दूसरी बार सियासी अखाडे़ में हारे पहलवान योगेश्वर दत्त, छग में कांग्रेस और गुजरात में BJP का झंडा बुलंद

हरियाणा की बरोदा विधानसभा के लिए हुए उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी इंदूराज नरवाल विजयी रहे हैं। उन्होंने भाजपा के उम्मीदवार अंतरराष्ट्रीय पहलवान योगेश्वर दत्त को पराजित किया। यहां कांग्रेस विधायक श्रीकृष्ण हुड्डा के निधन के कारण उपचुनाव कराना पड़ा था। इंदूराज ने योगेश्वर को 1056 वोटों से हराया। उधर, गुजरात के उपचुनाव में बीजेपी ने झंडा गाड़ दिया। वहीं, छत्तीसगढ़ की इकलौती विधानसभा सीट के उपचुनाव में कांग्रेस ने बाजी मारी। उधर, झारखंड में दो सीटों के लिए उपचुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ा।

Asianet News Hindi | Published : Nov 10, 2020 11:18 AM IST / Updated: Nov 10 2020, 06:36 PM IST

(तस्वीर में बायें से इंदूराज नरवाल और भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दायें योगेश्वर दत्त)

बरोदा, हरियाणा. अंतरराष्ट्रीय पहलवान योगेश्वर दत्त दूसरी बार राजनीति अखाड़े में पराजित हो गए। 33वीं विधानसभा बरोदा में हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी दत्त कांग्रेस के इंदूराज नरवाल से 1056 वोटों से हार गए। नरवाल को 60636 वोट मिले हैं, जबकि योगेश्वर दत्त को 50070। यहां 14 प्रत्याशी मैदान में थे। लोसपा के राजकुमार सैनी को 5611 वोट मिले। इस चुनाव में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई थी। बरोदा पर पहले इनेलो का कब्जा था। 2009 में कांग्रेस ने इसे छीन लिया था। बता दें कि 12 अप्रैल 2020 को यहां के कांग्रेस विधायक श्रीकृष्ण हुड्‌डा का लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। वे लगातार तीसरी बार विधायक बने थे।

पिछला विधानसभा चुनाव भी हारे थे दत्त
बरोदा से 7 निर्दलीय प्रत्याशी भी मैदान में थे। यहां 3 नवंबर को वोटिंग हुई थी। कुल वोटिंग 68 फीसदी रही थी। यानी करीब 1.81 लाख वोटरों ने इस सीट पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। योगेश्वर दत्त हरियाणा में पिछले साल अक्टूबर में हुए चुनाव के दौरान भी मैदान में उतरे थे। ओलंपिक मेडलिस्ट योगेश्वर दत्त को कांग्रेस प्रत्याशी श्रीकृष्ण हुड्डा ने हरा दिया था। 

गुजरात की 8 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव: भाजपा ने 5 जीतीं, 3 पर बढ़त

(गुजरात के मोरबी में भाजपा कार्यकर्ताओं का जश्न)

भाजपा ने गुजरात की सभी 8 सीटें अबडासा, करजण, गढडा, मोरबी, लींबडी, धारी, कपराडा और डांग जीत ली हैं। बता दें कि अबडासा में भाजपा प्रत्याशी प्रद्युमन सिंह जाडेजा ने कांग्रेस के डॉ. शांतिलाल संघाणी, मोरबी में भाजपा के ब्रिजेश मेरजा ने कांग्रेस के जयंतिलाल पटेल,करजण में भाजपा के अक्षय पटेल ने कांग्रेस के किरीट सिंह जाडेजा और लींबडी में भाजपा प्रत्याशी किरीटसिंह राणा ने कांग्रेस के चेतन खाचर को हराया। वहीं, धारी में भाजपा के जेवी काकडिया ने कांग्रेस के सुरेश कोटडिया, कपराडा में भाजपा के जीतू चौधरी ने कांग्रेस के बाबूभाई वरठा और डांग में भाजपा के विजय पटेल ने कांग्रेस के सूर्यकांत गावित को हराया। सबसे बड़ी बात यह है कि ये आठों सीटें पहले कांग्रेस की थीं। गुजरात में पाटीदार समाज को साधने के लिए कांग्रेस ने हार्दिक पटेल को चुनाव से ठीक पहले कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाया था। लेकिन इस चुनाव से साफ हो गया कि गुजरात में कांग्रेस को पूछने वाला फिलहाल कोई नहीं बचा। इन सभी सीटों पर बीजेपी को 55% तो कांग्रेस को 34% मत मिले।

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की बल्ले-बल्ले
छत्तीसगढ़ के मरवाही उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार डॉ. केके ध्रुव 36 हजार वोटों से जीत गए हैं। यहां से भाजपा के डॉ. गंभीर सिंह मैदान में थे। यह सीट स्वर्गीय अजित जोगी का गढ़ मानी जाती रही है। उनके बेटे अमित जोगी ने भाजपा को समर्थन दिया था।

झारखंड में भाजपा महागठबंधन जीती
झारखंड के दुमका व बेरमो उपचुनाव में महागठबंधन ने भाजपा को हरा दिया। बेरमो से कांग्रेस प्रत्याशी कुमार जयमंगल सिंह उर्फ अनूप सिंह ने बीजेपी के योगेश्वर महतो बाटुल को 14 हजार से अधिक वोट से हराया। यह सीट पूर्व मंत्री राजेंद्र प्रसाद सिंह के निधन की वजह से खाली हो गई थी। वहीं, दुमका सीट पर सीएम हेमंत सोरेन के भाई व जेएमएम प्रत्याशी बसंत सोरेन ने भाजपा की लुईस मरांडी को हराया। 

( बसंत सोरेन के साथ झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख।)

यह भी पढ़ें

बिहार में 1201 दागी प्रत्याशी के भी भाग्य का आज होगा फैसला, इन 12 बाहुबलियों पर है नजर

उपचुनाव: 11 राज्यों की 58 विधानसभा सीटों पर नतीजे आज, जानिए क्या है पूरा गणित

बिहार चुनाव नतीजे: जानिए, अबकी बार किसका बिहार

चुनावी रिएक्शन: तेजप्रताप का ट्वीट- ''तेजस्वी भव: बिहार,'' मनोज तिवारी बोले- रुझान चिंताजनक

बिहार के 12 बाहुबलियों का भविष्यः अनंत सिंह से लेकर पप्पू यादव तक...जीत-हार का फैसला जल्द

बिहार विस रिजल्टः बीमा देवी से लेकर बृजकिशोर तक...दांव पर नीतीश के 24 मंत्रियों की किस्मत 

बिहार की हॉट सीटों का क्या है हाल? जानिए कौन आगे कौन पीछे? 

Share this article
click me!