हरियाणा: कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र में महिलाओं से किया गया ये वादा

Published : Oct 11, 2019, 02:43 PM IST
हरियाणा: कांग्रेस के चुनावी घोषणापत्र में महिलाओं से किया गया ये वादा

सार

कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया। पत्र में किसानों के लिए कर्ज माफी और महिलाओं को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने के साथ ही हरियाणा रोडवेज बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलने की घोषणा की।

चंडीगढ़: कांग्रेस ने शुक्रवार को हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी कर दिया जिसमें किसानों के लिए कर्ज माफी और महिलाओं को सरकारी नौकरियों में आरक्षण देने का वादा किया गया है। कांग्रेस ने इसे ‘संकल्प पत्र’ का नाम दिया है और इसमें वादा किया गया है कि राज्य में पार्टी की सरकार बनी तो महिलाओं को सरकारी नौकरियों एवं निजी संस्थानों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा और हरियाणा रोडवेज की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी।

महिलाओं को मिलेगी मुफ्त यात्रा की सुविधा 

पार्टी ने महिलाओं को पंचायती राज संस्थानों, नगर निगमों तथा नगर परिषदों में भी 50 प्रतिशत आरक्षण देने का वादा किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने कहा कि घोषणापत्र में महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है। हरियाणा कांग्रेस की अध्यक्ष कुमारी शैलजा ने घोषणा की कि अगर पार्टी की सरकार बनती है तो राज्य में किसानों का कृषि ऋण माफ किया जाएगा।

 

घोटालों की जांच के बनेगी विशेष जांच समिति- कुमारी शैलजा

उन्होंने कहा कि पार्टी ने अनुसूचित जाति और अत्यंत पिछड़ा वर्ग समुदाय से आने वाले कक्षा 1 से 10वीं तक के छात्रों को 12 हजार रुपए सालाना तथा कक्षा 11 और 12 के विद्यार्थियों के लिए 15 हजार रुपए सालाना वजीफा देने का भी वादा किया है। शैलजा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य में एक अनुसूचित जाति आयोग बनाया जाएगा। भाजपा नीत राज्य सरकार के तहत हुए कथित घोटालों की जांच के लिए विशेष जांच समिति भी बनाई जाएगी। प्रदेश में मादक पदार्थों की बढ़ती समस्या पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि इस पर रोकथाम के लिए विशेष कार्य बल का गठन किया जाएगा। 

घोषणापत्र जारी करने के मौके पर हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और पार्टी के राज्य विधायक दल के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा, घोषणापत्र समिति की अध्यक्ष किरण चौधरी तथा पूर्व रेल मंत्री पवन कुमार बंसल भी उपस्थित थे।

 

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

PREV

हरियाणा की राजनीति, कृषि-किसान मुद्दे, खेल उपलब्धियां, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स और जिले-वार खबरें अब तुरंत पाएं। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक समेत पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए Haryana News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद खबरें Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Gurgaon HR Murder: शादी से पहले उजड़ा युवराज का घर, बहस के बाद मर्डर और फिर 7 घंटे लाश लेकर घूमे!
Gurugram Hit and Run: कौन है लवनीश बैंसला जिसने सिया पर किया अश्लील कमेंट, कल्याण से क्या रिश्ता?