
Kunickaa Sadanand Emotional : सलमान खान का शो 'बिग बॉस 19' खूब सुर्खियां बटोर रहा है। खासकर जब इसका वीकेंड आता है और सलमान कंटेस्टेंट्स से रूबरू होते हैं, तब शो की पॉपुलैरिटी चरम पर होती है। वे कंटेस्टेंट्स के सामने उनका हफ्ते भर का लेखा-जोखा रखते हैं और कई बार उन्हें फटकार भी लगाते हैं। लेकिन इस वीकेंड कुछ ऐसा हुआ कि सलमान अपने आंसू नहीं रोक सके। दरअसल, इस वीकेंड शो में कंटेस्टेंट कुनिका सदानंद के बेटे अयान लाल पहुंचे थे। उन्होंने अपने मां के संघर्ष के बारे में बताया तो ना केवल कुनिका और उनके को-कंटेस्टेंट्स, बल्कि सलमान खान के आंसू भी बह निकले।
अयान लाल ने 'बिग बॉस 19' में पहुंच अपनी मां को सपोर्ट किया और उन लोगों को आईना दिखाया, जो कुनिका के साथ बुरा बर्ताव कर रहे हैं। इनमें फरहाना भट्ट, जीशान कादरी आदि शामिल हैं। अयान ने 'बिग बॉस 19' में अपनी मां के परफॉर्मेंस की तारीफ़ करते हुए कहा, "आप शानदार कर रही हो। पूरा हिंदुस्तान आपको देखता है। मैं आपको बता रहा हूं। जिस किन्नर समाज की आपने वकील के रूप में मदद की थी, वो मुझे फोन कर रहे हैं। मैं आज जो भी हूं, आपकी बदौलत हूं। क्योंकि आपने मेरे लिए दुआएं की हैं। मैं दुनिया का सबसे खुशकिस्मत इंसान हूं कि आप मेरी मां हो। मेरे लिए आपको स्ट्रॉन्ग होना होगा। बाहर आप एक सपोर्ट सिस्टम हो।" अयान ने इस दौरान अपनी मां का हौसला बढ़ाया और कहा कि वे अब तक अपने पिता, पति और बेटों के लिए जीती आई हैं। लेकिन अब उन्हें खुद के लिए जीना होगा। क्योंकि अब वे 62 साल की हैं।
इसे भी पढ़ें : BB 19 Weekend Ka Vaar: सलमान ने फरहाना को लिया आड़े हाथों, नेहल और अमाल मलिक को किया अलर्ट
एपिसोड के दौरान सलमान ने अयान को कंटेस्टेंट फरहाना भट्ट से बात करने का मौका भी दिया, जिन्होंने कुनिका को फ्लॉप एक्ट्रेस और फ्लॉप लॉयर कहा था। अयान ने फरहाना को बताया कि उनकी मां ने काफी संघर्ष किया है। अयान ने बताया कि उनकी मां फ्लॉप एक्ट्रेस और वकील नहीं है, बल्कि वह महिला है जिसने अपने दूसरे बेटे की कस्टडी के लिए बेहद मुश्किल लड़ाई लड़ी है। अयान जब यह सब बता रहे थे तो कुनिका की आंखों से आंसू बहे जा रहे थे। उनके साथ मौजूद अन्य कंटेस्टेंट्स की आंखें भी छलक आईं। यहां तक कि होस्ट सलमान खान को भी आंसू पोछते देखा गया।
कुनिका के बेटे अयान लाल ने फरहाना से बातचीत में कहा, "मैं आपको एक छोटी सी कहानी बताऊंगा। आप सिर्फ मेरे साथ बनी रहें। इसमें एक छोटी सी बच्ची है, जिसका एक ही सपना है कि उसका एक घर हो, पति हो, बच्चे हों और वह जिंदगी में सिर्फ खुशियां चाहती है, क्योंकि उन्हें अपने माता-पिता के साथ बचपन में वह सब नहीं मिला। जब वह 17 साल की हुई तो उसने अपने पापा से कहा कहा कि पापा मैं इस आदमी से प्यार करती हूं और इससे शादी करना चाहती हूं। उसने उससे शादी कर ली। शादी नहीं चली और उसके बच्चे को हिल स्टेशन से किसी ने किडनैप कर लिया। हर हफ्ते कुछ नहीं बचता था। उसने केस लड़ा और 12 साल बाद वह मेरे भाई से मिल पाई। लेकिन इसके बाद भी उसके दिल में प्यार कम नहीं हुआ। उसने मेरे पिता से शादी की। वह सबकुछ छोड़कर यूएस चली गई। फिर मैं हुआ। वो (शादी) भी नहीं चली। तो उस छोटी सी लड़की का एक सपना है एक घर होने का, एक हसबैंड होने का, कुछ बच्चे होने का। तो जब आप उन्हें कहती हो कि आप किचन में घुसी रहती हैं। जीशान (कादरी) भाई ने बोला था कि आप खाना-खाना करती हो। अरे नहीं मिला उनको ये। उन्हें इस मौके से दूर मत करिए। और प्लीज उनकी जर्नी पर मत जाइए।"
2020 में कुनिका सदानंद ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट शेयर कर पुष्टि की थी कि वे किन्नर समाज के अधिकारों की लड़ाई लड़ रही हैं। उन्होंने ट्रांसजेंडर कम्युनिटी के अपने दोस्त से मिलकर उन्हें भरोसा दिलाया था कि क़ानून हर इंसान के साथ खड़ा है।