हरियाणा चुनाव : 89 लाख से ज्यादा युवा मतदाता निभाएंगे मतदान में अहम भूमिका

8-19 वर्ष की आयु समूह के 3,82,446 मतदाता हैं, जबकि 40,67,413 मतदाता 20 से 29 साल की आयु समूह के हैं। वहीं 44,92,809 मतदाता 30 से 39 साल की उम्र की श्रेणी में आते हैं। चुनाव में 105 महिलाओं समेत 1,169 मतदाता अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
 

Asianet News Hindi | Published : Oct 20, 2019 2:03 PM IST

चंडीगढ़:  हरियाणा में सोमवार को होने वाले विधानसभा चुनाव में 40 साल से कम उम्र के 89 लाख से ज्यादा मतदाता अहम भूमिका निभा सकते हैं। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य के 1.83 करोड़ मतदाताओं में से इस श्रेणी में आने वाले मतदाताओं की संख्या 89,42,668 है। हरियाणा में 18-19 साल की श्रेणी के 3.82 लाख मतदाता हैं जबकि 40 लाख से ज्यादा मतदाता 20-29 साल की श्रेणी में आते हैं।

सबसे ज्यादा हैं युवा वर्ग के मतदाता

हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 18-19 वर्ष की आयु समूह के 3,82,446 मतदाता हैं, जबकि 40,67,413 मतदाता 20 से 29 साल की आयु समूह के हैं। वहीं 44,92,809 मतदाता 30 से 39 साल की उम्र की श्रेणी में आते हैं। उन्होंने कहा कि 35,67,536 मतदाता 40 से 49 वर्ष की आयु श्रेणी के हैं, जबकि 27,90,783 मतदाताओं की आयु 50 से 59 वर्ष है। उन्होंने कहा कि कुल 4,18,961 मतदाता 80 साल से ज्यादा उम्र के हैं। इसके अलावा एक लाख से ज्यादा सैन्य कर्मियों के वोट हैं।

सबसे ज्यादा मतदाता फरीदाबाद (15 लाख से ज्यादा) गुड़गांव (12 लाख से ज्यादा) में हैं, जबकि पंचकुला जिले में सबसे कम (3.86 लाख) मतदाता हैं। 90 विधानसभा सीटों पर सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। 1.83 करोड़ मतदाताओं में से 85 लाख से ज्यादा महिलाएं हैं और 252 ट्रांसजेंडर है।

चुनाव में 105 महिलाओं समेत 1,169 मतदाता अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

 

Share this article
click me!