
हमारे समाज में सांप को लेकर जितनी कहानियां और डर है, शायद ही किसी और जानवर को लेकर होगा. खासकर जो लोग खेतों या बाग-बगीचों में काम करते हैं, उनके मन में एक बड़ा सवाल हमेशा रहता है - "अगर किसी फल या सब्जी को सांप ने काट लिया हो, तो क्या ऐसी चीजें खाने से हमारी जान जा सकती है?" चलिए, इस बारे में साइंस और हेल्थ एक्सपर्ट्स क्या कहते हैं, इसकी पूरी जानकारी लेते हैं।
सबसे पहली और ज़रूरी बात, बायोलॉजी के हिसाब से सांप पूरी तरह से मांसाहारी जीव हैं. उनकी डाइट में चूहे, मेंढक, छिपकलियां और छोटे पक्षी होते हैं, फल-सब्जियां नहीं. सांप को भूख लगने पर वो किसी फल को नहीं काटते. अगर किसी फल पर दांत के निशान दिखें, तो वो ज़्यादातर चमगादड़, गिलहरी या किसी पक्षी के हो सकते हैं. इसलिए, यह सोचना ही गलत है कि सांप फल काटते हैं।
साइंस में ज़हर को दो तरह का माना गया है. सांप के ज़हर को 'वेनम' (Venom) कहते हैं. यह तभी खतरनाक होता है, जब यह सीधे हमारे खून में मिल जाए. यानी जब सांप काटता है, तो उसके ज़हरीले दांतों से ज़हर (Snake Venom) सीधे शरीर के टिशू और खून की नसों में पहुंच जाता है, जिससे जान को खतरा होता है. वहीं, 'पॉइज़न' (Poison) वो होता है, जो खाने या छूने से नुकसान पहुंचाए. सांप का ज़हर इस कैटेगरी में नहीं आता।
अगर मान भी लें कि किसी फल पर सांप के ज़हर की कुछ बूंदें थीं और किसी इंसान ने उसे खा लिया, तो भी घबराने की बात नहीं है. जैसे ही वो ज़हर पेट में पहुंचता है, हमारे शरीर में मौजूद बहुत मज़बूत हाइड्रोक्लोरिक एसिड (HCl) उसे बेअसर कर देता है. सांप का ज़हर असल में प्रोटीन से बना होता है. जैसे हम खाने में मौजूद प्रोटीन को पचा लेते हैं, ठीक उसी तरह पेट का एसिड सांप के ज़हर को भी पचा डालता है. खून में मिलने से पहले ही इसका ज़हरीला असर खत्म हो जाता है।
सांप का ज़हर खाने के बाद भी खतरा सिर्फ एक ही स्थिति में हो सकता है - अगर किसी व्यक्ति के मुंह में छाले (Mouth Ulcers) हों या पाचन तंत्र में कोई घाव (Stomach Ulcers) हो. ऐसी स्थिति में उन घावों के ज़रिए ज़हर सीधे खून में मिल सकता है. इसके अलावा, एक स्वस्थ व्यक्ति के लिए खाने के ज़रिए सांप का ज़हर शरीर में जाने से कोई खतरा नहीं होता।
सफाई: किसी भी फल या सब्जी को इस्तेमाल करने से पहले, उसे बहते पानी में कम से कम 2-3 बार अच्छी तरह धोएं।
जांच: जो फल बहुत ज़्यादा खराब हो गए हों या जिन पर किसी जानवर के काटने के अजीब निशान हों, उन्हें इस्तेमाल न करें।
पकाना: सब्जियों को अच्छी तरह पकाकर खाना सबसे बेहतर है. तेज़ तापमान पर कोई भी बैक्टीरिया या ज़हरीला तत्व नष्ट हो जाता है।
यह बात पूरी तरह से एक वहम है कि सांप का काटा हुआ फल खाने से मौत हो जाती है. हालांकि, सेहत और साफ-सफाई के नज़रिए से, किसी भी जानवर या पक्षी के काटे या खराब हुए फलों को न खाना ही बेहतर है. यह लेख सिर्फ सामान्य जानकारी के लिए है. अगर आपको कोई भी स्वास्थ्य समस्या हो, तो तुरंत डॉक्टर से मिलें।
Health Tips in Hindi (हेल्थ टिप्स): Read latest fitness tips (फिटनेस टिप्स), health care tips for men and women in Hindi. Get exercise tips, diet plans to keep your body fit and healthy at Asianet New Hindi.