
20s की उम्र वो दौर होता है जब हम खूब मेहनत करते हैं और अपनी मर्जी से जिंदगी जीते हैं. लेकिन, क्या इस उम्र की गलतियां 30s में भारी पड़ सकती हैं? सोशल मीडिया पर एक 32 साल के शख्स का पोस्ट वायरल हो रहा है, जो यही कहानी बयां करता है. उसका कहना है कि 20 की उम्र की खराब आदतें 30 की उम्र में ब्याज समेत वापस मिलती हैं. रेडिट पर उसने लिखा, 'मेरा शरीर अब मुझसे 20s की उम्र का बिल वसूल रहा है, और किसी ने मुझे इस बारे में चेतावनी नहीं दी थी'.
इस शख्स ने अपनी पोस्ट में उन गलतियों को गिनाया है जो उसने 20s की उम्र में की थीं. इनमें से एक थी नींद की कमी. उसने बताया कि वो सिर्फ 5 घंटे सोकर काम करता था. यहां तक कि लैपटॉप लेकर बिस्तर पर लेटकर भी काम निपटाता था. शख्स ने यह भी बताया कि डेडलाइन पूरी करने के चक्कर में वह खाना छोड़ देता था और 'मैगी' जैसे स्नैक्स पर गुजारा करता था. इसके अलावा, एक्सरसाइज के मामले में भी वह बिना ट्रेनर की मदद के गलत तरीके से वर्कआउट करता था.
उसने अपनी सबसे बड़ी गलती यह मानी कि उसने शरीर के संकेतों को नजरअंदाज किया. जब भी कमर या गर्दन में हल्का दर्द होता, तो वह यह सोचकर टाल देता कि यह अपने आप ठीक हो जाएगा. अब 30 की उम्र में पहुंचने पर ये सभी आदतें बड़ी स्वास्थ्य समस्याएं बनकर सामने आई हैं. उसने लिखा, 'सुबह उठते ही कमर में दर्द होता है, जैसे कोई ऐसा सब्सक्रिप्शन प्लान हो जिसे आपने साइन ही नहीं किया. तेजी से गर्दन घुमाने पर 'कट' की आवाज आती है और सीढ़ियां चढ़ते वक्त घुटने शिकायत करते हैं'. शख्स का कहना है कि उसे कोई बड़ी चोट या एक्सीडेंट नहीं हुआ, बल्कि यह सालों तक शरीर पर ध्यान न देने का नतीजा है.
इस पोस्ट पर कई लोगों ने अपने ऐसे ही अनुभव शेयर किए. हालांकि, ज्यादातर लोगों का मानना है कि इस स्थिति को बदला जा सकता है. एक यूजर ने लिखा, 'यह पूरी तरह से ठीक हो सकता है. बस अपने खाने और सही डाइट पर ध्यान दें'. एक और ने कमेंट किया, 'मैंने 27 की उम्र में सेहत पर ध्यान देना शुरू किया और 33 की उम्र में मैं अपनी जिंदगी की सबसे अच्छी फिटनेस में हूं'. एक अन्य यूजर ने सलाह दी, 'छह महीने की सही एक्सरसाइज और पोषण से शरीर को वापस नॉर्मल किया जा सकता है'.
Health Tips in Hindi (हेल्थ टिप्स): Read latest fitness tips (फिटनेस टिप्स), health care tips for men and women in Hindi. Get exercise tips, diet plans to keep your body fit and healthy at Asianet New Hindi.