
रॉकिंग स्टार यश की आने वाली फिल्म 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' की रिलीज़ डेट बदल दी गई है। प्रोडक्शन कंपनी मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स और केवीएन प्रोडक्शंस ने यह जानकारी दी है। पहले यह फिल्म 4 जून, 2026 को दुनिया भर में रिलीज़ होने वाली थी, लेकिन अब मेकर्स ने इसे और बड़े लेवल पर ग्लोबल रिलीज़ करने का फैसला किया है। मेकर्स ने बताया कि नई रिलीज़ डेट का ऐलान जल्द ही किया जाएगा।
यह फैसला हाल ही में हुए 'सिनेमाकॉन 2026' इवेंट के बाद लिया गया है। वहां फिल्म की एक स्पेशल प्रेजेंटेशन रखी गई थी, जिसे ज़बरदस्त रिस्पॉन्स मिला। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ग्लोबल डिस्ट्रिब्यूटर्स और इंटरनेशनल सिनेमा के बड़े नामों से मिली तारीफ के बाद फिल्म के लिए एक बड़ी इंटरनेशनल रिलीज़ की संभावनाएं खुल गई हैं। इसी वजह से मेकर्स ने रिलीज़ को लेकर दोबारा सोचने का फैसला किया।
फिल्म का काम पूरा हो चुका है और अब मेकर्स ग्लोबल डिस्ट्रिब्यूशन डील्स और बड़ी इंटरनेशनल पार्टनरशिप पक्की करने में जुटे हैं। टीम का कहना है कि उनका मकसद फिल्म को दुनिया भर के दर्शकों तक उसी बड़े पैमाने पर पहुंचाना है, जिसकी वह हकदार है। इस फिल्म की कहानी यश और गीतू मोहनदास ने मिलकर लिखी है और गीतू मोहनदास ही इसे डायरेक्ट कर रही हैं।
"कुछ फिल्में ऐसी होती हैं जो हमें याद दिलाती हैं कि हम सिनेमा से प्यार क्यों करते हैं। 'टॉक्सिक' एक ऐसा ही अनुभव है। सिनेमाकॉन में मिले ग्लोबल रिस्पॉन्स ने हमारे इस यकीन को और पक्का कर दिया कि यह फिल्म अपनी पूरी क्षमता के साथ दुनिया तक पहुंचनी चाहिए। टॉक्सिक पूरी हो चुकी है और हम ग्लोबल डिस्ट्रिब्यूशन डील्स और इंटरनेशनल पार्टनरशिप पर काम कर रहे हैं। इसी वजह से हमने रिलीज़ डेट बदलने का फैसला किया है। भले ही फिल्म 4 जून को रिलीज़ नहीं हो रही है, लेकिन हम इसे ग्लोबल लेवल पर एक सही तारीख पर रिलीज़ करेंगे। टॉक्सिक जल्द ही दुनिया भर के सिनेमाघरों में आएगी।
यह एक ऐसा दौर है जब इंडियन सिनेमा अपनी आवाज़ ढूंढ रहा है और ग्लोबल स्टेज पर जा रहा है। ऐसे में इसका स्टैंडर्ड बढ़ाना हम सबकी ज़िम्मेदारी है। एक एक्टर और प्रोड्यूसर के तौर पर, मैं इसे इंडियन सिनेमा और हम सबके लिए अपनी ज़िम्मेदारी निभाने का एक मौका मानता हूं। मैं मानता हूं कि इस फिल्म को दुनिया तक उस तरह पहुंचाने के लिए ज़रूरी समय लेना मेरा फ़र्ज़ है, जिस तरह इसे पहुंचना चाहिए।
आपके सपोर्ट के लिए मैं हमेशा शुक्रगुज़ार हूं। कुछ कहानियों और सफ़र में सब्र की ज़रूरत होती है। हम वादा करते हैं कि आपको एक ऐसी फिल्म देंगे जिसे आप एंजॉय और सेलिब्रेट करेंगे - एक ऐसी फिल्म जो इंडियन सिनेमा के लिए गर्व का पल बनेगी।"
यश के अलावा इस फिल्म में नयनतारा, कियारा आडवाणी, हुमा कुरैशी, रुक्मिणी वसंत और तारा सुतारिया भी अहम किरदारों में हैं। यह फिल्म कन्नड़ और इंग्लिश में शूट की गई है। इसे हिंदी, तमिल, तेलुगु और मलयालम में भी डब करके रिलीज़ किया जाएगा। केवीएन प्रोडक्शंस और मॉन्स्टर माइंड क्रिएशन्स के बैनर तले बनी 'टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स' अब एक नई तारीख पर दुनिया भर के सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।