
Puneeth Rajkumar Birth Anniversary: कन्नड़ सुपरस्टार पुनीत राजकुमार (Puneeth Rajkumar) का आज (17 मार्च) 49वां जन्मदिन है। दो साल पहले 29 अक्टूबर 2021 को पुनीत की दिल का दौरा पड़ने की वजह से मौत हो गई थी। पुनीत की शोहरत का आलम ये था कि जैसे ही उनकी मौत की खबर पता चली बेंगलुरू में बड़ी संख्या में उनके फैंस जुटने लगे। एक रिपोर्ट के मुताबिक, अपने चहेते सुपरस्टार को अंतिम विदाई देने के लिए 30 लाख से ज्यादा लोग पहुंचे थे।
अंतिम दर्शन के लिए लगी कई किलोमीटर लंबी लाइन :
पुनीत राजकुमार ने महज 46 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया था। उनके अंतिम दर्शनों के लिए दुनियाभर से फैंस का जुटना शुरू हो गया था। यहां तक कि अंतिम दर्शन के लिए फैंस को कई किलोमीटर लंबी लाइन लगानी पड़ी थी। ज्यादा भीड़ की वजह से 10 लोगों की जान चली गई थी।
चहेते सुपरस्टार की झलक पाने बिल्डिंगों में खड़े थे लोग :
बेंगलुरू के कांतीरवा स्टूडियोज में पूरे राजकीय सम्मान के साथ पुनीत राजकुमार का अंतिम संस्कार किया गया था। सुबह से ही कांतीरवा स्टूडियोज के आसपास मौजूद इमारतों पर फैंस अपने चहेते सुपरस्टार की एक झलक पाने के लिए खड़े थे। उन्हें स्टेट ऑनर (राजकीय सम्मान) के साथ अंतिम विदाई दी गई। अंतिम संस्कार से पहले पुनीत के पार्थिव शरीर को तिरंगे में लपेटकर रखा गया था।
पुनीत ने दान की थीं आंखें :
कन्नड सुपरस्टार राजकुमार के बेटे पुनीत ने अपनी आंखें दान कर दी थीं। उनकी मौत के बाद लोगों ने अपने चहेते सुपरस्टार को फॉलो करते हुए नेत्रदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। करीब 1 लाख लोगों ने अपनी आंखें दान की थीं। 1994 में पुनीत के पिता राजकुमार ने भी अपनी आंखें दान की थीं। 2006 में उनका निधन भी हार्ट अटैक से ही हुआ था।
26 अनाथ आश्रम और 46 स्कूल चला रहे थे पुनीत :
पुनीत सिर्फ फिल्मों के ही नहीं, बल्कि रियल लाइफ सुपरस्टार थे। पुनीत को लोग उनकी फिल्मों के साथ ही समाज के लिए किए गए कामों की वजह से भी पसंद करते थे। समाजसेवा के कामों के चलते पुनीत का कद इतना बड़ा था कि कर्नाटक ही नहीं, बल्कि साउथ फिल्म इंडस्ट्री में हर कोई उनका फैन था। पुनीत 26 अनाथ आश्रम के अलावा गरीब बच्चों के लिए 46 स्कूल भी चला रहे थे।
जब 100 दिनों तक चलीं पुनीत की 14 फिल्में :
पुनीत कन्नड़ फिल्मों के एकमात्र ऐसे एक्टर थे, जिनकी 14 फिल्में 100 लगातार 100 दिन तक सिनेमाघरों में चलती रहीं। पुनीत कन्नड़ फिल्मों के सबसे महंगे एक्टर भी थे। वो एक मूवी के लिए 2 से 3 करोड़ रुपए फीस लेते थे। वहीं, विज्ञापनों से भी कमाई करते थे। हालांकि, उनकी कमाई का एक बड़ा हिस्सा समाज सेवा के कामों में खर्च होता था।
29 से ज्यादा कन्नड़ फिल्मों में किया काम :
पुनीत राजकुमार को फैन्स प्यार से अप्पू कहकर बुलाते थे। उन्होंने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट अपने करियर की शुरुआत की थी। 1985 में आई फिल्म बेट्टाडा हूवु में काम करने के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ चाइल्ड आर्टिस्ट का नेशनल अवॉर्ड भी मिला था। पुनीत ने करीब 29 कन्नड़ फिल्मों में काम किया। इनमें अप्पू (2002), अभि (2003), वीरा कन्नडिगा (2004), मौर्य (2004), आकाश (2005), अजय (2006), अरसु (2007), मिलाना (2007), वामशी (2008), राम (2009), जैकी (2010), हुदुगरू (2011), राजकुमार (2017), और अंजनी पुत्र (2017) जैसी फिल्में शामिल हैं।
ये भी देखें :
Natu Natu के ऑस्कर जीतने पर इस एक्ट्रेस ने उठाए सवाल, लोगों ने लगा दी क्लास
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।