
शादी-ब्याह में नॉन के अलावा मिस्सी रोटी भी खूब पसंद की जाती है। दाल, पनीर और कोफ्ते संग इसका टेस्ट दोगुना हो जाता है। बेसन और गेहूं के आटे से बनने वाली यह रोटी नॉर्मल फुल्कों से थोड़ा अलग होती है। इसमें मसालों और हल्की सिकाईं का मिश्रण लाजवाब स्वाद देता है। अक्सर लोग सोचते हैं कि मिस्सी रोटी बनाने के लिए तंदूर की आवश्यकता होती है लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। आप इसे आसानी से घर पर भी बना सकती हैं, जरूरत होगी तो कुछ टिप्स की, जो आपको बिना ज्यादा मेहनत के घर पर ही शानदार टेस्ट देंगे।
एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा और बेसन डालें। इसमें नमक, हल्दी, लाल मिर्च, अजवाइन और जीरा मिलाएं। अब बारीक कटा प्याज, हरी मिर्च और हरा धनिया डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें।
मिश्रण में थोड़ा तेल या घी और चाहें तो दही डालें। अब थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए आटा गूंथें। ध्यान रखें कि आटा सामान्य गेहूं की रोटी के आटे से थोड़ा सख्त हो सकता है, लेकिन इतना भी सख्त न हो कि रोटी बेलते समय टूटने लगे। आटे को ढककर 10 से 15 मिनट के लिए रख दें। इससे आटा सेट हो जाएगा और रोटी बनाना आसान होगा।
आटे की मध्यम आकार की लोई बना लें। सूखे आटे की मदद से इसे गोल या हल्का मोटा बेलें। मिस्सी रोटी को बहुत पतला बेलने से बचें, क्योंकि ऐसा करने पर यह जल्दी सूख सकती है। अगर आटा बेलते समय किनारों से फटता है, तो उसे हाथ से हल्का दबाकर ठीक कर लें।
तवे को मध्यम आंच पर गर्म करें और उस पर बेली हुई रोटी डालें। जब नीचे की तरफ हल्के भूरे निशान दिखने लगें, तो रोटी को पलट दें। दूसरी तरफ भी कुछ देर सेंकें। अब दोनों तरफ थोड़ा घी या तेल लगाएं और रोटी को पलट-पलटकर अच्छी तरह सेंक लें। किनारों को स्पैचुला से हल्का दबा सकते हैं, ताकि रोटी अंदर तक पक जाए। ध्यान रखें कि आंच बहुत तेज न हो, वरना रोटी बाहर से जल्दी भूरी हो जाएगी और अंदर से कच्ची रह सकती है।
जब रोटी पर सुनहरे-भूरे निशान आ जाएं और वह अच्छी तरह पक जाए, तो इसे तवे से उतार लें। ऊपर से थोड़ा घी लगाकर गरमागरम परोसें। इसे दाल मखनी, कढ़ी, पनीर की सब्जी, दही या हरी चटनी के साथ खा सकते हैं।
आटे में एक साथ बहुत ज्यादा पानी न डालें। बेसन पानी सोखता है, इसलिए जरूरत के अनुसार धीरे-धीरे पानी मिलाना बेहतर है। इसी तरह, रोटी को बार-बार पलटने या बहुत तेज आंच पर सेंकने से बचें। अगर आप प्याज डाल रहे हैं, तो उसे बारीक काटें और आटे में पानी डालते समय सावधानी रखें, क्योंकि प्याज भी नमी छोड़ता है। अब बिना तंदूर के भी घर पर तवे पर स्वादिष्ट मिस्सी रोटी बनाना आसान है। बस आटे की सही मात्रा, मध्यम आंच और सेंकने के सही तरीके का ध्यान रखें।
Food News: Read latest food recipes, healthy food habits for kids and adults in Hindi, Experts tips on healthy food recipes, Cooking articles, Food stories in Hindi online at Asianet News Hindi.