कॉमनवेल्थ गेम्स में अच्छा प्रदर्शन सरकार की उपलब्धि, PM मोदी ने कहा- हमने खत्म किया भाई भतीजावाद

Published : Oct 19, 2019, 10:10 AM IST
कॉमनवेल्थ गेम्स में अच्छा प्रदर्शन सरकार की उपलब्धि, PM मोदी ने कहा- हमने खत्म किया भाई भतीजावाद

सार

प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलाड़ी वही हैं, उनकी क्षमताएं वही हैं बल्कि प्रतिस्पर्धा कड़ी हो गयी लेकिन फर्क यह है कि 2014 के बाद भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों ने परिस्थितियां बदल दी।

गोहाना. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि उनकी सरकार का ध्यान प्रतिभाओं की पहचान करने तथा खेलों में भाई-भतीजावाद को दरकिनार करने पर रहा जबकि कांग्रेस के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सरकारों ने केवल ‘‘घोटालों की उपज काटी है।’’

हरियाणा में 21 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा चुनावों में सोनीपत जिले के गोहाना में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘हमारे जवानों और खिलाड़ियों ने राष्ट्रमंडल खेलों में ऐतिहासिक प्रदर्शन किया लेकिन संप्रग सरकार के शासन के दौरान राष्ट्रमंडल खेल घोटालों से घिरे रहा। सवाल है कि अब क्या बदलाव आ गया है?’’

उभरते खिलाड़ियों को पर्याप्त मौके दिए

प्रधानमंत्री ने कहा कि खिलाड़ी वही हैं, उनकी क्षमताएं वही हैं बल्कि प्रतिस्पर्धा कड़ी हो गयी लेकिन फर्क यह है कि 2014 के बाद भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों ने परिस्थितियां बदल दी। उन्होंने कहा कि चाहे केंद्र में हो या हरियाणा में ‘‘हमने केवल परिस्थितियां बदली जबकि खिलाड़ी वही हैं। हमने प्रतिभाओं की पहचान करने पर बल दिया और भाई-भतीजावाद दरकिनार किया। हमने इसमें राजनीति नहीं करने दी। हम पारदर्शिता लेकर आए और उभरते खिलाड़ियों को पर्याप्त मौके दिए।’’

भारत को खेलों की महाशक्ति बनाना है

मोदी ने कहा, ‘‘इसका नतीजा है कि जब हमने अपने खिलाड़ियों पर भरोसा किया तो वे उम्मीदों पर खरे उतरे। आर्थिक महाशक्ति के साथ हम भारत को खेलों की महाशक्ति भी बनाना चाहते हैं।’’ मोदी ने कहा कि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अधिक से अधिक खिलाड़ियों को राजनीति तथा राष्ट्रीय नीति में भागीदार बना रही है। उन्होंने कहा, ‘‘‘दंगल’ में हमने जो मशहूर पहलवान खड़े किए है वह इस सोच का ही परिणाम है।’’

भाजपा ने हरियाणा चुनावों में दो पहलवानों को उम्मीदवार बनाया है। योगेश्वर दत्त को सोनीपत में बड़ौदा से और बबीता फोगाट को चरखी दादरी में दादरी से उम्मीदवार बनाया है। साथ ही पूर्व भारतीय हॉकी कप्तान संदीप सिंह को कुरुक्षेत्र में पिहोवा से चुनावी मैदान में उतारा है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्षी पार्टी के ‘‘कुशासन’’ के कारण न तो हरियाणा के जवानों और किसानों के और न ही हमारे खिलाड़ियों के हित सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘उन्होंने हरियाणा में किसानों की जमीन पर भ्रष्टाचार की फसल उगाई और खेल में उन्होंने घोटालों की उपज काटी।’’

कांग्रेस सरकार में खेलों में विभिन्न घोटाले हुए

मोदी ने कहा, ‘‘आप कांग्रेस के शासन में खेलों और खिलाड़ियों की स्थिति से भली भांति परिचित हैं। साल 2014 से पहले खेलों में विभिन्न घोटालों और विवादों की खबरें रहती थीं। ये भी खबरें रहती थी कि किसी शख्स ने इससे कितना अवैध पैसा बना लिया।’’ उन्होंने कहा कि पिछले पांच वर्षों में खेल जगत से गर्व और सम्मान की खबरें युवाओं को प्रेरित कर रही हैं।

सोनीपत के बारे में उन्होंने कहा कि यह तेजी से उद्योगों का हब बन रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके गृह राज्य गुजरात के सूरत में भी विभिन्न उद्योगों में सोनीपत और भिवानी के लोग पाए जा सकते हैं। सोनीपत जिले में पिछले साल रेलवे कोच फैक्ट्री की आधारशिला रखने वाले मोदी ने कहा कि यह क्षेत्र में रोजगार पैदा करने का केंद्र बन गया है। उन्होंने कहा, ‘‘यह ऐसे समय बनाया गया जब रेलवे का अभूतपूर्व विस्तार हो रहा है। आधुनिक और तीव्र गति की ट्रेनें लायी जा रही हैं। भारत अब अन्य देशों से भी रेल की बोगियां निर्यात कर रहा है।’’

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

PREV

हरियाणा की राजनीति, कृषि-किसान मुद्दे, खेल उपलब्धियां, शिक्षा-रोजगार अपडेट्स और जिले-वार खबरें अब तुरंत पाएं। गुरुग्राम, फरीदाबाद, रोहतक समेत पूरे राज्य की रिपोर्टिंग के लिए Haryana News in Hindi सेक्शन देखें — भरोसेमंद खबरें Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

साइको किलर पूनम ने 4 मासूम बच्चों की हत्या क्यों की? पुलिस को दिया चौंकाने वाला बयान
'सबका नाश कर दूंगी..अंदर है आत्मा, परिवार ने बताया साइको किलर लेडी का खतरनाक सच