
अहमद खान के निर्देशन में बनी मल्टीस्टारर कॉमेडी-एक्शन फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। पहले वीकेंड में बेहतरीन कमाई करने के बाद फिल्म ने सोमवार की अग्निपरीक्षा भी सफलतापूर्वक पार कर ली है। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार फिल्म ने रिलीज के चौथे दिन वीकेंड के मुकाबले कम कमाई जरूर की, लेकिन सोमवार के हिसाब से मजबूती मानी जा रही है। चार दिन में फिल्म का भारत में कुल नेट कलेक्शन 70 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। अब फिल्म की नजर पहले हफ्ते के बड़े आंकड़े पर है।
ट्रेड ट्रैकर Sacnilk के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक 'वेलकम टू द जंगल' ने रिलीज के चौथे दिन यानी पहले सोमवार को 8.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया। वीकेंड के मुकाबले कमाई में गिरावट आई, लेकिन सोमवार के ट्रेंड को देखते हुए फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर अच्छी पकड़ बनाए रखी है। दूसरी फिल्मों से मिल रही चुनौती के बावजूद फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही।
यह भी पढ़ें : 'वेलकम टू द जंगल' के पहले प्रोमो में दिखे वो 5 एक्टर, जो फिल्म में कहीं नज़र ही नहीं आए
फिल्म ने गुरुवार के पेड प्रीव्यू से 3.75 करोड़ रुपये जुटाए थे। इसके बाद पहले शुक्रवार को 15.25 करोड़ रुपये, शनिवार को 20 करोड़ रुपये और रविवार को अब तक की सबसे बड़ी 24.75 करोड़ रुपये की कमाई दर्ज की। सोमवार के 8.50 करोड़ रुपये जोड़ने के बाद फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 72.25 करोड़ रुपये और ग्रॉस कलेक्शन 85.67 करोड़ रुपये हो गया है। वहीं वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर यह 100 करोड़ के आंकड़े को पार करते हुए 106.48 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है। इसमें 3 करोड़ रुपए का ग्रॉस कलेक्शन फिल्म ने सोमवार को ओवरसीज मार्केट से किया है। विदेशों में फिल्म की कुल ग्रॉस कमाई 19.95 करोड़ रुपए हो गई है।
'वेलकम टू द जंगल' की कहानी ऐसे गैंगस्टर्स, अपराधियों और अजीबोगरीब किरदारों के इर्द-गिर्द घूमती है, जिनकी राहें सीमा के पास मौजूद एक जंगल में टकराती हैं। फिल्म की शुरुआत एक ऐसे मिशन से होती है जो किसी फिल्म की शूटिंग जैसा दिखाई देता है, लेकिन धीरे-धीरे यह अपराध, गलतफहमी, जबरदस्त कॉमेडी और एक्शन से भरे घटनाक्रम में बदल जाता है। यही अनोखा मिश्रण फिल्म को दर्शकों के लिए मनोरंजक बनाता है।
यह भी पढ़ें : 'वेलकम टू द जंगल' के बाद आ अक्षय कुमार की यह नई कॉमेडी फिल्म, जानें रिलीज डेट
फिल्म में अक्षय कुमार के साथ सुनील शेट्टी, दिशा पाटनी, जैकलीन फर्नांडिस, अरशद वारसी, जैकी श्रॉफ, परेश रावल, रवीना टंडन, लारा दत्ता, फरीदा जलाल, जॉनी लीवर, श्रेयस तलपड़े, तुषार कपूर, राजपाल यादव, कृष्णा अभिषेक, कीकू शारदा, दलेर मेहंदी, आफताब शिवदासानी, मुकेश तिवारी, यशपाल शर्मा, किरण कुमार, जाकिर हुसैन, विंदू दारा सिंह, उर्वशी रौतेला, हेमंत पांडे, बृजेंद्र काला, फिरोज खान (अर्जुन), दिवंगत पंकज धीर, पुनीत इस्सर, सुदेश बेरी, जीतू वर्मा, वृही कोडवारा, आदित्य सिंह और भाग्य भानुशाली जैसे कई कलाकार नजर आ रहे हैं।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।