
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की फिल्म ‘उड़ता तीर’ एक बार फिर सिनेमाघरों में पहुंचने से पहले रुक गई है। फिल्म पहले सितंबर में रिलीज होने वाली थी, फिर अक्टूबर की शुरुआत का स्लॉट मिला, लेकिन अब मेकर्स ने दोबारा तारीख बदलने का फैसला किया है। यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब अक्टूबर का थिएट्रिकल कैलेंडर लगातार ज्यादा व्यस्त होता जा रहा है और बड़ी फिल्मों के प्रदर्शन का असर अगली रिलीज की स्क्रीन उपलब्धता पर भी पड़ सकता है। मेकर्स ने अपने फैसले को बेहतर रिलीज विंडो और ज्यादा स्क्रीन सुनिश्चित करने की रणनीति बताया है। फिल्म के बार-बार टलने से अब इसकी नई रिलीज को लेकर उत्सुकता और बढ़ गई है।
‘उड़ता तीर’ अब 23 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इससे पहले इसकी रिलीज 9 अक्टूबर तय थी और शुरुआत में फिल्म 11 सितंबर के लिए शेड्यूल थी। यानी यह दूसरी बार है जब फिल्म की रिलीज आगे खिसकी है। ताजा रिपोर्टों के मुताबिक, मेकर्स अक्टूबर के ज्यादा व्यस्त थिएट्रिकल कैलेंडर के बीच फिल्म के लिए ज्यादा साफ रिलीज विंडो चाहते हैं।
फिल्म की टीम ने प्रेस नोट में कहा, “उड़ता तीर अपने ट्रेलर और लगातार चल रहे प्रमोशन की वजह से उत्साह पैदा कर रही है। फिल्म की अच्छी ट्रैकिंग को देखते हुए मेकर्स ने 23 अक्टूबर पर रिलीज करने का समझदारी भरा और व्यावहारिक फैसला लिया है, ताकि इसे ज्यादा साफ रिलीज विंडो और मजबूत थिएट्रिकल रन मिल सके, बजाय इसके कि अचानक से भीड़भाड़ वाले बाजार में स्क्रीन को लेकर समझौता करना पड़े।” हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में अंदाजा लगाया जा रहा है कि अजय देवगन स्टारर 'दृश्यम द कन्क्लूजन' की बंपर ओपनिंग को देखते हुए 'उड़ता तीर' को आगे बढ़ाया गया है, ताकि क्लैश से होने वाले असर से बचा जा सके।
2 अक्टूबर को ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन’ की रिलीज के बाद अक्टूबर में कई दूसरी फिल्में और प्रीव्यू शेड्यूल हैं। 9 अक्टूबर से ‘गोंधल’ की एक्सक्लूसिव प्रीव्यू स्क्रीनिंग शुरू होनी है, जबकि 16 अक्टूबर को राजकुमार राव की ‘प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम’ और यामी गौतम की ‘नयी नवेली’ के रिलीज होने की खबर है। ऐसे में ‘उड़ता तीर’ की टीम ने अपेक्षाकृत खाली स्लॉट चुनने का फैसला किया है।
यह भी पढ़ें :'दृश्यम 3' ने पहले दिन रचा इतिहास, 'जवान' को पछाड़ा, टॉप 5 हिंदी ओपनर्स में इस नंबर पर किया कब्ज़ा
आकाश ए काशिक के निर्देशन में बनी यह फिल्म स्पाई कॉमेडी के जॉनर में है। आयुष्मान खुराना ने बताया है कि वह फिल्म में एक पाकिस्तानी जासूस का किरदार निभाते हैं, जिसकी याददाश्त चली जाती है और वह भूल जाता है कि वह किस देश से ताल्लुक रखता है। वहीं सारा अली खान के साथ फिल्म की कहानी में कॉमेडी, एक्शन और देशभक्ति का मिश्रण देखने को मिलेगा। फिल्म में आयुष्मान और सारा के अलावा राहुल बोस, राम कपूर, सुहैल नैयर, गुलशन ग्रोवर, मुकुल देव, रघुबीर यादव, बृजेंद्र काला, संदीप आनंद, सुप्रिया पिलगांवकर और स्मिता तांबे नजर आएंगे। फिल्म को करण जौहर, अदार पूनावाला, अपूर्व मेहता, गुनीत मोंगा कपूर और अचिन जैन प्रोड्यूस कर रहे हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।