
बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में जांच के दौरान कई बड़े सितारों के नाम सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमलावरों के निशाने पर सबसे पहले सलमान खान थे। लेकिन पुख्ता सुरक्षा इंतजाम को देखते हुए अटैकर ने अपना प्लान बदल दिया। इसके साथ ही यह भी जानकारी सामने आई है कि हमलावरों ने अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार और आमिर खान के घरों की भी रेकी थी।
मीडिया रिपोर्ट्स में मुंबई क्राइम ब्रांच के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि आरोपी पहले सलमान खान को निशाना बनाना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने बांद्रा स्थित उनके घर के आसपास की रेकी की थी। सलमान खान के घर के बाहर सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखकर आरोपी कथित तौर पर अपने प्लान में आगे नहीं बढ़े। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसके बाद उन्होंने दूसरे सेलिब्रिटी को निशाना बनाने के ऑप्शन पर विचार किया। सलमान खान को पहले भी धमकियां मिल चुकी हैं। अप्रैल 2024 में उनके गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलीबारी की घटना हुई थी, जिसके बाद उनकी सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती गई।
इस मामले में सामने आई एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपियों ने मुंबई में कई बॉलीवुड सितारों के घरों के बारे में जानकारी जुटाई थी। इनमें अमिताभ बच्चन, अक्षय कुमार, आमिर खान और सलमान खान के नाम शामिल बताए गए हैं। आरोपी ऑटो-रिक्शा से अलग-अलग जगहों पर जाते थे और ड्राइवरों से फिल्मी सितारों के घर तक ले जाने के लिए कहते थे। कथित तौर पर वे इन घरों की तस्वीरें लेने की बात भी करते थे।
और पढ़ें;84 साल के अमिताभ बच्चन के 84 शानदार डायलॉग, जिन पर आज भी बजती हैं तालियां
रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपियों ने सोशल मीडिया के जरिए टाइगर श्रॉफ की एक्टिविटी के बारे में जानकारी जुटाई थी। उन्हें पता चला था कि एक्टर रविवार को मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल खेलने जाते हैं। बताया जा रहा है कि आरोपियों को लगा कि वहां टाइगर श्रॉफ तक पहुंचना अपेक्षाकृत आसान हो सकता है। इसी वजह से उन्होंने कथित तौर पर उन्हें निशाना बनाने का फैसला किया। 18 अक्टूबर को जुहू इलाके में फुटबॉल ग्राउंड से निकलते समय टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई। इस घटना के बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश तेज कर दी।
मामले की जांच के दौरान तीन आरोपियों को राजस्थान के कोटा से पकड़े जाने की खबर सामने आई। इसके बाद उन्हें आगे की जांच के लिए मुंबई लाने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस अब आरोपियों की गतिविधियों, कथित रेकी और हमले की योजना से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस घटना के पीछे कौन लोग थे और आरोपियों को किसी ने निर्देश दिए थे या नहीं।
और पढ़ें: Tiger Shroff Firing: टाइगर श्रॉफ नहीं, सलमान खान थे शूटरों का असली निशाना? ऐसे बदली प्लानिंग
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।