BJP की तरफ से अब तक उम्मीदवार घोषित नहीं किए गए सरयू राय, कहा: टिकट की भीख नहीं मांग सकता

राय राज्य की भाजपा नीत राजग सरकार में नागरिक आपूर्ति, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री हैं और वर्तमान विधानसभा में जमशेदपुर (पश्चिम) सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। 

Asianet News Hindi | Published : Nov 17, 2019 7:14 AM IST


जमशेदपुर: झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा की ओर से अबतक घोषित किए गए 72 उम्मीदवारों की सूची में अपना नाम नहीं पाकर पार्टी के नेता एवं झारखंड के मंत्री सरयू राय ने शनिवार को कहा कि वह टिकट की भीख नहीं मांग सकते। भाजपा ने 81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा के चुनाव के लिए अबतक चार सूचियों में 72 उम्मीदवारों की घोषणा की है।

जमशेदपुर (पूर्व) सीट से चुनाव लड़ सकते हैं सरयू राय 

राय से जब यहां संवाददाता सम्मेलन में भाजपा द्वारा उनके नाम की घोषणा में देरी और अनिश्चितता के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, ‘‘ पार्टी नेतृत्व से सीट की भीख मांगना मेरे लिए उपयुक्त नहीं है। इसलिए मैंने उनसे मेरे नाम पर विचार नहीं करने को कहा है।’’ भाजपा ने राय समेत दस विधायकों को विधानसभा चुनाव के लिए फिर से टिकट नहीं दिया है। राय राज्य की भाजपा नीत राजग सरकार में नागरिक आपूर्ति, खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री हैं और वर्तमान विधानसभा में जमशेदपुर (पश्चिम) सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं। 
जब राय से उनके अगले कदम और चुनाव लड़ने की संभावना के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि कोई निर्णय लेने से पहले वह रविवार को इस मुद्दे अपने समर्थकों के साथ चर्चा करेंगे।

उन्होंने इस बात से भी इनकार किया कि जमशेदपुर (पूर्व) सीट से चुनाव लड़ने के लिए किसी दल ने उनसे संपर्क किया है जहां से मुख्यमंत्री रघुवर दास चुनाव लड़ रहे हैं।

(यह खबर समाचार एजेंसी भाषा की है, एशियानेट हिंदी टीम ने सिर्फ हेडलाइन में बदलाव किया है।)

 

Share this article
click me!