफ अली खान की बहन सबा पटौदी भले ही फिल्मी दुनिया से दूर रही हों, लेकिन उनकी निजी जिंदगी हमेशा लोगों की दिलचस्पी का विषय रही है। 50 साल की उम्र में भी अविवाहित सबा ने अब खुलासा किया है कि वह 19 साल की उम्र में शादी के बेहद करीब पहुंच गई थीं। हालांकि, आखिरी समय पर यह रिश्ता टूट गया। हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने अपनी शादी न होने की असली वजह भी बताई।
सबा पटौदी ने नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो में बातचीत के दौरान बताया कि उन्हें 18 साल की उम्र से ही शादी के लिए कई रिश्ते आने लगे थे। उन्होंने कहा कि 19 साल की उम्र में कोलकाता के एक शख्स से उनकी शादी लगभग तय हो गई थी। सबा ने बताया, '19 साल की उम्र में मेरी शादी लगभग हो ही गई थी। मुझे कोलकाता के एक लड़के से मिलवाया गया था, लेकिन बात आगे नहीं बढ़ पाई। सच कहूं तो उस समय मैं शादी के लिए मानसिक रूप से तैयार नहीं थी।'
और पढ़ें - सैफ अली खान-अमृता सिंह की शादी में नहीं गई थीं दोनों बहनें, 35 साल बाद सोहा-सबा ने किया खुलासा
सबा ने बताया कि बाद में भी वह शादी के लिए तैयार थीं, लेकिन उन्हें कभी ऐसा साथी नहीं मिला जिसके साथ वह पूरी जिंदगी बिताने का फैसला कर सकें। उनके मुताबिक, रिश्ते में सबसे जरूरी चीज़ आपसी समझ और अनुकूलता होती है। उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसा व्यक्ति चाहिए था जो उनके दिवंगत पिता मंसूर अली खान पटौदी जैसा व्यक्तित्व रखता हो। यही वजह रही कि उन्हें कभी सही जीवनसाथी नहीं मिला और उन्होंने शादी नहीं की। इंटरव्यू के दौरान सबा ने अभिनेत्री तापसी पन्नू के एक मशहूर बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि वह तापसी की इस बात से पूरी तरह सहमत हैं कि, ‘मुझे लड़का नहीं, एक परिपक्व इंसान (Man) चाहिए।’ सबा का मानना है कि शादी केवल उम्र या समाज के दबाव में नहीं, बल्कि सही व्यक्ति मिलने पर ही करनी चाहिए।
जहां उनके भाई सैफ अली खान और बहन सोहा अली खान ने बॉलीवुड में अपना करियर बनाया, वहीं सबा पटौदी ने हमेशा ग्लैमर इंडस्ट्री से दूरी बनाए रखी। सबा पेशे से एक ज्वेलरी डिजाइनर हैं। इसके अलावा वह अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल के अनुसार टैरो रीडर, स्पिरिचुअल हीलर और भोपाल के रॉयल एंडोमेंट ट्रस्ट की चीफ कस्टोडियन भी हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अक्सर पटौदी परिवार की अनदेखी तस्वीरें और यादें शेयर करती हैं।
और पढ़ें - 'रामायण' रिलीज से बनेगा 1st रिकॉर्ड? पुष्पा 2-RRR और अवतार 2 को ऐसे पछाड़ेगी
वर्क फ्रंट की बात करें तो सैफ अली खान जल्द ही प्रियदर्शन निर्देशित फिल्म 'हैवान' में नजर आएंगे। इस फिल्म में उनके साथ अक्षय कुमार भी अहम भूमिका निभा रहे हैं। करीब 18 साल बाद दोनों सितारे बड़े पर्दे पर साथ दिखाई देंगे। फिल्म में बोमन ईरानी, सैयामी खेर और श्रिया पिलगांवकर भी महत्वपूर्ण किरदार निभा रहे हैं। मलयालम फिल्म 'ओप्पम' की हिंदी रीमेक 'हैवान' 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इसके अलावा सैफ 'हम हिंदुस्तानी' का भी हिस्सा हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।