
Saurav Das Biography: पिछले करीब दो महीनों से Cockroach Janta Party (CJP) देशभर में राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का बड़ा विषय बनी हुई है। इस आंदोलन ने बड़ी संख्या में छात्रों, प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं को अपने साथ जोड़ा। इस पूरे आंदोलन के दौरान जिन चेहरों ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं, उनमें सौरव दास का नाम प्रमुखता से सामने आया। अपने भाषणों, मीडिया इंटरव्यू और सोशल मीडिया एक्टिविटी के जरिए उन्होंने खुद को CJP के सबसे पहचान वाले चेहरों में शामिल कर लिया है। ऐसे में जानिए सौरव दास कौन हैं और उनकी एजुकेशनल क्वालिफिकेशन, प्रोफेशनल जर्नी कैसी रही है?
सौरव दास ने पत्रकारिता के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए अमिटी यूनिवर्सिटी से 2016 से 2019 के बीच बैचलर ऑफ आर्ट्स (जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन) की पढ़ाई की। कॉलेज के दौरान ही उन्होंने एक बड़े मीडिया संस्थान के न्यूज डेस्क पर दिसंबर 2018 से जनवरी 2019 तक इंटर्नशिप की, जहां उन्हें न्यूजरूम की कार्यप्रणाली और रिपोर्टिंग की शुरुआती समझ मिली।
ग्रेजुएशन के बाद सौरव दास ने अक्टूबर 2021 से अप्रैल 2022 तक पोस्ट वीडियो प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। इसके बाद मई 2022 में उन्होंने GLG में कंटेंट एसोसिएट की जिम्मेदारी संभाली और मार्च 2023 तक इस पद पर रहे। हालांकि, इन नौकरियों के साथ-साथ उन्होंने 2020 से स्वतंत्र पत्रकार (इंडिपेंडेंट जर्नलिस्ट) के रूप में भी लगातार काम जारी रखा। इसी दौरान उन्होंने खोजी रिपोर्टिंग और जनहित से जुड़े मुद्दों पर अपनी अलग पहचान बनाई।
ये भी पढ़ें- देश के नए शिक्षा मंत्री बने प्रह्लाद जोशी, जानिए पढ़ाई, राजनीतिक सफर, परिवार और कितनी है नेटवर्थ?
सौरव दास अपनी वेबसाइट sauravdas.in के जरिए रिपोर्ट, विश्लेषण और खोजी लेख प्रकाशित करते हैं। उनकी वेबसाइट पर सूचना के अधिकार (RTI) के जरिए जुटाई गई कई अहम रिपोर्ट भी मौजूद हैं। इनमें पनामा पेपर्स से जुड़े आयकर मामलों, पेगासस स्पाइवेयर को लेकर गृह मंत्रालय से मांगी गई जानकारी और उत्तर प्रदेश में कोविड मौतों के आंकड़ों से जुड़ी रिपोर्ट जैसे विषय शामिल हैं। इन्हीं रिपोर्टों ने उन्हें एक ऐसे पत्रकार के रूप में पहचान दिलाई, जो डॉक्यूमेंट्स और फैक्ट्स के आधार पर खबरों को सामने लाने की कोशिश करता है।
CJP आंदोलन के दौरान सौरव दास की सोशल मीडिया मौजूदगी में भी जबरदस्त बढ़ोतरी देखने को मिली। इंस्टाग्राम पर उनके 7 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जहां वे 'चलो संसद' प्रदर्शन, ग्राउंड रिपोर्ट, इंटरव्यू और आंदोलन से जुड़े अपडेट शेयर करते हैं। वहीं, एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर भी उनके 1.62 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं। यही वजह है कि आज वे CJP आंदोलन के सबसे चर्चित सार्वजनिक चेहरों में गिने जाते हैं।
ये भी पढ़ें- कौन हैं Abhijeet Dipke? AAP से Boston University तक...जानें अभिजीत दिपके की पूरी कहानी