
स्टार प्लस के पॉपुलर सीरियल 'सैराब' को लेकर पिछले कुछ दिनों से लगातार चर्चाएं हो रही थीं। शो के लीड एक्टर रोहित चंदेल की POCSO मामले में गिरफ्तारी के बाद दर्शकों के मन में सवाल था कि आखिर अब शो की कहानी किस दिशा में जाएगी। अब इन अटकलों पर विराम लगता नजर आ रहा है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स ने शो के लिए नए मेल लीड के तौर पर आशय मिश्रा को फाइनल कर लिया है। वह अब मदिराक्षी मुंडले के साथ स्क्रीन शेयर करते दिखाई देंगे।
रिपोर्ट्स के अनुसार, आशय मिश्रा और प्रोडक्शन हाउस के बीच पिछले कुछ समय से बातचीत चल रही थी। अब यह कास्टिंग लगभग तय मानी जा रही है और बताया जा रहा है कि अभिनेता ने शो की शूटिंग भी शुरू कर दी है। मेकर्स लंबे समय तक रोहित चंदेल की कानूनी स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार कर रहे थे। उम्मीद थी कि उन्हें जल्द जमानत मिल जाएगी और शो की कहानी बिना किसी बदलाव के आगे बढ़ेगी। लेकिन जब उनकी जमानत याचिका लगातार खारिज होने की खबरें सामने आईं, तब चैनल और प्रोडक्शन हाउस ने नए चेहरे की तलाश तेज कर दी।
और पढ़ें - Dhamaal 4 Box office Day 13: 150Cr क्लब के करीब पहुंची धमाल-4, जानें 13th डे कलेक्शन
आशय मिश्रा की एंट्री के साथ शो में नई ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री देखने को मिलेगी। आने वाले एपिसोड्स में उनके किरदार को धीरे-धीरे कहानी का हिस्सा बनाया जाएगा ताकि दर्शक नई जोड़ी से जुड़ सकें और कहानी बिना किसी बड़े व्यवधान के आगे बढ़ सके।
आशय मिश्रा इस प्रोडक्शन हाउस के लिए नए नहीं हैं। इससे पहले वह 'दुर्गा' और 'बिंदी' जैसे शोज़ में इसी बैनर के साथ काम कर चुके हैं। माना जा रहा है कि टीम के साथ उनकी अच्छी समझ और पहले का अनुभव ही उन्हें इस भूमिका के लिए मजबूत दावेदार बनाता है। इसी वजह से चुनौतीपूर्ण समय में मेकर्स ने उन पर भरोसा जताया।
गौरतलब है कि अभिनेता रोहित चंदेल को 10 जुलाई को मुंबई पुलिस ने उनके दहिसर स्थित घर से गिरफ्तार किया था। उन पर एक नाबालिग लड़की ने पीछा करने, बार-बार संपर्क करने, परेशान करने और शारीरिक हमला करने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। एफआईआर के मुताबिक, शिकायतकर्ता का आरोप है कि रोहित ने मना करने के बावजूद अलग-अलग नंबरों से लगातार संपर्क करने की कोशिश की। आरोप यह भी है कि 5 जुलाई को अभिनेता ने कथित तौर पर लड़की का रास्ता रोका, उसका पीछा किया, उसके साथ बहस की, अपशब्द कहे और मारपीट की।
और पढ़ें - धुरंधर की एक्ट्रेस हुईं गिरफ्तार, सड़क पर खड़े रहने के लिए मुंबई पुलिस ने हिरासत में लिया
इन आरोपों के आधार पर रोहित चंदेल के खिलाफ POCSO Act के अलावा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 78 (स्टॉकिंग) और धारा 115(2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्हें पहले पुलिस हिरासत और बाद में न्यायिक हिरासत में भेजा गया। मामले की जांच अभी जारी है और अदालत में कानूनी प्रक्रिया चल रही है।
रोहित चंदेल की गिरफ्तारी के बाद यह माना जा रहा था कि शो की शूटिंग और टेलीकास्ट प्रभावित हो सकते हैं। हालांकि अब आशय मिश्रा की एंट्री के साथ मेकर्स ने साफ कर दिया है कि वे शो की कहानी को बिना किसी बड़े बदलाव के आगे बढ़ाने की तैयारी में हैं। अब दर्शकों की नजर इस बात पर होगी कि आशय मिश्रा इस किरदार में कितना प्रभाव छोड़ पाते हैं और नई जोड़ी को दर्शकों का कितना प्यार मिलता है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।