
हेल्थ डेस्क। कब्ज की समस्या हो जाने पर बहुत परेशानी होती है। अगर पेट ठीक से साफ नहीं हो तो शरीर सुस्त रहता है। इससे मन भी भारी लगता है। कब्ज हो जाने पर कुछ भी खाने-पीने का मन नहीं करता। हर समय पेट में भारीपन महसूस होता रहता है। कभी-कभार कब्ज की समस्या हो जाना आम बात है, लेकिन लगातार यह समस्या बनी रहे तो एसिडिटी और कई तरह की परेशानियां पैदा हो सकती हैं। ऐसे तो कब्ज दूर करने की कई दवाइयां मिलती हैं, कई तरह के चूर्ण भी मिलते हैं, पर उनके सेवन की आदत पड़ जाती है। अगर कुछ घरेलू उपायों को अपनाया जाए तो जल्दी कब्ज की समस्या नहीं हो सकती। जानते हैं इनके बारे में।
1. जीरे और अजवायन का पानी
जीरा और अजवायन पेट संबंधी तकलीफों में बेहद कारगर है। अगर कब्ज की समस्या पुरानी हो और इसके साथ एसिडिटी होती हो तो सुबह-सुबह जीरे और अजवायन का पानी पीना चाहिए। इससे पेट साफ हो जाता है और एसिडिटी की समस्या भी नहीं रहती। इस उपाय को कुछ दिनों तक लगातार करना चाहिए। अजवायन का चूर्ण खाने से भी कब्ज की समस्या में फायदा होता है। यह मेटाबॉलिज्म को बढ़ाता है।
2. त्रिफला
त्रिफला का इस्तेमाल आयुर्वेद में बहुत ही पुराने समय से हो रहा है। इसके इस्तेमाल से कई तरह की बीमारियां दूर रहती हैं। कब्ज होने पर इसका इस्तेमाल करने से फायदा होता है। रात में सोने के पहले एक छोटा चम्मच त्रिफला चूर्ण फांक कर गुनगुना पानी पी लेना चाहिए। त्रिफला का रस भी आजकल मिलता है।
3. ईसबगोल
कब्ज होने पर ईसबगोल की भूसी भी काफी फायदा पहुंचाती है। एक चम्मच ईसबगोल की भूसी को एक गिलास पानी में थोड़ी देर तक रहने दें। उसमें थोड़ी मिश्री मिला दें। फिर सुबह और रात में सोने के पहले पिएं। कुछ दिनों तक लगातार इसका इस्तेमाल करने से कब्ज की समस्या दूर हो जाती है।
4. सेब
रोज खाना खाने के बाद एक सेब खाने से पेट साफ रहता है। सेब में काफी फाइबर होता है, जो कब्ज की समस्या नहीं होने देता। इसके अलावा, इसके सेवन से शरीर की रोग-प्रतिरोधात्मक क्षमता भी बढ़ती है। सेब स्वास्थ्य के लिए सबसे बेहतर फल बताया गया है।
5. पपीता
पपीता को पेट संबंधी समस्याओं में सबसे फायदेमंद बताया गया है। पपीता खाने से लिवर को भी मजबूती मिलती है और शरीर से टॉक्सिक चीजें बाहर निकल जाती हैं। पपीता खाने से पेट साफ रहता है। इससे एसिडिटी और पेट संबंधी दूसरी समस्याएं भी नहीं होतीं। कच्चे पपीते की सब्जी भी फायदेमंद होती है।
Health Tips in Hindi (हेल्थ टिप्स): Read latest fitness tips (फिटनेस टिप्स), health care tips for men and women in Hindi. Get exercise tips, diet plans to keep your body fit and healthy at Asianet New Hindi.