Pratap Film Review: अमित साध की 'प्रताप' एक दबंग एनकाउंटर स्पेशलिस्ट के जेल पहुंचने के बाद बदलती जिंदगी की कहानी है। दमदार एक्टिंग और सस्पेंस फिल्म को खास बनाते हैं।

पुलिस की वर्दी में कभी अपराधियों के लिए खौफ का दूसरा नाम रहा एक अधिकारी जब खुद सलाखों के पीछे पहुंच जाए, तो उसकी जिंदगी में क्या-क्या बदल सकता है? निर्माता प्रदीप रंगवानी और निर्देशक सचिन सराफ की फिल्म 'प्रताप' इसी दिलचस्प सवाल को पर्दे पर उतारती है। अमित साध इसमें एक ऐसे एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की भूमिका निभा रहे हैं, जिसकी बहादुरी और पहचान पर अचानक सवाल उठने लगते हैं। फिल्म में एक्शन, सस्पेंस और इमोशन का मेल है। लेकिन क्या इसकी कहानी और क्लाइमेक्स दर्शकों को आखिर तक बांधे रख पाते हैं? आइए जानते हैं।

क्या है 'प्रताप' की कहानी?

फिल्म की कहानी आईपीएस अधिकारी प्रताप रानाडे (अमित साध) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने एनकाउंटर के लिए जाना जाता है। मुंबई में एक खूंखार अपराधी को पकड़ने के दौरान हार्ट अटैक से उसकी मौत हो जाती है। घटनास्थल का वीडियो सोशल मीडिया पर इस तरह वायरल होता है कि प्रताप पर हत्या के आरोप लगने लगते हैं। देखते ही देखते उसके पिछले 26 एनकाउंटर भी जांच के दायरे में आ जाते हैं। जेल पहुंचने के बाद उसका सामना जेलर मीरा सेन (सीमा बिस्वास) से होता है। अब उसे अपनी बेगुनाही और खोई हुई प्रतिष्ठा के लिए लड़ना है। फिल्म का सस्पेंस इसी सवाल के इर्द-गिर्द आगे बढ़ता है कि आखिर उस वीडियो के पीछे की सच्चाई क्या है।

कैसी है 'प्रताप' की स्टार कास्ट की परफॉर्मेंस?

अमित साध फिल्म की सबसे बड़ी ताकत हैं। वर्दी में उनका दबंग और आक्रामक अंदाज हो या जेल में टूटते आत्मविश्वास के साथ संघर्ष करता एक बेबस इंसान, वह दोनों रूपों में असर छोड़ते हैं। चेहरे पर गुस्सा, आंखों में दर्द और खुद को बेगुनाह साबित करने की बेचैनी उनके किरदार को मजबूत बनाती है। इसे उनके प्रभावशाली कमबैक के तौर पर देखा जा सकता है। सीमा बिस्वास जेलर मीरा सेन के किरदार में दमदार हैं। तिग्मांशु धूलिया और मिलिंद गुनाजी भी अपनी भूमिकाओं में जंचते हैं। ईशा देओल का काम ठीक-ठाक है, जबकि बाकी कलाकार भी कहानी को सहारा देते हैं।

कैसा है सचिन सराफ का डायरेक्शन?

निर्देशक सचिन सराफ ने पुलिस ड्रामा को सिर्फ एनकाउंटर और एक्शन तक सीमित नहीं रखा है। कहानी में राजनीतिक दबाव, जेल की दुनिया, न्याय व्यवस्था और एक अधिकारी के भीतर चल रहे भावनात्मक संघर्ष को भी जगह दी गई है। प्रताप के बदलते हालात और उसके व्यक्तित्व में आने वाले बदलाव को धीरे-धीरे दिखाया गया है। हालांकि कुछ हिस्सों में कहानी की रफ्तार धीमी पड़ती है, लेकिन मुख्य कथानक और सस्पेंस दर्शकों की दिलचस्पी बनाए रखते हैं।

कैसा है फिल्म का म्यूजिक और टेक्निकल फ्रंट?

फिल्म का बैकग्राउंड स्कोर सस्पेंस और तनाव को बढ़ाने में मदद करता है। खासकर अहम दृश्यों में संगीत कहानी के असर को मजबूत करता है। सिनेमैटोग्राफर अनिल अक्की ने जेल के अंधेरे माहौल, बंद दीवारों की घुटन और किरदारों की मनोदशा को कैमरे में अच्छी तरह उतारा है। एडिटिंग कहानी को आगे बढ़ाती है, हालांकि कुछ दृश्यों में और कसावट होती तो फिल्म ज्यादा प्रभावी बन सकती थी। कुल मिलाकर तकनीकी पक्ष कहानी के मिजाज के अनुरूप है।

क्यों देखें 'प्रताप'?

'प्रताप' एक ऐसे पुलिस अधिकारी की कहानी है, जो कभी कानून की ताकत था और अब उसी कानून के सामने अपनी पहचान बचाने की कोशिश कर रहा है। मजबूत विषय, अमित साध का एक्टिंग और सस्पेंस से भरा क्लाइमेक्स फिल्म को देखने लायक बनाते हैं। कुछ धीमे हिस्सों के बावजूद यह एक गंभीर और भावनात्मक पुलिस ड्रामा के तौर पर असर छोड़ती है। हमारी ओर से फिल्म को 5 में से 3.5 स्टार।