
यश राज फिल्म्स की एक्शन एंटरटेनर फिल्म 'अल्फा' दुनियाभर के सिनेमाघरों में शानदार प्रदर्शन कर रही है। आलिया भट्ट और शर्वरी अभिनीत इस फिल्म ने अब तक वैश्विक बॉक्स ऑफिस पर 92.75 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। फिल्म अपने दमदार एक्शन, रोमांचक कहानी और शानदार विजुअल प्रेजेंटेशन के कारण दर्शकों की पसंद बनी हुई है।
हालांकि फिल्म की सफलता के बीच जिस पहलू ने सबसे ज्यादा लोगों का ध्यान खींचा है, वह है अभिनेता बॉबी देओल का बेहद वास्तविक डी-एजिंग लुक। फिल्म के एक अहम हिस्से में उन्हें उनके शुरुआती करियर यानी 'सोल्जर', 'गुप्त' और 'बरसात' वाले दौर के युवा अवतार में दिखाया गया है, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया है।
बॉबी देओल के युवा रूप को पर्दे पर दिखाने का काम यश राज फिल्म्स के इन-हाउस YFX स्टूडियोज़ ने किया है। इस तकनीक का उद्देश्य केवल आधुनिक वीएफएक्स दिखाना नहीं था, बल्कि कहानी को भावनात्मक रूप से और प्रभावशाली बनाना था। स्टूडियो ने इस तरह विजुअल तैयार किए कि दर्शकों को ऐसा महसूस हो जैसे वे वास्तव में किरदार को उसकी जिंदगी के उसी दौर में देख रहे हों।
फिल्म के निर्देशक शिव रवैल का कहना है कि शुरुआत से ही डी-एजिंग का उद्देश्य केवल तकनीकी प्रदर्शन नहीं था। उन्होंने कहा कि हर रचनात्मक फैसला कहानी को मजबूत बनाने के लिए लिया गया। उनके अनुसार, दर्शकों को पूरी तरह यह विश्वास होना चाहिए कि वे किरदार को उसके जीवन के एक खास दौर में देख रहे हैं। अगर यह अनुभव स्वाभाविक नहीं लगता, तो भावनात्मक प्रभाव भी कमजोर पड़ जाता। उन्होंने बताया कि पूरी टीम की सबसे बड़ी चुनौती यही थी कि तकनीक पर्दे के पीछे रहे और दर्शकों का ध्यान केवल कहानी और कलाकारों के अभिनय पर केंद्रित रहे।
बॉबी देओल ने इस अनुभव को अपने करियर का बेहद खास पल बताया। उन्होंने कहा कि अपने चेहरे से वर्षों का असर गायब होते देखना उनके लिए बिल्कुल नया अनुभव था। उनके मुताबिक उन्होंने अपने करियर में कई अलग-अलग किरदार निभाए हैं, लेकिन इस तरह की तकनीक का इस्तेमाल पहली बार देखा। इससे उन्हें महसूस हुआ कि फिल्म निर्माण तकनीक कितनी तेजी से आगे बढ़ चुकी है। बॉबी ने यह भी कहा कि तकनीक कलाकार की मदद जरूर करती है, लेकिन किसी भी किरदार की भावनाओं को सच्चाई के साथ निभाने की जिम्मेदारी आखिरकार अभिनेता की ही होती है।
YFX स्टूडियोज़ की प्रमुख और वीएफएक्स सुपरवाइज़र शेरी भारदा ने बताया कि आज के दर्शक विजुअल इफेक्ट्स को लेकर काफी जागरूक हैं। इसलिए उनका प्रयास था कि पूरा डी-एजिंग इफेक्ट इतना स्वाभाविक लगे कि तकनीक नजर ही न आए। उन्होंने बताया कि पहली बार पूरे सीक्वेंस में बड़े स्तर पर AI और VFX का संयुक्त इस्तेमाल किया गया। बॉबी देओल के शुरुआती दौर की सीमित फुटेज होने के कारण यह प्रक्रिया काफी चुनौतीपूर्ण रही।
शेरी के अनुसार केवल चेहरा युवा दिखाना पर्याप्त नहीं होता। त्वचा, झुर्रियां, आंखों की अभिव्यक्ति और चेहरे की छोटी-छोटी बारीकियों को भी उसी तरह बनाए रखना जरूरी होता है। AI आधारित डी-एजिंग में अक्सर 'डेड आइज़' जैसी समस्या आती है, इसलिए टीम ने AI और कलाकारों की विशेषज्ञता का मिश्रित मॉडल अपनाया, जिससे हर फ्रेम पर पूरी गुणवत्ता और नियंत्रण बनाए रखा जा सका।
'अल्फा' में किया गया यह डी-एजिंग कार्य यश राज फिल्म्स के YFX स्टूडियोज़ के लिए एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। यह दिखाता है कि स्टूडियो विश्वस्तरीय फिल्म निर्माण तकनीकों में लगातार निवेश कर रहा है और हर तकनीकी नवाचार का इस्तेमाल केवल कहानी को और प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से कर रहा है। आदित्य चोपड़ा द्वारा निर्मित और शिव रवैल के निर्देशन में बनी 'ऐल्फा' में आलिया भट्ट, शर्वरी, बॉबी देओल और अनिल कपूर मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म फिलहाल दुनियाभर के सिनेमाघरों में सफलतापूर्वक प्रदर्शित हो रही है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।