
Ramya Slams Dhurandhar 2: रणवीर सिंह की फिल्म 'धुरंधर 2' बॉक्स ऑफिस पर एक के बाद एक रिकॉर्ड तोड़ रही है। रिलीज के पहले ही दिन 100 करोड़ से ज्यादा कमाई कर फिल्म बॉलीवुड की सबसे बड़ी ओपनर बन चुकी है। धुरंधर 2 की तमाम क्रिटिक्स से लेकर आम पब्लिक तक हर कोई तारीफ कर रहा है, लेकिन एक एक्ट्रेस ऐसी है, जिसने न सिर्फ मूवी को 'बकवास' बताया है बल्कि रणवीर सिंह की एक्टिंग का भी जमकर मजाक उड़ाया।
धुरंधर 2 का मजाक उड़ाने वाली इस एक्ट्रेस का नाम राम्या (दिव्या स्पंदना) है। पूर्व लोकसभा सांसद, प्रोड्यूसर और कन्नड़ एक्ट्रेस राम्या ने 19 मार्च को रिलीज हुई धुरंधर 2 को देखने के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक लंबी-चौड़ी पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने फिल्म और रणवीर सिंह की तीखी आलोचना की है।
राम्या ने लिखा, यह किसी सबसे उबाऊ विषय की किताब पढ़ने जैसा है, जिसके चैप्टर कभी खत्म ही नहीं होते और एक समय ऐसा आता है, जब आपका दिमाग हार मान लेता है और आपके सामने हो रही इस 'अत्याचार' को देखकर निराशा में हंसने लगता है। अगर आप सच में इसे देखना चाहते हैं, तो खुद पर एक एहसान करें। थिएटर में अपना समय या पैसा बर्बाद न करें। यह पूरी तरह से ऐसा कंटेंट है, जिसे देखते हुए आप 'पॉज करें, फोन चलाएं और अपनी जिंदगी के फैसलों पर सवाल उठाएं'। इसे स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर देखना ही सबसे अच्छा है, जहां आप बस एक क्लिक में इससे बचकर निकल सकते हैं।
राम्या ने फिल्म में रणवीर सिंह की एक्टिंग पर भी मजाकिया अंदाज में निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “लोग कह रहे हैं कि रणवीर ने फिल्म को अपने कंधों पर उठाया है, लेकिन मुझे तो पूरी फिल्म में सिर्फ उनके बाल ही दिखाई दिए।”उन्होंने आगे कहा कि पहले पार्ट में उनके बालों की एक अलग पहचान थी, लेकिन इस बार वे सिर्फ सीन को ब्लॉक करते नजर आए। यहां तक कि उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि रणवीर सिंह के बालों को ‘बेस्ट सपोर्टिंग रोल’ के लिए नॉमिनेट कर देना चाहिए।
राम्या ने फिल्म के लगभग हर पहलू की आलोचना की।
राम्या के मुताबिक, फिल्म में कई सीन ऐसे हैं जो तर्क से परे हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि एक किरदार दोनों पैर कटने और बॉडी पर केरोसिन डालने के बाद भी ऐसे डायलॉग बोलता है जैसे वह किसी “टेड टॉक” में हो। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा कि ऐसा लगता है जैसे फिल्म को जल्दबाजी में बिना ज्यादा सोच-विचार के रिलीज कर दिया गया। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि ऐसे सीन के लिए ऑस्कर नहीं, बल्कि नोबेल प्राइज मिलना चाहिए।
राम्या ने फिल्म में दिखाई गई अत्यधिक हिंसा की भी आलोचना की। उन्होंने फिल्म को 'हथियारों का विजुअल हैंडबुक' बताया, जिसमें सिरिंज और स्पैनर जैसी आम चीजों को भी हथियार के रूप में इस्तेमाल किया गया है।
राम्या ने धुरंधर 2 को 'बहुत बड़ी निराशा' और 'उबाऊ' फिल्म बताया। उन्होंने डायरेक्टर आदित्य धर को सलाह दी कि अब जिंगोइज्म (अंधराष्ट्रवाद) और प्रोपेगैंडा से बाहर निकलने का समय आ गया है। साथ ही उन्होंने रणवीर सिंह से कहा कि वे इस तरह की फिल्मों से कहीं बेहतर एक्टर हैं।
दिव्या स्पंदना का जन्म 29 नवंबर 1982 को कर्नाटक के बेंगलुरू में हुआ। 43 साल की दिव्या को प्रोफेशनली राम्या के नाम से जाना जाता है। राम्या ने फिल्मों के साथ ही कर्नाटक के मांड्या निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा में सांसद के रूप में काम किया है। उन्होंने कन्नड़ के अलावा तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी काम किया है। उन्हें 'सैंडलवुड क्वीन' भी कहा जाता है। राम्या को दो फिल्मफेयर पुरस्कार, उदय पुरस्कार और कर्नाटक राज्य फिल्म पुरस्कार मिल चुके हैं। राम्या आखिरी बार जनवरी 2026 में रिलीज हुई मूवी 'रक्त कश्मीर' में नजर आईं। इसमें उन्होंने नंदिनी का किरदार निभाया।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।