
सलमान खान की जिंदगी में सुरक्षा कोई नई बात नहीं है, लेकिन क्या इससे अपनों को लेकर उनका डर खत्म हो जाता है? हैदराबाद में अपनी फिल्म 'मातृभूमि' के इवेंट में सलमान ने इस सवाल का जवाब कुछ ऐसी बातों से दिया, जो हर परिवार की चिंता से जुड़ती हैं। उन्होंने बताया कि घर से बाहर निकलने वाले हर शख्स के लिए उसके माता-पिता और परिवार परेशान रहते हैं। खुद की जिंदगी का उदाहरण देते हुए सलमान ने कहा कि पूरी सुरक्षा के बावजूद डर बना रहता है। इसके बाद उन्होंने सीमा पर तैनात सैनिकों के परिवारों की चिंता का जिक्र किया।
20 नवंबर को हैदराबाद में 'मातृभूमि' के इवेंट के दौरान सलमान खान ने कहा कि घर से बाहर जाने वाले लोगों को लेकर उनके परिवार परेशान रहते हैं। एबीपी के मुताबिक, अभिनेता ने कहा,
जो घर से बाहर निकलता है या निकलती है, तो मां-बाप को ये परेशानी होती है, तकलीफ होती है। सोचते हैं कि यार, ये सही-सलामत रहे, ये घर वापस आ जाए।
सलमान ने बताया कि यह चिंता हर किसी की रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा है। कोई भी अपने करीबी के घर से निकलने के बाद उसके सुरक्षित लौटने की ही उम्मीद करता है।
सलमान ने अपनी जिंदगी से तुलना करते हुए कहा कि चौबीसों घंटे सुरक्षा मिलने के बावजूद उन्हें भी अनहोनी का डर रहता है। उन्होंने कहा,
हमारी असल जिंदगी में, पूरी सुरक्षा में रहने के बाद भी, आप जानते हैं, हम डरे रहते हैं कि कुछ गलत न हो जाए। ट्रेन से सफर कर रहे हैं, गाड़ी से सफर कर रहे हैं, कॉलेज में कोई लड़ाई न हो जाए... हम हर वक्त चिंतित रहते हैं।
अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए सलमान ने सैनिकों के परिवारों की चिंता का जिक्र किया। उन्होंने कहा,
ये लोग, जरा सोचिए, जब उन्हें पता होता है कि उनके पति, भाई या बेटियां सीमा पर हैं, तो वे हर दिन किस दौर से गुजर रहे होंगे।
सलमान की यह बात उनकी आने वाली फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' की कहानी से भी जुड़ती है। फिल्म सीमा पर देश की रक्षा करने वाले सैनिकों की बहादुरी और उनके परिवारों के भावनात्मक संघर्ष को दिखाती है।
'मातृभूमि' पहले 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से जानी जाती थी। फिल्म में सलमान कर्नल संदीप के किरदार में हैं, जो देश की रक्षा के लिए सब कुछ दांव पर लगा देते हैं। उनकी गैरमौजूदगी में पत्नी परिवार को संभालती है। फिल्म में भाईचारे, कर्तव्य, इंसानियत और शांति की उम्मीद जैसे विषय भी हैं। अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी इस फिल्म को सलमा खान ने सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है। इसमें चित्रांगदा सिंह, मुकेश ऋषि, अंकुर भाटिया, अभिलाष चौधरी, ज़ेन शॉ और विपिन भारद्वाज भी हैं। फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।