
फूड डेस्क: रक्षाबंधन के खास पर्व में घर में भोग थाली बनाई जाती है। आप रक्षाबंधन के लिए बिना प्याज-लहसुन के स्वादिष्ट भोग थाली तैयार कर सकती हैं। खाने में सब्जी का चुनाव हो या फिर स्वादिष्ट मिठाई, ये पूरी तरह से आपकी पसंद पर निर्भर करता है। आप रक्षाबंधन में भोग थाली की तैयारी एक दिन पहले से ही शुरू कर दें। ऐसा करने से पर्व के दिन आपको परेशान नहीं होना पड़ेगा। खाने में 5 से 7 डिश आप आसानी से तैयार कर सकती हैं। जानिए रक्षाबंधन के लिए क्या स्वादिष्ट डिशेज बनाई जा सकती हैं?
पालक की कचौड़ी बनाने के लिए आपको गेंहू के आटे में उबली और पिसी पालक का पेस्ट मिलाना है। इसमें हल्का नमक, जीरा और अजवाइन मिलाएं। अब आटे को पालक पेस्ट की मदद से अच्छी तरीके से गूंथ लें और कचौड़ियां तल लें।
रक्षाबंधन में खाने की थाली बिना मिक्स वेजिटेबल सलाद के अधूरी है। मिक्स वेजिटेबल सलाद के लिए टमाटर, थोड़ी सी पत्ता गोभी, गाजर, खीरा को छोटे आकार में काट लें। अब स्वादानुसार नमक, चुटकी भर काली मिर्च, नींबू का रस, 2 चम्मच दही मिलाएं। तैयार है स्वादिष्ट सलाद।
अगर आप रक्षाबंधन की थाली में सलाद नहीं रख रही है तो आप खीरे और टमाटर का मिक्स रायता बना सकती हैं। वरना बूंदी रायता भी बेहद स्वादिष्ट लगेगा। बूंदी रायता बनाने के लिए दही को फेंट लें और उसमें नमक और थोड़ी शक्कर मिलाएं। इसके बाद जीरा और हींग का छौंका लगा लें और करीब 10 मिनट तक बूंदी डालकर भीगने दें।
रक्षाबंधन में भाई के लिए छोले की सब्जी बनानी है या फिर पनीर की? यह पूरी तरह से आपकी पसंद पर निर्भर करता है। अगर छोले की सब्जी बनाना चाहती हैं, तो एक रात पहले ही छोले को पानी में भिगो दें। कूकर में 6 से 7 सीटी लगाकर पकाएं। आप बेकिंग सोडा छोला उबालते समय डाल दें ताकि छोला जल्दी पक जाए। इसके बाद छोले को उबालकर टमाटर, अदरक, हरी मिर्च आदि को मिलाकर स्वादिष्ट सब्जी तैयार करें। अगर छोले की सब्जी में आप खड़े मसाले मिला देंगी, तो इसका स्वाद बढ़ जाएगा।
आप रक्षाबंधन की थाली को एक सब्जी के बजाय 2 सब्जियों से सजाएं। एक ग्रेवी सब्जी के साथ दूसरी बिना ग्रेवी की उबली और फ्राई आलू सब्जी तैयार करें। कढ़ाई में तेल डालकर जीरा, हरी मिर्च डालकर पकाएं। फिर हल्दी मिलाकर उबली आलू डालें और धनिया संग गरम मसाला और नमक एड करें। तैयार है स्वादिष्ट उबली आलू की सब्जी।
छोला-पुलाव का कॉम्बिनेशन हमेशा ही लाजवाब होता है। आपको थाली सजाने के लिए जीरा पुलाव जरूर बनाना चाहिए। इलायची, तेजपत्ता, लौंग, दालचीनी और जावित्री तेल में डालकर पुलाव पकाएं। अगर आप 15 मिनट पहले चावल भिगो देंगी, तो जीरा चावल खिले-खिले बनेंगे।
रक्षाबंधन की भोग थाली में मीठा भी जरूर रखें। आप चाहे तो बाजार से रसगुल्ला या मिठाई लाकर रख सकती हैं, वरना घर में 15 मिनिट में तैयार होने वाली स्वादिष्ट सेवई बनाएं। चाहे तो चावल की लजीज खीर तैयार करें।
और पढ़ें: मैदा गूंथने का सही तरीका जानें शेफ रणवीर बरार से, बनेंगी परफेक्ट पूड़ियां और भटूरे
Food News: Read latest food recipes, healthy food habits for kids and adults in Hindi, Experts tips on healthy food recipes, Cooking articles, Food stories in Hindi online at Asianet News Hindi.