हरियाणा के हिसार से बचपन के 6 दोस्त हरिद्वार गंगा स्नान के लिए निकले थे। सब मुस्कुराते हुए हसीन सफर तय कर रहे थे, लेकिन कार में एक ऐसा झटका लगा कि वह गाड़ी के अंदर ही जिंदा जल गए। मंगलवार सुबह उनका एक साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया
हरियाणा के हिसार जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दिवाली की रात गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे छह दोस्तों की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। मुजफ्फरनगर में उनकी कार बिजली के खंभे से टकराने के बाद पलट गई और उसमें भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयानक था कि छहों युवकों को कार से बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। मंगलवार सुबह जब छहों का अंतिम संस्कार हुआ तो दोनों गांवों में हर आंख नम थी।
छह दोस्तों की एक साथ उठीं अर्थियां
- हादसे में जान गंवाने वाले छह युवकों में चार राखी गढ़ी गांव और दो मोठ करनैल गांव के रहने वाले थे। मंगलवार सुबह राखी गढ़ी में एक साथ चार चिताएं जलीं, जबकि मोठ करनैल गांव में दो युवकों का अंतिम संस्कार किया गया। छह दोस्तों की मौत से दोनों गांवों में मातम पसरा हुआ है।
- मृतकों की पहचान साहिल (20), अंकित (21), अंकित मलिक (21), राहुल (21), अमन (21) और अजय (21) के रूप में हुई है। इनमें मोठ करनैल निवासी अमन और अजय सगे भाई थे। दोनों भाइयों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
दिवाली की रात गंगा स्नान के लिए निकले थे
जानकारी के मुताबिक, छहों युवक आपस में गहरे दोस्त थे। रविवार को दिवाली की रात सोमवती अमावस्या के मौके पर सभी हुंडई ऑरा कार से हरिद्वार में गंगा स्नान करने के लिए निकले थे। परिवार को उम्मीद थी कि वे यात्रा पूरी करके वापस लौटेंगे, लेकिन रास्ते में ही हादसे ने सबकुछ बदल दिया।
बिजली के खंभे से टकराकर कार में लगी आग
सोमवार सुबह करीब 5 बजे मुजफ्फरनगर में पानीपत-खटीमा नेशनल हाईवे पर जागाहेड़ी के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित हो गई। कार पहले बिजली के खंभे से टकराई और फिर डिवाइडर पार करके दूसरी लेन में पलट गई। इसके बाद कार में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि छहों युवक अंदर ही फंस गए और जिंदा जल गए।
ब्रेसलेट और कपड़ों से हुई पहचान
- हादसे में कार के साथ शव भी बुरी तरह जल गए थे। इस वजह से मृतकों की पहचान करना मुश्किल हो गया। पांच युवकों की पहचान हाथ में मिले ब्रेसलेट, कपड़ों के टुकड़ों और कलावे से की गई। छठे शव की पहचान भी मुश्किल थी, बाद में उसे अंकित मलिक का माना गया।
- इस दर्दनाक हादसे ने छह परिवारों की खुशियां छीन लीं। दिवाली की रात जिस घर में त्योहार की रौनक होनी थी, वहां अब मातम और अपनों को खोने का गम है।














