
World's Most Expensive Tea: ज्यादातर लोगों के सुबह की शुरुआत कड़क चाय से होती है। घर से बाहर एक कप कटिंग चाय की कीमत 10-20 रुपए होती है। कुछ जगहों पर स्पेशल चाय 500 या 1,000 रुपए तक भी मिल जाती है। लेकिन दुनिया में एक ऐसी चाय भी है, जिसकी 1 चुस्की की कीमत में आप एक लग्जरी कार या गोल्ड ज्वैलरी तक खरीद सकते हैं। हम बात कर रहे हैं दुनिया के सबसे महंगी चाय की, जो करोड़ों रुपए किलो बिकती है। आइए जानते हैं यह चाय कौन सी है और इसमें ऐसा क्या खास है...
दुनिया की सबसे महंगी चाय चीन की मशहूर Da Hong Pao Tea है। Da Hong Pao का मतलब 'Big Red Robe' यानी बड़ा लाल चोगा होता है। यह चीन के फुजियान प्रांत के खूबसूरत वुई (Wuyi) पर्वत में उगाई जाने वाली एक खास ओलॉन्ग टी (Oolong Tea) है। यह इलाका दुनिया की बेहतरीन चाय के लिए मशहूर है और इसे यूनेस्को वर्ल्ड हेरिटेज साइट का दर्जा भी मिला हुआ है। ओलॉन्ग टी न तो पूरी तरह ग्रीन टी होती है और न ही ब्लैक टी। इसका स्वाद दोनों के बीच का होता है। इसमें फूलों जैसी खुशबू, हल्का स्मोकी फ्लेवर और मीठा आफ्टर टेस्ट मिलता है। यही वजह है कि दुनियाभर के चाय प्रेमी इसे बेहद खास मानते हैं।
Da Hong Pao की सबसे बड़ी खासियत इसकी दुर्लभता है। वुई पर्वत की चट्टानों के बीच आज भी सिर्फ 6 मूल (Mother Trees) मौजूद हैं। माना जाता है कि ये पेड़ कई सौ साल पुराने हैं और चीन की राष्ट्रीय धरोहर माने जाते हैं। चूंकि इन पेड़ों से बहुत कम मात्रा में चाय की पत्तियां मिलती थीं, इसलिए इसकी कीमत लगातार बढ़ती गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, असली Da Hong Pao के एक किलो की कीमत करोड़ों रुपए तक पहुंच सकती है। कुछ अनुमानों में इसकी कीमत ₹9 करोड़ प्रति किलोग्राम से भी ज्यादा बताई गई है।
Da Hong Pao की कीमत का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक मशहूर नीलामी में इसकी 20 ग्राम चाय की पत्तियां 2,08,000 युआन, यानी करीब ₹1.23 लाख में बिकी थीं। BBC की एक रिपोर्ट के मुताबिक, असली Da Hong Pao का 1 ग्राम करीब 1,400 डॉलर यानी करीब ₹1.2 लाख तक का हो सकता है। वजन के हिसाब से यह सोने से भी कई गुना ज्यादा कीमती मानी जाती है। अगर इसी असली चाय से एक छोटी केतली तैयार की जाए, तो उसकी कीमत ₹8 लाख से ज्यादा हो सकती है।
इस चाय की बढ़ती मांग और ऐतिहासिक महत्व को देखते हुए चीन सरकार ने 2006 में बड़ा फैसला लिया। सरकार ने इन छह मूल पेड़ों से चाय की पत्तियां तोड़ने पर हमेशा के लिए रोक लगा दी। अब इन पेड़ों को चीन की सांस्कृतिक विरासत के रूप में सुरक्षित रखा गया है। यहां से कमर्शियल रूप से चाय की पत्तियां नहीं तोड़ी जातीं। इतना ही नहीं, चीन सरकार ने इन पेड़ों का करीब ₹142 करोड़ का बीमा भी कराया है। इन पेड़ों से निकाली गई आखिरी चाय की पत्तियां आज भी बीजिंग के पैलेस म्यूजियम में सुरक्षित रखी गई हैं।
अगर आप आज बाजार में Da Hong Pao खरीदते हैं, तो वह असली मदर ट्रीज (Mother Trees) की पत्तियों से नहीं बनी होती है। आज जो Da Hong Pao बिकती है, वह उन्हीं मूल पेड़ों की क्लोन पौधों से तैयार की जाती है या फिर खास वुई ओलॉन्ग टी को मिलाकर उसी स्वाद के करीब लाने की कोशिश की जाती है। यानी बाजार में मिलने वाली चाय असली स्वाद का अनुभव तो देती है, लेकिन वह मूल पेड़ों वाली चाय नहीं होती है।
Da Hong Pao सिर्फ अपनी कीमत के लिए नहीं, बल्कि एक पुरानी कहानी की वजह से भी मशहूर है। कहा जाता है कि कई सौ साल पहले एक छात्र परीक्षा देने बीजिंग जा रहा था। रास्ते में वह गंभीर रूप से बीमार पड़ गया। पास के एक मंदिर के साधु ने उसे पहाड़ पर उगने वाली खास चाय पिलाई। चाय पीने के बाद वह पूरी तरह ठीक हो गया और परीक्षा में टॉप कर गया। कुछ समय बाद जब चीन के सम्राट बीमार पड़े, तब उसी छात्र ने यही चाय उन्हें भी पिलाई। सम्राट भी ठीक हो गए। खुश होकर सम्राट ने उसे अपना लाल शाही चोगा भेंट किया। उस छात्र ने सम्मान के रूप में वह लाल चोगा उन चाय के पेड़ों पर डाल दिया। तभी से इस चाय का नाम Da Hong Pao यानी Big Red Robe पड़ गया।
Da Hong Pao को आराम से पीने वाली चाय माना जाता है। इसे पारंपरिक चीनी मिट्टी के छोटे बर्तन में 95 से 100 डिग्री सेल्सियस गर्म पानी से तैयार किया जाता है। सबसे खास बात यह है कि इसकी पत्तियों को एक बार इस्तेमाल करके फेंका नहीं जाता। इन्हें कई बार उबाला जाता है। चाय के जानकार मानते हैं कि तीसरी और चौथी बार बनने वाली चाय का स्वाद सबसे ज्यादा बेहतरीन होता है।
चीन की असली Da Hong Pao चाय की एक किलो की कीमत ₹9 करोड़ से भी ज्यादा है। इतने में आप 1 किलो सोना, 2 ऑडी और करीब 3 शानदार बंगले खरीद सकते हैं। दरअसल, बुधवार, 22 जुलाई को 10 ग्राम सोना ₹1.43 लाख में है। यानी 1 किलो सोना लगभग ₹1.43 करोड़ रुपए में मिल रहा है। 2 लग्जरी ऑडी कारें (Audi Q3/A4) करीब ₹94 लाख में घर ला सकते हैं और इसके बाद बचे पैसों से दिल्ली-NCR के उत्तम नगर, द्वारका या रोहिणी में ₹1-1 करोड़ के 3 शानदार 3BHK बंगले या फ्लैट्स के मालिक बन सकते हैं। फिर भी आपके पास करोड़ों रुपए बच जाएंगे। यही वजह है कि इसे दुनिया की सबसे दुर्लभ और 'अमूल्य' चाय कहा जाता है।