
हेल्थ डेस्क। लिवर शरीर का सबसे महत्वपूर्ण अंग है। लिवर में यह खासियत होती है कि छोटी-मोटी समस्याओं को यह खुद ही ठीक कर लेता है, लेकिन कई बार खान-पान में असावधानी या ज्यादा शराब का सेवन करने से लिवर में गड़बड़ी आ जाती है। लिवर में सूजन आ जाने से शरीर की कार्य प्रणाली बिगड़ जाती है। लिवर खराब होने पर खाना नहीं पचता, न ही शरीर को एनर्जी मिलती है। इसलिए लिवर ठीक रहे, इसका ध्यान हमेशा रखना चाहिए। अगर लिवर की बीमारी बढ़ जाती है और लिवर खराब हो जाता है तो उसका कोई इलाज नहीं है। फैटी लिवर बीमारी की शुरुआती अवस्था होती है। इस दौरान खान-पान पर विशेष ध्यान देकर इसे ठीक किया जा सकता है। जानें कुछ घरेलू उपाय।
1. ग्रीन टी
ग्रीन टी का इस्तेमाल स्वास्थ्य के लिए काफी अच्छा माना गया है। डॉक्टरों का कहना है कि इसमें एंटीऑक्सीडेंट तत्व भरपूर मात्रा में रहते हैं और यह लिवर की समस्याओं में भी फायदेमंद साबित हुआ है। इसलिए अगर लिवर में सूजन की समस्या हो तो रोजाना सुबह-शाम ग्रीन टी जरूर पिएं। इससे सामान्य स्वास्थ्य भी बेहतर रहता है।
2. जीरा
जीरा का इस्तेमाल मसाले के रूप में हर घर में किया जाता है। जीरा पेट संबंधी बीमारियों में काफी कारगर होता है। लिवर संबंधी समस्या होने पर जीरा को पानी में उबाल कर छानने के बाद पीना चाहिए। इससे गैस भी नहीं बनती है और यह लिवर को मजबूती देता है।
3. कॉफी
कई लोग सोचते हैं कि लिवर की समस्या में चाय-कॉफी नहीं पीनी चाहिए। लेकिन कॉफी लिवर की समस्या में फायदेमंद मानी जाती है। डॉक्टरों का कहना है कि इसमें क्लोरोजेनिक एसिड होता है, जो लिवर के सूजन को कम करता है। अगर लिवर में फाइब्रोसिस की समस्या हो जाए तो इसे भी कम करने में कॉफी को कारगर पाया गया है।
4. अखरोट
अखरोट में ओमेगा-3 होता है। यह कई गंभीर बीमारियों से बचाव करता है और शरीर में खून के प्रवाह को सही रखने में भी मददगार होता है। इसलिए रोज अखरोट का सेवन करना चाहिए। फैटी लिवर की समस्या में अखरोट खाने से फायदा होता है।
5. हल्दी
आम तौर पर पीलिया जैसी बीमारी में लोग हल्दी का सेवन नहीं करने को कहते हैं, लेकिन हल्दी में शरीर से विषाक्त पदार्थों को निकलने का गुण है। यह शरीर को डिटॉक्सिफाई करती है। फैटी लिवर की समस्या में हल्दी का इस्तेमाल फायदेमंद माना गया है। यह कई तरह के हेपटाइटिस संक्रमण से भी बचाव करती है। हल्दी पाउडर की जगह हल्दी की गांठ को पीस कर मसाले के रूप में इस्तेमाल करना चाहिए।
Health Tips in Hindi (हेल्थ टिप्स): Read latest fitness tips (फिटनेस टिप्स), health care tips for men and women in Hindi. Get exercise tips, diet plans to keep your body fit and healthy at Asianet New Hindi.