होली में अक्सर लोग खाते हैं भांग, जानें इसके ये हैं 5 नुकसान

Published : Mar 08, 2020, 10:40 AM IST
होली में अक्सर लोग खाते हैं भांग, जानें इसके ये हैं 5 नुकसान

सार

होली के त्योहार पर देश के ज्यादातर हिस्सों में लोग भांग का सेवन करते हैं। भांग का इस्तेमाल कई तरीके से किया जाता है। 

हेल्थ डेस्क। होली के त्योहार पर देश के ज्यादातर हिस्सों में लोग भांग का सेवन करते हैं। भांग का इस्तेमाल कई तरीके से किया जाता है। कुछ लोग खोए के साथ मिला कर भांग के पेड़े और बर्फी बना कर खाते हैं। वहीं, कुछ लोग भांग की पत्तियों को पीस कर खाते हैं। इसका शर्बत बना कर भी पिया जाता है, जिसे ठंडई कहते हैं। कई लोग भांग के पकौड़े बनाते हैं तो कुछ लोग मालपुए में भी डाल कर इसका सेवन करते हैं। भांग का सेवन करने से तेज नशा होता है। कम मात्रा में भांग का सेवन करने से लोग खुशी और उत्साह महसूस करते हैं, लेकिन ज्यादा मात्रा में भांग खाने पर कई तरह की परेशानी होने लगती है। लोग चीखने-चिल्लाने लगते हैं। उनका व्यवहार सामान्य नहीं रह जाता है। वैसे, ज्यादा नशा हो जाने पर नींद आ जाती है, लेकिन इसके पहले परेशानी काफी होती है। कोई भी नशीला पदार्थ स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह होता है। कम मात्रा में भी भांग का सेवन करने पर इसकी आदत पड़ जाती है। इसलिए कोई भी मौका हो, भांग का सेवन करने से बचना चाहिए। जानें क्या हैं इसके नुकसान।

1. हाइपर एक्टिव हो जाता है दिमाग
भांग का नशा करने से दिमाग हाइपर एक्टिव हो जाता है। इससे खुशी महसूस होती है। दरअसल, भांग खाने से दिमाग में डोपामीन हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है। इससे हमारा मूड अच्छा हो जाता है, लेकिन जब नशा उतरता है तो दिमाग उतना ही सुस्त भी हो जाता है। वैसे भी दिमाग का हाइपर एक्टिव होना ठीक नहीं है। इससे मानसिक संतुलन खराब हो सकता है।

2. कई तरह के भ्रम पैदा होते हैं
भांग के नशे में दिमाग सही तरीके से काम नहीं करता है। कई लोगों को इसका सेवन करने के बाद अजीबोगरीब चीजें दिखाई पड़ने लगती हैं। लेकिन यह सिर्फ उनका भ्रम होता है। कुछ लोगों को भांग का नशा चढ़ जाने पर डर लगने लगता है तो कुछ अनाप-शनाप बातें बोलने लगते हैं।

3. बढ़ जाती है चिंता
भांग का असर कई तरह का होता है। कुछ लोगों को जहां इसके नशे में खुशी महसूस होती है, वहीं कुछ लोग भांग का सेवन करने के बाद चिंतित और उदास हो जाते हैं। वे सुस्त पड़ जाते हैं और कुछ भी कर पाना उनके लिए संभव नहीं रहता। यहां तक कि नशा उतर जाने के बाद भी उनमें अवसाद की स्थिति बनी रहती है।

4. बढ़ जाती है हार्ट अटैक की संभावना
जो लोग दिल की बीमारियों से जूझ रहे हों, उन्हें किसी भी हाल में भांग का सेवन नहीं करना चाहिए, क्योंकि इसका नशा ज्यादा होने पर हार्ट अटैक की संभावना बढ़ जाती है। भांग का सेवन करने से ब्लड प्रेशर भी बढ़ जाता है। 

5. सांस लेने में हो सकती है दिक्कत
वैसे तो लंबे समय तक भांग का सेवन करने से कई तरह की स्वास्थ्य समस्याएं पैदा होती हैं, लेकिन जिन लोगों को सांस से जुड़ी परेशानी हो, उन्हें भांग का सेवन कभी नहीं करना चाहिए। इससे सांस संबंधी परेशानी और भी बढ़ सकती है।   
 

PREV

Health Tips in Hindi (हेल्थ टिप्स): Read latest fitness tips (फिटनेस टिप्स), health care tips for men and women in Hindi. Get exercise tips, diet plans to keep your body fit and healthy at Asianet New Hindi.

Recommended Stories

नवजात बच्चे में दिखें ये 9 बदलाव तो घबराएं नहीं, जानें बाल रोग विशेषज्ञ की सलाह
सोनम वांगचुक के 19 दिन के अनशन ने बढ़ाई चिंता, जानिए बिना भोजन शरीर कितने दिन तक बना सकता है एनर्जी?