
बारिश का मौसम शुरु हो गया है और यही वो समय है, जब लोग सबसे ज्यादा अपने गार्डन में पेड़ पौधे लगाते हैं। बारिश, ठंडा मौसम और गार्डिनिंग के लिए परफेक्ट वातावरण होने के कारण बागवानी के लिए ये बेस्ट सीजन है। इस सीजन में सभी तरह के बेल, पौधे और पेड़ तेजी से बढ़ते हैं। आज हम आपके साथ मानसून में पान के बेल लगाने के सही तरीके और देखभाल टिप्स के बारे में बताएंगे। इस तरीके से आप भी बहुत आसानी से पान का बेल अपने घर में लगा सकते हैं।
पान की बेल को छायादार और नम स्थान पसंद होता है। इसे ऐसी जगह लगाएं जहां हल्की धूप और छाया दोनों मिले, जैसे बालकनी, टेरेस गार्डन या आंगन की कोने वाली दीवार।
अच्छी जलनिकासी वाली, हल्की और जैविक खाद मिली हुई दोमट मिट्टी पान के बेल की लिए सबसे अच्छी होती है। आप 50% मिट्टी, 30% गोबर खाद और 20% बालू या कोकोपीट का मिश्रण बना कर बेल लगा सकते हैं।
पान का पौधा बीज से नहीं, बल्कि बेल की कटिंग से उगाया जाता है। 6-8 इंच लंबी स्वस्थ और मोटी कटिंग लें, जिसमें कम से कम 2-3 नोड्स हों। निचले हिस्से को 12 घंटे के लिए पानी में डुबो कर रख दें।
अगर गमले में उगा रहे हैं तो 12-14 इंच का गहरा पॉट लें। रोपाई करते समय कटिंग को नोड तक मिट्टी में दबाएं और हल्का पानी दें।
मानसून में बेल को ज्यादा पानी देने से बचें, क्योंकि बारिश और कम धूप के कारण मिट्टी खुद ही गिली रहती है। मिट्टी में हल्की नमी बनी रहे, बस इतना ही पानी दें। जलभराव से जड़ें सड़ सकती हैं और बेल सूख सकता है।
बेल चढ़ने के लिए सहारा चाहिए होता है। आप लकड़ी की छड़ी, ग्रिल, या दीवार के सहारे बेल को चढ़ा सकते हैं। दीवार के सहारे बेल सबसे तेजी से बढ़ता है और पत्ते भी लंबे-चौड़े होते हैं। बेल को दीवार से नमी और पोषण दोनों मिलता है जिससे बेल बढ़ते हैं।
पत्तियों के ज्यादा बढ़ने पर समय-समय पर हल्की छंटाई करें। मुरझाई या पीली पत्तियों को हटा दें ताकि बेल स्वस्थ बना रहे और दूसरे पत्तों को बढ़ने का मौका मिल सके।
हर 15 दिन में एक बार गोबर खाद या वर्मी कंपोस्ट दें। इससे बेल तेजी से बढ़ेगी और पत्तियां भी बड़ी व हरी रहेंगी।
बरसात में बेल में कीड़े लग सकते हैं इसलिए नीम का तेल या होममेड कीटनाशक (नीम पानी + साबुन घोल) का छिड़काव करें।
सही देखभाल से 30-40 दिन में आपकी पान बेल में बड़ी-बड़ी, चमकदार पत्तियां आने लगेंगी जिन्हें आप पूजा, पान बनाने या आयुर्वेदिक उपयोग में ले सकते हैं। यह बेल आपके घर की हरियाली और पॉजिटिव एनर्जी दोनों को बढ़ा देगी।
Lifestyle articles & tips in Hindi (लाइफ स्टाइल न्यूज़): Read latest lifestyle articles, Relationship tips, Health & beauty tips, Travel news in Hindi online at Asianet News Hindi.