
सनी देओल की अपकमिंग फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ रिलीज से पहले विवादों में घिर गई है। फिल्म के टीजर में डॉक्टरों और मेडिकल सिस्टम को जिस तरह दिखाया गया है, उस पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) ने आपत्ति जताई है। इस बीच केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने साफ किया है कि फिल्म अभी सर्टिफिकेशन के लिए उसके पास जमा ही नहीं की गई है। यानी फिलहाल फिल्म को सेंसर बोर्ड से सर्टिफिकेट मिलने या न मिलने का सवाल नहीं है, क्योंकि इसकी प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है।
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन का कहना है कि फिल्म के प्रचार में मेडिकल पेशे को जिस तरह दिखाया गया है, उससे डॉक्टरों की छवि पर असर पड़ सकता है। एसोसिएशन को खास तौर पर स्वास्थ्य सेवाओं में भ्रष्टाचार को सामान्य रूप में दिखाने और डॉक्टरों व अस्पताल के कर्मचारियों के साथ हिंसा वाले दृश्यों पर चिंता है।
IMA का मानना है कि कुछ लोगों की कथित गलतियों के आधार पर पूरे चिकित्सा समुदाय को गलत नहीं ठहराया जाना चाहिए। संगठन ने यह भी आशंका जताई कि हिंसा को सही या वीरतापूर्ण दिखाने से स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा और डॉक्टर-मरीज के बीच भरोसे पर असर पड़ सकता है।
IMA ने केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर फिल्म के कंटेंट की निष्पक्ष समीक्षा करने की मांग की है। संगठन ने कहा कि फ्रीडम ऑफ क्रिएटिव एक्सप्रेशन का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी भी जरूरी है, खासकर जब मामला सार्वजनिक स्वास्थ्य और स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा से जुड़ा हो।
‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ एक क्राइम थ्रिलर है। फिल्म के टीजर से संकेत मिलता है कि सनी देओल एक ऐसे पिता और पुलिस अधिकारी की भूमिका में हैं, जिसकी बेटी की मौत के बाद उसका भरोसा मेडिकल सिस्टम से उठने लगता है। इसके बाद वह व्यवस्था से जुड़े सवालों और कथित गड़बड़ियों की पड़ताल करता है।
और पढ़ें: हनुमान जी ने उसे बचा लिया’, टाइगर श्रॉफ की मां आयशा श्रॉफ ने फायरिंग के बाद शेयर किया पोस्ट
फिल्म का निर्देशन एम. पद्मकुमार ने किया है। यह साल 2018 में आई मलयालम फिल्म ‘जोसेफ’ (Joseph) का हिंदी वर्जन है। फिल्म में सनी देओल के साथ रवि किशन, प्रज्ञा जायसवाल, जिशु सेनगुप्ता, टीनू आनंद और मनीष वाधवा सहित कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म के मेकर्स ने ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ की रिलीज डेट 20 नवंबर 2026 तय की है।
और पढ़ें:निरहुआ, आम्रपाली की Nirhua Hindustani 4 अब Youtube पर, सभी 4 मूवी ने मचाया कोहराम
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।