
जमशेदपुर: जमशेदपुर में अपराध चरम पर है। 15 जुलाई की देर शाम 45 मिनट के भीतर फायरिंग और लूट की दो घटनाओं को अंजाम देकर अपराधियों ने जिले के नए एसएसपी प्रभात कुमार का स्वागत किया। दोनों घटनाएं बिस्टुपुर थाना क्षेत्र में घटी। जिले के डीसी और एसएसपी आवास से करीब 100 मीटर की दूरी पर अपराधियों ने महिला बैंक कर्मी से इयररिंग लूट ली। जबकि धतकीडीह में कांग्रेस नेता मो इकबाल पर उनके घर के बाहर ही फायरिंग की गई। हालांकि उन्हें गोली नहीं लगी। फायरिंग की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज करते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरु कर दी है।
पहला मामलाः मिस फायर होने से कांग्रेस नेता की बची जान
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह बी ब्लॉक रोड नंबर 8 में रहने वाले कांग्रेस नेता मोहम्मद इकबाल पर 15 जुलाई की रात करीब 6:45 बजे फायरिंग हुई। दो राउंड गोली चली जबकि एक गोली में मिस फायर हो गया। उन्होंने भाग कर अपनी जान बचाई। पुलिस ने मौके से खोखा बरामद किया है। कांग्रेस नेता ने फायरिंग का आरोप नशेड़ी गैंग के सरगना सलमान खान उसके साथी जाफर और गामा पर लगाया है। मो इकबाल ने बताया कि वह अपनी बहन की मंगनी की समारोह में शामिल होने के लिए घर से निकल रहा था। इसी दौरान अचानक सलमान अपने साथियों के साथ आया और उस पर फायरिंग शुरू कर दी। पहली गोली मिस फायर वह तो वे डर कर भागने लगे। इसी दौरान सलमान द्वारा और दो राउंड गोली चलाई गई। कांग्रेस नेता ने कहा कि अड्डेबाजी और नशा बेचने का विरोध करने पर उन पर जानलेवा हमला किया गया। पुलिस के अनुसार कांग्रेस नेता भी हाल ही में जेल से छूटा है। वह पशु क्रूरता अधिनियम के तहत जेल गया था।
दूसरा केसः चलती स्कूटी में बैंक कर्मी से लूट
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में ही स्थित डीसी और एसएसपी आवास के करीब 100 मीटर की दूरी पर बैंक कर्मी श्वेता सिंह से स्कूटी सवार दो अपराधियों ने 15 जुलाई की शाम करीब 6:00 बजे ईयर रिंग की लूट कर ली। बदमाशों ने अपराधियों ने लैपटॉप भी लूटना चाहा। लेकिन वह इसमें नाकाम रहे। जिसके बाद अपराधियों ने बैंक कर्मी को धक्का देकर गिरा दिया। श्वेता सिंह स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़ी।जिसमें उन्हें गंभीर चोटें आई। उनका इलाज टीएमएच में चल रहा है। श्वेता सिंह ने बताया कि वे गोलमुरी स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में क्लर्क के पद पर काम करती है। काम खत्म कर शाम में वह सोनारी स्थित अपने घर जा रही थी। इसी दौरान स्कूटी सवार दो बदमाशों ने उनसे ईयर रिंग की लूट कर ली। जबकि लैपटॉप को उन्होंने किसी तरह से बचा लिया।
तीसरा केसः शिक्षिका ने हिम्मत दिखाते हुए चोर को पकड़ा, मौका देख फरार हुआ
वहीं, बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के साउथ पार्क में रहने वाले शिक्षिका नूतन कुमारी के घर से चोरी हो गई। स्कूल छुट्टी होने के बाद शाम में अपने घर पहुंची तो घर के एक कमरे में एक चोर को देखा। वे दरवाजा बंद करते हुए पड़ोसियों को बुलाने चली गई। इसी बीच मौके का फायदा देख चोर दरवाजा तोड़कर भाग निकला। शिक्षिका ने बताया है कि चोर उनके घर में रखे अलमीरा से 50 हजार नगद और साढ़े तीन लाख के गहनों की चोरी की है। नूतन कुमारी सीतारामडेरा के ईस्ट बंगाल कॉलोनी सरकारी स्कूल की शिक्षिका है जबकि उनके पति विभूति कुमार खादी ग्राम उद्योग में मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। पति रांची में रहते है। वे रोजाना घर बंद कर स्कूल जाती हैं।
फायरिंग, लूट और चोरी तीनो मामले में जांच चल रही है। अपराधियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। फायरिंग।मामले में घटना स्थल से दो खोखा बरामद हुआ है। गोली चलाने वाले अपराधियों की पहचान हो गई है, विष्णु प्रसाद राउत, थाना प्रभारी, बिस्टुपुर।
यह भी पढ़े- हेमंत कैबिनेट का बड़ा फैसला: फिर से लागू होगी पुरानी पेंशन योजना, इन्हें हर महीने मिलेगी 1 किलो दाल
झारखंड की सरकार, खनन-उद्योग, आदिवासी क्षेत्रों की खबरें, रोजगार-विकास परियोजनाएं और सुरक्षा अपडेट्स पढ़ें। रांची, जमशेदपुर, धनबाद और ग्रामीण इलाकों की ताज़ा जानकारी के लिए Jharkhand News in Hindi सेक्शन फॉलो करें — विश्वसनीय स्थानीय रिपोर्टिंग सिर्फ Asianet News Hindi पर।