कोरोना का डर बच्चों के मन पर डाल रहा है बुरा असर, बचाव के लिए आजमाएं ये 5 तरीके

जैसे-जैसे कोरोना की महामारी बढ़ रही है, बच्चों के मन पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। लगातार घर में बंद रहने से भी उनके दिलो-दिमाग पर बहुत नेगेटिव असर पड़ रहा है। बच्चों के मन से कोरोना का डर निकालना बहुत जरूरी है।

Asianet News Hindi | Published : Apr 6, 2020 12:07 PM IST

लाइफस्टाइल डेस्क। जैसे-जैसे कोरोना की महामारी बढ़ रही है, बच्चों के मन पर भी इसका बुरा असर पड़ रहा है। लगातार घर में बंद रहने से भी उनके दिलो-दिमाग पर बहुत नेगेटिव असर पड़ रहा है। बच्चों के मन से कोरोना का डर निकालना बहुत जरूरी है। कोरोना के चलते लंबे समय से बच्चों के स्कूल बंद हैं। पहले बच्चे पार्कों में या दोस्तों के साथ खेलने भी चले जाते थे, लेकिन लॉकडाउन की वजह से वे घर से बाहर नहीं निकल सकते। ऐसे में, उनके कोमल मन पर नकारात्मक असर पड़ना स्वाभाविक है। घरों में अक्सर लोग कोरोना की चर्चा में ही मशगूल रहते हैं। इससे भी बच्चों के मन में डर पैठ रहा है। यूनिसेफ (UNICEF) इंडिया ने बच्चों के मन से कोरोना का डर दूर करने के लिए एक ऑनलाइन कैम्पेन भी शुरू किया है। जानें, कैसे बच्चों के मन से कोरोना के डर को दूर किया जा सकता है। 

1. कोरोना के बारे में सही जानकारी
आजकल कोरोना को लेकर इतनी तरह की बातें की जा रही हैं कि बड़े लोग भी भ्रम के शिकार हो रहे हैं। ऐसे बच्चे बहुत कम हैं, जिन्हें कोरोना के बारे में सही जानकारी हो। बच्चे बहुत ज्यादा जान भी नहीं सकते। कोरोना से जुड़ी हर बात जानना उनके लिए जरूरी भी नहीं है। उनसे कोरोना के बारे में इतना ही बताएं कि यह एक वायरस है और लोगों के मिलने-जुलने से फैलता है। इसीलिए स्कूल बंद किए गए हैं और लोगों को घरों से निकलने से मना किया गया है। इतना बताना काफी होगा।

2. बच्चों को कोरोना से डराएं नहीं
कुछ लोगों की आदत होती है कि वे बच्चों को किसी न किसी बात से डराने की कोशिश करते हैं। जैसे लोग भूत-प्रेत वगैरह से बच्चों को डराते हैं, उसी तरह कोरोना से भी डराने लगे हैं। रोते हुए बच्चों को चुप कराने के लिए कुछ लोग कहते हैं कि चुप हो जाओ, नहीं तो कोरोना आ जाएगा। यह बेवकूफी है। ऐसा कभी मत करें। इससे बच्चे के मन में डर पैठ गया तो उसका असर बहुत बुरा होगा।

3. सफाई का महत्व बताएं
आप बच्चों को साफ-सुथरा रहने के लिए कहें। उन्हें बताएं कि बिना हाथ धोए खाना नहीं खाएं। किसी गंदी चीज को मत छुएं। अगर बाहर से आते हैं तो हाथ-मुंह ठीक से धोएं। कपड़े गंदे नहीं करें। धूल से बचाव करें। उन्हें नाक में उंगली डालने से मना करें। घर को साफ रखना क्यों जरूरी है, यह बतलाएं। इससे बच्चों में अच्छी आदत पड़ेगी।

4. बच्चों के खान-पान का रखें ध्यान
बच्चों की इम्युनिटी कमजोर होती है। इसलिए उनके खान-पान का खास ख्याल रखें। उन्हें समय पर नाश्ता, खाना, फल, दूथ वगैरह देते रहें। बच्चों को ऐसा खाना दें जो आसानी से पचने वाला और पौष्टिक हो। इससे बच्चों को एनर्जी मिलेगी और उनकी इम्युनिटी भी बढ़ेगी।

5. सुरक्षित रहने के बारे में बताएं
बच्चों को बताएं कि कोरोना वायरस से सुरक्षा के लिए क्या करना चाहिए। उन्हें समझाएं कि गंदगी से कोरोना का वायरस फैल सकता है। उन्हें यह बताएं कि खांसने या छींकने के समय मुंह पर रूमाल रखना क्यों जरूरी है। हाथ धोने और लोगों से दूरी बना कर रहना क्यों जरूरी है। बाहर निकलने से क्या परेशानी हो सकती है, इसके बारे में भी बताएं। उनसे ऐसी बातें करें कि उनका आत्मविश्वास मजबूत हो।  
 

Share this article
click me!