Photos; नंदगांव के हुरियारों पर बरसाने की सखियों ने कुछ ऐसे बरसाईं प्रेम की लाठियां

मथुरा(Uttar Pradesh ). कान्हा की नगरी में इन दिनों होली की खुमारी छाई हुई है। ब्रज में सवा महीने चलने वाली होली के उत्सव शुरू हो चुके हैं। बुधवार देर रात तक बरसाने में लठमार होली खेली गई। नंदगांव से होली खेलने आए हुरियारों पर बरसाने की सखियों ने रंगों के साथ लाठियां भी बरसाई। लम्बे समय से चली आ रही इस परम्परा का पूरे उत्साह के साथ निर्वहन  किया गया। इस दौरान डीएम,एसपी के साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहा। 
 

Asianet News Hindi | Published : Mar 5, 2020 8:14 AM IST / Updated: Mar 05 2020, 01:54 PM IST

17
Photos; नंदगांव के हुरियारों पर बरसाने की सखियों ने कुछ ऐसे बरसाईं प्रेम की लाठियां
बुधवार को लठमार होली खेलने के लिए नंदगांव से हुरियारे राधारानी के गांव बरसाना पहुंचे। यहां पहले से ही हाथों में प्रेमपगी लाठियां लिए सजी-धजी हुरियारिनों ने रंगीली गली में उनके साथ जमकर होली खेली। लठमार होली को देखने के लिए देश विदेश से हजारों श्रद्धालु बरसाना आए हैं। रंगीली गली में अबीर-गुलाल के साथ ही प्रेमभरी लाठियां बरस रही हैं।
27
लठमार होली के बारे में मान्यता है कि बरसाना में कन्हैया अपनी मित्र मंडली के साथ होली खेलने जाते थे। वो राधा व उनकी सखियों से हंसी ठिठोली करते थे तो राधा व उनकी सखियां कन्हैया और उनकी टोली पर प्रेम भरी लाठियां बरसाती थीं। ब्रज में होली का पर्व वसंत पंचमी से रंग पंचमी तक मनाया जाता है। यहां हर स्थान की होली मनाने की परम्परा एक दूसरे से अलग है। जिसमे नंदगांव और बरसाना की लठमार होली विश्वप्रसिद्ध है।
37
नंदगांव के ग्वाले बरसाने कि पीली पोखर पर वहां की हुरियारिनो से आकर लठमार होली खेलते हैं। नंदगांव के लोगों का बरसाने के गोस्वामी समाज द्वारा स्वागत सत्कार किया जाता है। उनका स्वागत ठीक ऐसे ही होता है जैसे कोई अपने बेटी के ससुराल वालों का करता है। माना जाता है कि नंदगांव के लोग कान्हा की ससुराल आये हैं।
47
नंदगांव के लोगों को बरसाने के लोग भांग पिलाकर सभी को होली खेलने के लिए रंगीली गली में चलने का आमंत्रण देते हैं। पीली पोखर पर लठमार होली के बाद नंदगांव के हुरियारे अपने सर पगड़ी बांध कर वहीं तैयार होते है और कन्हैया की ससुराल रंगीली गली जाने के लिए निकलते हैं। सबसे पहले बरसाने के राधा रानी मंदिर में बरसाने और नंदगांव के लोग मिलकर बधाई गायन करने के बाद टेसू से बने रंग से एक दूसरे को सराबोर करते हैं।
57
बुधवार को पूरे दिन बरसाना हर तरफ से रंग और गुलाल से सराबोर दिखाई दिया। देश- विदेश से लाखों लोग इस परम्परा के गवाह बने। सभी ने खूब होली खेली और जमकर ठुमके लगाए। हर तरफ फाग गीतों और बधाई गीतों की बयार बहती दिखाई दी।
67
होली में नंदगांव के सभी युवक कृष्ण के सखा के रूप में होली खेलने जाते हैं। जबकि बरसाने की सभी महिलाएं राधा रानी की सखी बनी रहती हैं। पूरी परम्परा का निर्वहन ऐसे किया जाता है जैसे द्वापर युग में भगवान कृष्ण स्वयं होली खेल रहे हों।
77
लठमार होली में पूरे समय डीएम सर्वज्ञराम मिश्रा व एसपी डॉ गौरव ग्रोवर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। इस मौके पर एसपी ने मजाकिया लहजे में कहा कि हम देख रहे हैं कि हुरियारिनें लाठियां बरसा रही हैं लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं होगी। उन्होंने कहा कि ये प्रेम की लाठियां हैं।
Share this Photo Gallery
click me!
Recommended Photos