झारखंड में मोदी ने विपक्षी दलों को दी चुनौती, 'पाकिस्तानियों को नागरिकता देने का करें एलान'

Published : Dec 17, 2019, 03:54 PM IST
झारखंड में मोदी ने विपक्षी दलों को दी चुनौती, 'पाकिस्तानियों को नागरिकता देने का करें एलान'

सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को संशोधित नागरिकता कानून से किसी भारतीय को कोई नुकसान नहीं होने का दावा दोहराते हुए कांग्रेस समेत विपक्ष को यह सार्वजनिक ऐलान करने की चुनौती दी कि वे सभी पाकिस्तानियों को भारतीय नागरिकता देने के लिए तैयार हैं।  

रांची. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को संशोधित नागरिकता कानून से किसी भारतीय को कोई नुकसान नहीं होने का दावा दोहराते हुए कांग्रेस समेत विपक्ष को यह सार्वजनिक ऐलान करने की चुनौती दी कि वे सभी पाकिस्तानियों को भारतीय नागरिकता देने के लिए तैयार हैं।

मोदी ने झारखंड के भोगनाडीह में एक चुनावी रैली में कहा, ‘‘संशोधित नागरिकता कानून से कोई नागरिक प्रभावित नहीं होगा, कांग्रेस समस्या पैदा करने के लिए लोगों को भड़का रही है।’’उन्होंने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून ना तो किसी भारतीय के अधिकार लेता है, ना ही उसे किसी भी तरह नुकसान पहुंचाता है। उन्होंने नागरिकता कानून को लेकर कांग्रेस पर झूठ फैलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी भारत में मुसलमानों के लिए डर का माहौल बना रही है। प्रधानमंत्री ने झारखंड की रैली में कहा, ‘‘मैं कांग्रेस, उसके मित्रों को यह सार्वजनिक ऐलान करने की चुनौती देता हूं कि वे सभी पाकिस्तानियों को भारतीय नागरिकता देने के लिए तैयार हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मैं जानना चाहता हूं कि नया नागरिकता कानून मुसलमानों या किसी भारतीय नागरिक के अधिकारों का अतिक्रमण कैसे करता है।’’ मोदी ने कहा कि हमने जो कानून बनाया है, वह धार्मिक उत्पीड़न के कारण पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान को छोड़कर आने वाले लोगों के लिए है। ऐसे लोगों के लिए है जिनकी हालत दयनीय है और जो वापस नहीं जा सकते। मोदी ने चुनावी रैली में कहा कि झारखंड की जनता ने विधानसभा चुनावों के चार चरणों में निडर होकर मतदान किया।

उन्होंने जनता से भाजपा के लिए मतदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि जब कमल खिलता है तो आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं को फायदा होता है। मोदी ने जनसभा में कहा, ‘‘भाजपा पर आपके आशीर्वाद से कांग्रेस, झामुमो, राजद और वाम दलों की रातों की नींद उड़ी हुई है। वे सच को पचा नहीं पा रहे हैं।’’

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।) 
 

PREV

झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।

Recommended Stories

Viral Video: ठेके में पहुंची ‘VIP कस्टमर’ बंदरिया, शराब पी और वहीं लगा ली झपकी
Ranchi Airport Flights: रांची में बिगड़ा मौसम, IndiGo ने 24 उड़ानें रद्द कीं, यात्रियों की बढ़ी परेशानी