
विदेश में बैठकर भारत में आपराधिक नेटवर्क चलाने वाले गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लन ने अब बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन को निशाना बनाने की धमकी दी है। सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट और कथित ऑडियो में उसने कहा कि दोनों को बुलेटप्रूफ सुरक्षा भी नहीं बचा पाएगी। गोल्डी ने 1984 के सिख दंगों का जिक्र करते हुए बदला लेने की बात कही है। यह धमकी ऐसे समय आई है, जब दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने उसके दो कथित साथियों विकास ठाकुर और दीपक सिंह को गिरफ्तार किया है।
गोल्डी ढिल्लन का असली नाम गुरप्रीत सिंह बताया जाता है। वह पंजाब के पटियाला जिले के राजपुरा का रहने वाला है। उसका नाम लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ से जुड़े आपराधिक नेटवर्क में सामने आता रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उसने शुरुआत में गोल्डी बराड़ के साथ काम किया और बाद में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नेटवर्क से जुड़ गया।
गोल्डी ढिल्लन पर रंगदारी, फायरिंग और टारगेट किलिंग जैसी आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप हैं। पंजाब, चंडीगढ़ और विदेशों में सक्रिय उसके नेटवर्क की जांच अलग-अलग एजेंसियां करती रही हैं। वह एनआईए की जांच वाले चंडीगढ़ के सेक्टर-5 फायरिंग मामले में भी आरोपी है। जुलाई 2026 में उसके स्पेन में पकड़े जाने की खबर सामने आई थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी बताया गया है। जांच एजेंसियों को संदेह है कि अमिताभ बच्चन के मुंबई स्थित घर जलसा के बाहर फायरिंग की साजिश रची जा रही थी। पुलिस इस मामले में आरोपियों की भूमिका और धमकी के पीछे के नेटवर्क की जांच कर रही है।
हालांकि, गोल्डी ढिल्लन की सोशल मीडिया पोस्ट और उसमें किए गए दावों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। धमकी की गंभीरता को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियों की जांच अहम हो गई है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।