
बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान आज भले ही दुनिया के सबसे बड़े सुपरस्टार्स में गिने जाते हों, लेकिन उनकी जिंदगी से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा इन दिनों चर्चा में है। दिग्गज एक्टर पंकज कपूर ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) के अपने छात्र जीवन की यादें साझा करते हुए बताया कि एक समय ऐसा था जब 10 साल के शाहरुख खान थिएटर कलाकारों को समोसे पहुंचाया करते थे। इसकी वजह यह थी कि उनके पिता NSD की कैंटीन चलाते थे। पंकज कपूर ने यह भी बताया कि कैसे थिएटर के दिनों में कलाकार मंच पर मिलने वाली नान बचाकर इंटरवल में समोसे और चाय के साथ उसका आनंद लिया करते थे।
हाल ही में पंकज कपूर ने किंडल कास्ट के यूट्यूब चैनल पर बताया कि नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से पढ़ाई पूरी किए उन्हें 50 साल हो चुके हैं। उन्होंने थिएटर के शुरुआती दिनों की यादें शेयर कीं, जहां मशहूर रंगकर्मी इब्राहिम अल्काज़ी के साथ काम करने के अनुभव फिर से ताजा हो गए। पंकज कपूर ने बताया कि उस दौर में इब्राहिम अल्काज़ी दिल्ली के पुराना किला में एक साथ तीन बड़े नाटक‘रज़िया सुल्तान’, ‘तुगलक’ और ‘अंधा युग’ निर्देशित कर रहे थे। पहले साल के छात्र होने के नाते पंकज और उनके साथियों को ‘रज़िया सुल्तान’ में छोटे-छोटे किरदार मिले थे। एक सीन में उन्हें भूखे नागरिकों की भूमिका निभानी थी, जबकि उनके दो साथी सैनिक बने थे।
यह भी पढ़ें : कभी 500 रुपये कमाने वाले इस बच्चे का उड़ा था मजाक, अब मुख्यमंत्री बन कर रहा दिलों पर राज
नाटक के एक सीन में सैनिकों को भीड़ की तरफ नान फेंकनी होती थी। पंकज कपूर और उनके दोस्तों ने इसे एक अनोखे तरीके से इस्तेमाल करना शुरू कर दिया। उन्होंने कहा, "हमने दोस्तों की एक टीम बना ली थी। वे हमारी तरफ नान फेंकते थे, हम उन्हें पकड़ लेते थे और इंटरवल में समोसे खरीदकर बैकस्टेज ले जाते थे। फिर नान, समोसा और चाय का मजा लेते थे।" हालांकि बाद में इब्राहिम अल्काज़ी को इस चाल का पता चल गया और उन्होंने छात्रों को मंचन में बदलाव करने के लिए डांट भी लगाई।
इस पूरे किस्से का सबसे दिलचस्प हिस्सा तब सामने आया जब पंकज कपूर ने बताया कि उन समोसों को पहुंचाने वाला बच्चा आज बॉलीवुड का सबसे बड़ा सुपरस्टार है। उन्होंने कहा, “वे समोसे हमें और कोई नहीं बल्कि शाहरुख खान पहुंचाते थे। उस समय वह करीब 10 साल के थे। उनके पिता वहां की कैंटीन चलाते थे।”
साल 2016 में एक इंटरव्यू के दौरान शाहरुख खान ने भी NSD से अपने जुड़ाव के बारे में बात की थी। उन्होंने कहा था, "मैं नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा का छात्र नहीं था, लेकिन वहां के कई कलाकारों के साथ काम करता था। मेरे पिता NSD की कैंटीन चलाते थे, इसलिए मुझे वहां के शानदार कलाकारों को करीब से जानने और उनसे सीखने का मौका मिला।" शाहरुख ने बताया था कि दिल्ली थिएटर सर्किट में काम करते समय NSD के कलाकारों ने उनकी भाषा, उच्चारण और अभिनय कौशल को निखारने में काफी मदद की। शाहरुख़ खान इन दिनों किंग की शूटिंग में व्यस्त हैं, जो इसी साल दिसंबर में क्रिसमस वाले हफ्ते में रिलीज होगी।
यह भी पढ़ें : सनी देओल की 'बॉर्डर 3' पर आया सबसे बड़ा अपडेट, साथ में सामने आया 4 और बड़ी फिल्मों का मास्टर प्लान
बात पंकज कपूर की करें तो NSD से निकलने के बाद उन्होंने भारतीय सिनेमा और टेलीविजन में अपनी अलग पहचान बनाई। उन्होंने ‘जाने भी दो यारों’, ‘एक डॉक्टर की मौत’, ‘मकबूल’ और ‘द ब्लू अम्ब्रेला’ जैसी चर्चित फिल्मों में काम किया। वहीं ‘करमचंद’ और ‘ऑफिस ऑफिस’ जैसे टीवी शो आज भी दर्शकों के बीच लोकप्रिय हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।