झारखंड: अंतिम चरण में 16 सीटों पर चुनाव, 40 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात

Published : Dec 19, 2019, 11:45 AM ISTUpdated : Dec 19, 2019, 11:47 AM IST
झारखंड: अंतिम चरण में 16 सीटों पर चुनाव, 40 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात

सार

चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए छह जिलों में फैले इन विधानसभा क्षेत्रों में 40,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं

रांची: झारखंड में 20 दिसंबर को 16 विधानसभा सीटों पर होने जा रहे पांचवें और अंतिम चरण के मतदान के लिए चुनाव प्रचार बुधवार को समाप्त हो गया। शुक्रवार को वोट डाले जाने के बाद सभी सीटों पर मतगणना 23 दिसंबर को होगी।

चुनाव आयोग के अधिकारियों ने कहा कि स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए छह जिलों में फैले इन विधानसभा क्षेत्रों में 40,000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। बोरियो, बरहेट, लिटीपारा, महेशपुर और शिकारीपारा सीटों पर मतदान सुबह सात बजे शुरू होगा और दोपहर तीन बजे समाप्त होगा, जबकि शेष अन्य सीटों पर मतदान सुबह सात बजे से पांच बजे तक होगा।

हेमंत सोरेन दो सीटों से चुनावी मैदान में

मतदान के अंतिम चरण में राज्य के दो मंत्रियों और पूर्व मुख्यमंत्री एवं झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन की चुनावी किस्मत तय होगी। सोरेन दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। दुमका में भाजपा उम्मीदवार और महिला एवं बाल कल्याण मंत्री लुइस मरांडी उन्हें कड़ी टक्कर दे रही हैं जबकि बरहेट में भाजपा के साइमन मल्टो से उनका मुख्य मुकाबला होने की संभावना है।

स्टीफन मरांडी महेशपुर से चुनावी मैदान में

राज्य के कृषि मंत्री एवं भाजपा नेता रणधीर सिंह, सारठ सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। पूर्व उप मुख्यमंत्री एवं झामुमो के मौजूदा विधायक स्टीफन मरांडी महेशपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। संथाल परगना क्षेत्र में भाजपा उम्मीदवारों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय जनजातीय कल्याण मंत्री अर्जुन मुंडा, भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जे पी नड्डा और झारखंड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने चुनाव प्रचार किया।

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और शत्रुघ्न सिन्हा सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने कांग्रेस-झामुमो-राजद उम्मीदवारों के लिए वोट मांगा। राज्य विधानसभा की कुल 81 सीटों में से 65 पर चुनाव चार चरणों में संपन्न हो गया है, जो 30 नवंबर से 16 दिसंबर के बीच हुए।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

(फाइल फोटो)

PREV

झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Viral Video: ठेके में पहुंची ‘VIP कस्टमर’ बंदरिया, शराब पी और वहीं लगा ली झपकी
Ranchi Airport Flights: रांची में बिगड़ा मौसम, IndiGo ने 24 उड़ानें रद्द कीं, यात्रियों की बढ़ी परेशानी