
फिल्मों में अपनी दमदार मौजूदगी से पहचान बनाने वाले एक्टर शरद कपूर इन दिनों अपनी फिल्मों से ज्यादा निजी जिंदगी और मुश्किल हालात को लेकर चर्चा में हैं। उनके रहने की हालत के वीडियो सामने आने के बाद अब उनकी दोस्त और खुद को उनकी गॉर्डियन बताने वाली हेमा चौधरी ने कई चौंकाने वाली बातें साझा की हैं। एक पॉडकास्ट में हेमा ने बताया कि जब वह शरद से मिलीं, तब उनकी हालत बेहद खराब थी। उन्होंने परिवार की बेरुखी से लेकर एक्टर की निजी जिंदगी और हॉलीवुड प्रोजेक्ट की खबरों तक पर खुलकर बात की।
बॉलीवुड कट अनकट पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान हेमा चौधरी ने बताया कि वह मुंबई की उस बिल्डिंग में कुत्तों को बचाने गई थीं, जहां शरद कपूर रहते थे। वहीं उनकी मुलाकात एक्टर से हुई। हेमा के मुताबिक, शरद की हालत चिंताजनक थी। वह करीब दो साल से नहाए नहीं थे और बिस्तर से भी बाहर नहीं निकले थे। हेमा ने कहा कि उनकी सुध लेने वाला भी कोई नहीं था।
हेमा ने शरद के परिवार से संपर्क करने की कोशिशों के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा, “हो सकता है कि तब उन्हें काम मिलना बंद हो गया हो। जब मैंने उनके भाई से बात की, तो उन्होंने कहा कि एक्टर अपने छोटे भाई को लेने उनके पास आए थे। जब मैंने दोबारा उनके भाई को फोन करने की कोशिश की, तो उन्होंने मेरी बात को तवज्जो नहीं दी। मैंने उनसे कहा, 'उन्हें आपकी जरूरत है।' लेकिन उन्होंने मुझे वापस फोन नहीं किया। तो शायद उनकी दिलचस्पी नहीं है। हो सकता है कि संपत्ति का मामला हो या कुछ और।”
हेमा ने शरद की हालत को बेहद गंभीर बताते हुए कहा, “तीन-चार लोग उनके मरने का इंतजार कर रहे थे। वह 99 फीसदी खत्म हो चुके थे, लेकिन कुत्ते ही मुझे उनके पास ले गए। मैं हमेशा उन बेजुबानों की आवाज सुनती हूं। जब मैं कुत्तों को बचाने गई, तभी उनसे मिली। उन्होंने दो साल से न नहाया था और न बिस्तर से उठे थे। किसी ने उन्हें फोन करके यह तक नहीं पूछा कि उन्होंने खाना खाया है या नहीं। वह धीरे-धीरे खत्म होते जा रहे थे।”
हेमा ने बताया कि शरद की सगाई पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री ज्योति बसु की पोती कोयल बसु से हुई थी, लेकिन दोनों की शादी नहीं हुई। उन्होंने यह भी कहा कि शरद की एक गर्लफ्रेंड है, लेकिन वह उनकी देखभाल करने की स्थिति में नहीं है। एक्टर के बच्चे होने की अफवाहों पर हेमा ने कहा कि इस बारे में जानकारी देने की उन्हें शरद से अनुमति नहीं मिली है। शरद ने उनसे कहा है कि सही समय आने पर वह अपनी निजी जिंदगी के बारे में बताएंगी।
शरद के हॉलीवुड प्रोजेक्ट साइन करने की खबरों पर भी हेमा ने सवाल उठाए। उनका कहना था कि फिलहाल एक्टर की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उन्हें किसी भी प्रोजेक्ट पर काम करने से पहले मदद और रिकवरी की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया से शरद की कुछ बातें उनकी मौजूदा स्थिति से जुड़ी हो सकती हैं। हालांकि, हेमा ने साफ किया कि शरद फर्जी नहीं हैं, बल्कि उन्हें संभलने और ठीक होने के लिए सहारे की जरूरत है।
इससे पहले हेमा ने शरद के हालात के वीडियो साझा कर फिल्म इंडस्ट्री से उनके लिए काम और मदद की अपील की थी। शरद ने भी आर्थिक परेशानियों का हवाला देते हुए काम मांगा था। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान और सोनू सूद ने मदद के लिए संपर्क किया था और सोनू उनसे मिलने भी पहुंचे थे। हालांकि, हेमा ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने शरद की कमजोर स्थिति का फायदा उठाया। उनके मुताबिक, कुछ लोग उन्हें पैसे देकर तस्वीरें खिंचवाते और बाद में पैसे वापस ले लेते थे। उन्होंने शरद के नाम पर फर्जी ऑनलाइन डोनेशन कैंपेन चलाने वालों की भी आलोचना की।
शरद कपूर ने महेश भट्ट के टीवी शो 'स्वाभिमान' से पहचान बनाई। इसके बाद वह 'दस्तक', 'जोश', 'एलओसी कारगिल', 'लक्ष्य', 'वांटेड' और 'जय हो' जैसी फिल्मों में नजर आए। उन्हें आखिरी बार 2019 की रोमांटिक थ्रिलर फिल्म 'कैबरे' में देखा गया था, जो जी5 पर रिलीज हुई थी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।