
‘बिग बॉस 20’ के कंटेस्टेंट यंग DSA इन दिनों अपने गेम से ज्यादा अपने बोलने के अंदाज को लेकर चर्चा में हैं। शो में यंग जिस तरह के एक्सेंट और टोन में बात करते नजर आते हैं, उसे लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठ रहे हैं। इसी बीच गौहर खान ने भी यंग DSA के पुराने वीडियोज का जिक्र करते हुए उनके गेम और बोलने के अंदाज पर सवाल खड़े किए। अब यंग DSA के भाई प्रणय ने गौहर खान की बातों पर प्रतिक्रिया देते हुए अपने भाई का बचाव किया है।
दरअसल, यंग DSA के कुछ पुराने इंटरव्यू और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इन वीडियोज में वह काफी अलग अंदाज में हिंदी और इंग्लिश बोलते नजर आ रहे हैं। इसे लेकर कुछ सोशल मीडिया यूजर्स का कहना है कि ‘बिग बॉस 20’ के घर में यंग का बोलने का अंदाज काफी अलग दिखाई देता है। पहले भी उनके एक्सेंट की तुलना एमसी स्टेन से की जा चुकी है।
और पढ़ें - मनोज तिवारी ने दिया रीति तिवारी का साथ, बोले- 'ये सिर्फ एक खेल है मैं भी बिग बॉस में रहा हूं...'
इसी मुद्दे पर गौहर खान ने भी अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि यंग DSA के पुराने इंटरव्यू में उनका एक्सेंट काफी सामान्य सुनाई देता है, जबकि शो में वह अलग टोन में बात करते हैं। गौहर ने सवाल किया कि अगर काजी तौकीर को उनके व्यवहार और कथित तौर पर अपना असली रूप नहीं दिखाने को लेकर सवालों का सामना करना पड़ा है, तो क्या यंग DSA के मामले में भी यही पैमाना अपनाया जाएगा? हालांकि, गौहर ने यह भी साफ किया कि उन्हें यंग DSA से कोई निजी परेशानी नहीं है। उन्होंने यंग को पसंद करने की बात कही और उन्हें एक अच्छा और बैलेंस्ड कंटेस्टेंट बताया। गौहर का मानना है कि यंग टॉप 5 तक पहुंच सकते हैं।
गौहर खान के सवालों के बाद अब यंग DSA के भाई प्रणय ने सोशल मीडिया पर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने कहा कि प्रोफेशनल माहौल में अलग तरह से बात करना फेक होने का सबूत नहीं है। प्रणय के मुताबिक, यंग DSA पढ़े-लिखे और समझदार हैं और उन्हें अच्छी तरह पता है कि किस जगह, किस व्यक्ति के साथ और किस टोन में बात करनी है। उन्होंने बताया कि इंटरव्यू, पैनल और प्रोफेशनल जगहों पर यंग हिंदी और इंग्लिश दोनों में सहजता से बात करते हैं।
वहीं, ‘बिग बॉस’ के घर में वह अपने रॉ और ओरिजिनल अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनके भाई ने कहा कि इसमें उनका स्लैंग, टोन, हसल और जिस माहौल से वह आते हैं, उसका असर दिखाई देता है। उन्होंने यह भी कहा कि पुणे में इसी तरह का स्लैंग और टोन युवाओं के बीच सुनने को मिलता है।
और पढ़ें - Bigg Boss 20: ‘मुझे धोखा मिला...’, गुल्लू की Ex-गर्लफ्रेंड कायरा अनु ने ब्रेकअप पर तोड़ी चुप्पी
प्रणय ने यंग DSA पर किसी दूसरे रैपर की नकल करने के आरोपों को भी खारिज किया। उन्होंने कहा कि उनका भाई अपने आप में काफी आत्मनिर्भर है और उसे किसी को कॉपी करने की जरूरत नहीं है। उन्होंने अपने बयान में यह भी कहा कि यंग के प्रोफेशनल और पर्सनल माहौल में बोलने के तरीके अलग हो सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि इनमें से कोई एक नकली है। उनके मुताबिक, दोनों ही अंदाज यंग की असली पर्सनैलिटी का हिस्सा हैं। यंग DSA के भाई ने लोगों से उनके एजुकेशनल बैकग्राउंड और कम्युनिकेशन स्टाइल को लेकर आलोचना करने के बजाय उन्हें समझने की अपील की। आखिर में उन्होंने ‘एजुकेट योरसेल्फ’ कहते हुए अपनी बात खत्म की।
यंग DSA के गेम को लेकर इससे पहले सलमान खान भी सवाल उठा चुके हैं। हालिया ‘वीकेंड का वार’ में सलमान ने यंग को उनके ग्रुप के साथ रहने और उनके इंडिविजुअल गेम को लेकर फीडबैक दिया था। सलमान के मुताबिक, ग्रुप का हिस्सा बनने की वजह से यंग का अपना गेम उतना खुलकर सामने नहीं आ पा रहा था। यंग ने सलमान की बात पर अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा था कि आगे से ऐसा दोबारा नहीं होगा। फिलहाल, यंग DSA के पुराने वीडियोज, उनके बिग बॉस वाले अंदाज और गौहर खान की टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है। अब उनके भाई प्रणय के जवाब के बाद यह मुद्दा एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
मनोरंजन जगत की सबसे खास खबरें अब एक क्लिक पर। फिल्में, टीवी शो, वेब सीरीज़ और स्टार अपडेट्स के लिए Bollywood News in Hindi और Entertainment News in Hindi सेक्शन देखें। टीवी शोज़, टीआरपी और सीरियल अपडेट्स के लिए TV News in Hindi पढ़ें। साउथ फिल्मों की बड़ी ख़बरों के लिए South Cinema News, और भोजपुरी इंडस्ट्री अपडेट्स के लिए Bhojpuri News सेक्शन फॉलो करें — सबसे तेज़ एंटरटेनमेंट कवरेज यहीं।