
किसी जंगल में मुश्किल हालातों से जूझकर जीना बहुत कठिन होता है, लेकिन, यह हमें कहीं भी जिंदा रहने की कला भी सिखाता है। खैर, चीन में ऐसा ही एक कॉम्पिटिशन हुआ. इसमें कांस्य पदक जीतने वाली एक महिला ने अपना अनुभव शेयर किया है। 25 साल की शाओ तीजू का कहना है कि इस कॉम्पिटिशन ने न सिर्फ उन्हें मेडल दिलाया या उनका आत्मविश्वास और ताकत बढ़ाई, बल्कि इसकी वजह से उनका 14 किलो वजन भी कम हो गया।
पूर्वी चीन के झेजियांग प्रांत के एक द्वीप पर 1 अक्टूबर को 'वाइल्डरनेस सर्वाइवल कॉम्पिटिशन' शुरू हुआ था। शाओ 5 नवंबर तक, यानी 35 दिनों तक वहां टिकी रहीं। इतने लंबे समय तक वहां रहने के लिए उन्हें तीसरा स्थान मिला। इनाम में 7,500 युआन (88,608 रुपये) मिले। इसके अलावा, 30 दिन पूरे करने वालों को मिलने वाले 6,000 युआन (74,430 रुपये) भी उन्हें अतिरिक्त मिले। साथ ही हर दिन के लिए 300 युआन (3,544 रुपये) भी दिए गए।
द्वीप पर रहते हुए शाओ को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वहां 40 डिग्री की गर्मी थी। इस वजह से उनके हाथ सूख गए और पैरों पर कई कीड़ों ने काट लिया। इन सबने उनकी सेहत पर बुरा असर डाला। फिर भी, वह कहती हैं कि इन सभी चुनौतियों के बीच, 85 किलोग्राम से 71 किलोग्राम तक वजन कम होना एक बड़ी उपलब्धि है।
शाओ का कहना है कि जंगल में मिले प्रोटीन से भरपूर खाने की वजह से उनका वजन कम हुआ। केकड़े, समुद्री अर्चिन और अबालोन उनका मुख्य भोजन थे। साथ ही, 35 दिनों के अंदर उन्होंने 50 चूहों का शिकार किया, उन्हें साफ किया और भूनकर खाया। कॉम्पिटिशन से बाहर होने के बाद भी वह खाने के इरादे से कुछ चूहों का मांस अपने साथ ले आईं। शाओ का कहना है कि चूहे बहुत स्वादिष्ट होते हैं।
4 नवंबर को द्वीप पर एक तूफान आने के बाद शाओ ने कॉम्पिटिशन से बाहर होने का फैसला किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना लक्ष्य हासिल कर लिया है और अब वह घर जाकर अपने बिस्तर पर आराम करना चाहती हैं। वहीं, आयोजकों का कहना है कि अभी भी दो पुरुष कॉम्पिटिशन के हिस्से के रूप में द्वीप पर मौजूद हैं। विजेता को इनाम के तौर पर करीब 7 लाख रुपये मिलेंगे।
Health Tips in Hindi (हेल्थ टिप्स): Read latest fitness tips (फिटनेस टिप्स), health care tips for men and women in Hindi. Get exercise tips, diet plans to keep your body fit and healthy at Asianet New Hindi.