7 फूड जो आपकी किडनी को पहुंचाते हैं नुकसान

आजकल किडनी से जुड़ी बीमारियां बढ़ रही हैं। किडनी हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है और शरीर को स्वस्थ रखने में इसकी बहुत बड़ी भूमिका है। इसके लिए खान-पान से जुड़ी सावधानियां बहुत जरूरी हैं। किडनी संबंधी बीमारियों से बचाव के लिए कुछ ऐसी चीजें हैं, जिन्हें नहीं खाना चाहिए।

Asianet News Hindi | Published : Sep 1, 2019 10:00 AM IST

हेल्थ डेस्क। किडनी हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। यह ब्लड से बेकार, हानिकारक और विषैले तत्वों को फिल्टर कर निकाल देता है। इसके अलावा यह हारमोन्स के स्राव को नियंत्रित रखता है। ब्लड में रेड सेल्स को ठीक रखने, हड्डियों को मजबूत बनाए रखने और ब्लड प्रेशर को नियमित रखने में इसकी बड़ी भूमिका है। कई बार गलत खान-पान, दवाइयों और वातावरण के विषैले तत्वों से किडनी पर बुरा असर पड़ता है। इससे किडनी में स्टोन बनने से लेकर किडनी कैंसर और पोलिसिस्टिक किडनी डिजीज भी हो जाती है। कई बार बीमारी बढ़ जाने पर किडनी फेल भी हो जाती है। इससे बचाव के लिए हमें काफी सावधानी बरतनी चाहिए  और अपने खान-पान का खास ख्याल रखना चाहिए।  ऐसी 7 चीजें हैं, जिनसे परहेज कर के हम किडनी को स्वस्थ रख सकते हैं। जानते हैं इनके बारे में।

1.  सूखे मेवे
अगर आपको किडनी से जुड़ी समस्या रही है या कभी किडनी में स्टोन हुआ है तो सूखे मेवों से आपको दूर रहना होगा। सूखे मेवे ऐसे तो स्वास्थ्य के लिए बेहतर माने जाते हैं, पर इनमें एक खास तरह का मिनरल होता है जिसे ऑक्सोलेट्स कहते हैं। यह किडनी स्टोन में पाया गया है। इसलिए इससे परहेज करना चाहिए। इसके अलावा पालक, पोटैटो चिप्स, फ्रेंच फ्राइज जैसी चीजों से भी परहेज करना चाहिए, क्योंकि इसमें भी ऑक्सोलेट्स होते हैं।

2. नाशपाती
किडनी की समस्या होने पर नाशपाती भी नहीं खाना चाहिए। इसमें पोटैशियम की काफी मात्रा होती है। किडनी को सही तरीके से काम करने के लिए संतुलित मात्रा में पोटैशियम और सोडियम की जरूरत होती है। इसलिए जिन्हें किडनी से जुड़ी समस्या हो, उन्हें नाशपाती से परहेज ही करना चाहिए।

3. कॉफी
किडनी की सुरक्षा के लिए कॉफी से भी परहेज करना चाहिए। इसमें कैफीन की ज्यादा मात्रा होती है। रिसर्च में यह पाया गया है कि अधिक कैफीन युक्त चीजें लेने से क्रॉनिक किडनी डिजीज में बहुत बुरा असर होता है। ऐसे भी जो लोग ज्यादा कॉफी पीते हैं, उन्हें किडनी में स्टोन होने की संभावना बढ़ जाती है। इसके साथ ही सोडा और एनर्जी ड्रिंक पीने से भी बचना चाहिए। 

4. डेयरी प्रोड्क्ट्स
दूध और दूध से बनी चीजों में कैल्शियम की मात्रा ज्यादा होती है। इससे किडनी में स्टोन की समस्या हो सकती है। इसलिए डेयरी प्रोडक्ट्स का भी ज्यादा इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। जिन्हें किडनी की समस्या पहले से हो, उन्हें तो इस मामले में बहुत ही सावधान रहना चाहिए। 

5. नमक
ज्यादा मात्रा में नमक किसी को भी नहीं खाना चाहिए। नमक में सोडियम होता है। यह पोटैशियम के साथ मिल कर शरीर में फ्लूड की मात्रा को सही बनाए रखता है। लेकिन खाने में अगर नमक मात्रा ज्यादा ली जाए तो यह फ्लूड की मात्रा को बढ़ा देता है, जिससे किडनी पर ज्यादा दबाव पड़ता है। किडनी सही तरीके से काम कर सके, इसके लिए यह जरूरी है कि खाने में कम से कम नमक लिया जाए। अलग से कभी भी नमक न लें और पैकेटबंद चीजें अवॉइड करें, क्योंकि इनमें नमक ज्यादा होता है। 

6. मीट
मीट में प्रोटीन की मात्रा सबसे ज्यादा होती है। प्रोटीन मसल्स के ग्रोथ के लिए बहुत ही जरूरी है, लेकिन इसके मेटाबॉलिज्म की प्रक्रिया काफी कठिन होती है, जिससे किडनी पर ज्यादा जोर पड़ता है। डॉक्टरों का कहना है कि मांस से मिलने वाला प्रोटीन किडनी स्टोन के खतरे को बढ़ाता है। यही वजह है कि जिन लोगों को किडनी की समस्या है, उन्हें मीट खाने से बचना चाहिए। 

7. आर्टिफिशियल स्वीटनर
आजकल आर्टिफिशियल स्वीटनर का प्रचलन बहुत बढ़ता जा रहा है। खासकर, बाजार में मिलने वाली मिठाइयों, कुकीज और ड्रिंक्स में आर्टिफिशियल स्वीटनर का ज्यादा इस्तेमाल किया जाता है। बहुत से लोग शुगर की बीमारी होने पर इसका इस्तेमाल शुरू कर देते हैं। यह बहुत खतरनाक है। आर्टिफिशियल स्वीटनर का किडनी पर हर हाल में बुरा असर पड़ता है, पर जो लोग शुगर के मरीज हैं, उन्हें किडनी से जुड़ी बीमारियां होने  की आशंका ज्यादा रहती है। ऐसे लोगों को कभी भी इसका इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
 

Share this article
click me!